Varanasi Dalmandi: दालमंडी में फिर शुरू हुआ ध्वस्तीकरण, इलाका छावनी में तब्दील

Varanasi Dalmandi: करीब 20 दिनों के अंतराल के बाद एक बार फिर इलाके में अतिक्रमण और जर्जर भवनों के खिलाफ कार्रवाई शुरू होने जा रही है, जिससे क्षेत्र में हलचल तेज हो गई है।

Update:2026-05-09 13:37 IST

Varanasi Dalmandi

Varanasi Dalmandi: दालमंडी में प्रस्तावित ध्वस्तीकरण कार्रवाई को लेकर शुक्रवार को प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क नजर आए। करीब 20 दिनों के अंतराल के बाद एक बार फिर इलाके में अतिक्रमण और जर्जर भवनों के खिलाफ कार्रवाई शुरू होने जा रही है, जिससे क्षेत्र में हलचल तेज हो गई है। प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और पुलिस बल को हर स्थिति से निपटने के निर्देश दिए।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कार्रवाई के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। किसी भी प्रकार की लापरवाही या अव्यवस्था को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसी को देखते हुए दालमंडी और आसपास के संवेदनशील इलाकों में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो सके।

प्रशासन की ओर से लगातार लाउड हेलर और मुनादी के जरिए लोगों को चेतावनी दी जा रही है कि वे समय रहते अपने घर और दुकानें खाली कर दें तथा जरूरी सामान सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दें। अधिकारियों ने स्थानीय नागरिकों से सहयोग की अपील भी की है। कार्रवाई की सूचना मिलते ही कई परिवारों ने अपने घरों और दुकानों से सामान हटाना शुरू कर दिया है। इलाके में बढ़ती प्रशासनिक गतिविधियों के कारण लोगों की भीड़ भी जुटने लगी, जिस पर पुलिस लगातार नजर बनाए हुए है। पुलिसकर्मी लोगों को अनावश्यक रूप से मौके पर एकत्र न होने की सलाह दे रहे हैं।

बताया जा रहा है कि इससे पहले भी दशाश्वमेध और दालमंडी क्षेत्र में कई जर्जर और चिन्हित भवनों को हटाने की कार्रवाई की जा चुकी है। प्रशासन का कहना है कि यह अभियान जन सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और क्षेत्र के विकास को ध्यान में रखते हुए चलाया जा रहा है। अधिकारियों की मौजूदगी में जल्द ही ध्वस्तीकरण अभियान शुरू होने की संभावना जताई जा रही है।

Tags:    

Similar News