कितनी सीट पर मान जाएगी कांग्रेस? बैठक से पहले इमरान मसूद ने खोले राज, बोलें- न 100, न 181...

यूपी चुनाव 2027 से पहले सपा और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर बातचीत शुरू होने वाली है।

Update:2026-11-22 22:55 IST

UP Election 2027: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे पर बातचीत शुरू होने वाली है। लेकिन पहली अहम बैठक से ठीक पहले ही कांग्रेस ने अपना रुख साफ कर दिया है। यूपी कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद ने कहा है कि उनकी पार्टी 2024 के लोकसभा चुनाव में कामयाब रहे फॉर्मूले के आधार पर ही सपा के साथ सीटों का बंटवारा चाहती है। उन्होंने सीटों की संख्या को लेकर चल रही अटकलों को खारिज करते हुए कहा कि कांग्रेस ने न तो 100 से ज्यादा सीटों की मांग की है, न 100 से कम सीटों की और न ही 181 सीटों का कोई दावा किया है।

सीटों को लेकर विवाद नहीं चाहती कांग्रेस

इमरान मसूद ने साफ कहा कि कांग्रेस समाजवादी पार्टी के साथ किसी तरह के झगड़े या विवाद के मूड में नहीं है। पार्टी सिर्फ बातचीत के जरिए समाधान निकालना चाहती है। उन्हें भरोसा है कि दोनों दलों के बीच चर्चा से रास्ता निकल आएगा और गठबंधन में कोई विवाद नहीं होगा। मसूद के मुताबिक, अगर उत्तर प्रदेश में सरकार बनानी है तो गठबंधन के सभी सहयोगियों को उचित जगह देनी होगी। कांग्रेस को भी सम्मानजनक हिस्सेदारी मिलनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि बातचीत के दौरान समाजवादी पार्टी की मौजूदा विधायकों वाली सीटों पर भी चर्चा होगी।

2024 के चुनावी प्रदर्शन को बनाया आधार

सीट बंटवारे का फॉर्मूला समझाते हुए इमरान मसूद ने 2022 के विधानसभा चुनाव का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि अगर किसी पार्टी के पास अकेले जीत की गारंटी होती, तो उसका फॉर्मूला 2022 में ही काम कर जाता, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। उनके मुताबिक, उत्तर प्रदेश में वही फॉर्मूला कामयाब हुआ, जो 2024 के लोकसभा चुनाव में अपनाया गया था।

मसूद ने अपने दावे के समर्थन में आंकड़े भी रखे। उन्होंने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में गठबंधन 40 सीटों पर पहले नंबर पर रहा और 35 सीटों पर दूसरे स्थान पर रहा। इसके अलावा कांग्रेस की कुछ पारंपरिक सीटें भी हैं। उनका कहना है कि सीटों का बंटवारा इन्हीं चुनावी आंकड़ों और प्रदर्शन को ध्यान में रखकर होना चाहिए।

राहुल गांधी को बताया जीत की असली गारंटी

कांग्रेस नेतृत्व की भूमिका पर बात करते हुए इमरान मसूद ने राहुल गांधी को जीत की असली गारंटी बताया। उन्होंने 2019 के लोकसभा चुनाव की याद दिलाते हुए कहा कि उस समय समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी ने मिलकर चुनाव लड़ा था और उसका नतीजा सबके सामने है। वहीं, 2024 में कांग्रेस के साथ आने के बाद गठबंधन को जो परिणाम मिले, उन्हें भी सभी जानते हैं।

पहली बैठक में सीटों पर होगी अहम चर्चा

सपा और कांग्रेस के बीच होने वाली पहली महत्वपूर्ण बैठक से पहले इमरान मसूद के इस बयान को सीट बंटवारे पर कांग्रेस की शुरुआती रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है। कांग्रेस 2024 के लोकसभा चुनाव के प्रदर्शन को आधार बनाकर अपनी हिस्सेदारी तय करने की बात कर रही है। अब दोनों दलों की बातचीत में यह देखना अहम होगा कि सीटों के बंटवारे पर सहमति किस फॉर्मूले से बनती है।

Tags:    

Similar News