ईरान के बाद अब पाकिस्तान पर ‘बड़ा हमला’! तालिबान एयरस्ट्राइक में नूर खान एयरबेस समेत कई ठिकाने तबाह

Afghanistan Pakistan Conflict: अफगानिस्तान में सत्ता संभाल रहे तालिबान के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया है कि उसने पाकिस्तान के कई अहम सैन्य ठिकानों पर जवाबी हवाई हमले किए हैं।

Update:2026-03-02 09:03 IST

Afghanistan Pakistan Conflict

Afghanistan Pakistan Conflict: अफगानिस्तान में सत्ता संभाल रहे तालिबान के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया है कि उसने पाकिस्तान के कई अहम सैन्य ठिकानों पर जवाबी हवाई हमले किए हैं। मंत्रालय के अनुसार, यह कार्रवाई पाकिस्तान द्वारा अफगान क्षेत्र में किए गए हालिया हवाई हमलों के प्रतिकार में की गई। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है और पाकिस्तान की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

तालिबान के रक्षा मंत्रालय ने बयान जारी कर कहा कि उनकी वायुसेना ने नूर खान एयरबेस, क्वेटा में स्थित 12वीं कोर मुख्यालय, खैबर पख्तूनख्वा के मोहम्मद एजेंसी क्षेत्र और घलानी सैन्य अड्डों को निशाना बनाया। बयान में कहा गया कि ये हमले “सटीक और समन्वित” थे और लक्षित ठिकानों को भारी नुकसान पहुंचा। मंत्रालय के मुताबिक, यह जवाबी कार्रवाई उस घटना के बाद की गई, जिसमें पाकिस्तानी सेना ने काबुल, बगराम एयरबेस और अन्य कुछ स्थानों पर बीती रात और रविवार को हवाई हमले किए थे। तालिबान का आरोप है कि इन हमलों में उसके ठिकानों और बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा।

तालिबान ने अपने बयान में पाकिस्तान को चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि भविष्य में उसके हवाई क्षेत्र का उल्लंघन किया गया या किसी भी प्रकार की आक्रामक सैन्य कार्रवाई दोहराई गई, तो उसका “कड़ा और प्रभावी” जवाब दिया जाएगा। मंत्रालय ने यह भी कहा कि अफगान हवाई क्षेत्र की रक्षा के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

मीडिया रिपोर्टों के अनुसार काबुल में जोरदार धमाकों की आवाजें सुनी गईं। तालिबान सरकार का दावा है कि उसकी सुरक्षा बलों ने अफगान हवाई क्षेत्र में दाखिल हुए पाकिस्तानी विमानों पर फायरिंग की। बताया जा रहा है कि दोनों देशों के बीच बढ़ता टकराव अब लगातार चौथे दिन में प्रवेश कर चुका है, जिससे क्षेत्रीय अस्थिरता की आशंका गहरा गई है। तालिबान के अनुसार, रविवार सुबह पाकिस्तानी लड़ाकू विमान अफगान हवाई क्षेत्र में दाखिल हुए, जिसके बाद एंटी-एयरक्राफ्ट सिस्टम और मिसाइल डिफेंस तंत्र सक्रिय कर दिए गए।

तालिबान ने यह भी दावा किया कि पाकिस्तानी विमानों ने बगराम एयरबेस को निशाना बनाने की कोशिश की, लेकिन हमले को विफल कर दिया गया। बगराम एयरबेस वही पूर्व अमेरिकी सैन्य अड्डा है, जो अमेरिका की वापसी के बाद से सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण बना हुआ है।फिलहाल, दोनों देशों के बीच बढ़ते सैन्य तनाव ने क्षेत्र में चिंता बढ़ा दी है। 

Tags:    

Similar News