Uttarakhand News: अल्मोड़ा दौरे पर सीएम धामी, सड़क-स्वास्थ्य-शिक्षा समेत कई परियोजनाओं को दी मंजूरी
Uttarakhand News: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अल्मोड़ा को ₹138 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात दी। 17 परियोजनाओं का लोकार्पण और 9 का शिलान्यास कर सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और पेयजल सुविधाओं को मजबूती देने का दावा किया।
Uttarakhand News (Image Credit-Newstrack)
Uttarakhand News: अल्मोड़ा जिले को विकास की नई रफ्तार देते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को करीब 138 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं की सौगात दी। अल्मोड़ा पहुंचे मुख्यमंत्री ने 17 योजनाओं का लोकार्पण और 9 योजनाओं का शिलान्यास कर जनपद में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल और आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया।
अल्मोड़ा स्थित सोबन सिंह जीना विवि के नवीन प्रशासनिक भवन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को बेहतर सड़क संपर्क, स्वास्थ्य सेवाएं, शिक्षा और पेयजल सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि अल्मोड़ा सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और पर्यटन की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण जनपद है। यहां की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विकास योजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को नई गति प्राप्त होगी।
17 योजनाओं का लोकार्पण, शिक्षा और सड़क परियोजनाओं पर जोर
मुख्यमंत्री ने करीब 112 करोड़ रुपये की लागत वाली 17 विकास योजनाओं का लोकार्पण किया। इनमें पेयजल योजनाएं, मोटर मार्गों का सुधारीकरण, पार्किंग निर्माण, बाढ़ सुरक्षा कार्य और स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़ी परियोजनाएं शामिल हैं। सबसे प्रमुख परियोजनाओं में सोबन सिंह जीना विवि के प्रशासनिक भवन और कुलपति आवास निर्माण कार्य शामिल रहा, जिस पर 25 करोड़ रुपये से अधिक की लागत आई है। इसके अलावा कई मोटर मार्गों के सुधारीकरण और ग्रामीण पेयजल योजनाओं का उद्घाटन भी किया गया।
9 नई परियोजनाओं का शिलान्यास
मुख्यमंत्री ने लगभग 26 करोड़ रुपये की 9 नई परियोजनाओं का शिलान्यास भी किया। इनमें सड़क डामरीकरण, मंदिर सौंदर्यीकरण, विद्यालयों में कक्षा-कक्ष निर्माण और सिंचाई से जुड़ी योजनाएं शामिल हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी परियोजनाओं को तय समयसीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए, ताकि जनता को जल्द लाभ मिल सके।
कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, विभिन्न जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने अल्मोड़ा की जनता को विकास कार्यों के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्य सरकार जनसेवा और प्रदेश के समग्र विकास के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।