Donald Trump on Benjamin Netanyahu: नेतन्याहू पर भड़के ट्रंप, फोन पर कहा: 'तुम पूरे पागल हो चुके हो'
Donald Trump on Benjamin Netanyahu: ट्रंप ने लेबनान में जारी सैन्य अभियानों को लेकर नेतन्याहू को कड़ी चेतावनी दी और कहा कि लगातार हमलों से इजरायल अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अलग-थलग पड़ सकता है।
Donald Trump on Benjamin Netanyahu
Donald Trump on Benjamin Netanyahu: पश्चिम एशिया में एक बार फिर हालात बेहद तनावपूर्ण हो गए हैं। ईरान, इजरायल और अमेरिका के बीच जारी तनाव के बीच अब लेबनान भी संघर्ष का नया केंद्र बनता नजर आ रहा है। हाल ही में ईरान पर हुए अमेरिकी और इजरायली हमलों के बाद क्षेत्र में शांति की उम्मीदें बन रही थीं, लेकिन इजरायल की ताजा सैन्य कार्रवाई ने स्थिति को फिर से विस्फोटक बना दिया है। रिपोर्ट्स के अनुसार, इजरायली सेना ने लेबनान में प्रवेश कर ऐतिहासिक ब्यूफोर्ट किले पर कब्जा कर लिया है। यह कदम ऐसे समय उठाया गया है जब दोनों पक्षों के बीच संघर्ष विराम (सीजफायर) लागू होने की बात कही जा रही थी। इजरायल की इस कार्रवाई की कई देशों और अंतरराष्ट्रीय संगठनों ने आलोचना की है। माना जा रहा है कि इस घटनाक्रम से पूरे क्षेत्र में अस्थिरता और बढ़ सकती है।
इजरायल की कार्रवाई के बाद ईरान ने भी अपनाया कड़ा रुख
इजरायल की कार्रवाई के बाद ईरान ने भी कड़ा रुख अपनाया है। तेहरान ने संकेत दिए हैं कि वह दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री व्यापार मार्गों में से एक स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को फिर से बंद करने पर विचार कर सकता है। यदि ऐसा होता है तो वैश्विक तेल और गैस आपूर्ति पर गंभीर असर पड़ सकता है और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में ऊर्जा संकट गहरा सकता है। इस बीच अमेरिका और ईरान के बीच संभावित संघर्ष विराम और तनाव कम करने को लेकर चल रही कूटनीतिक कोशिशों पर भी संकट के बादल मंडराने लगे हैं। माना जा रहा है कि लेबनान में बढ़ते सैन्य तनाव के कारण दोनों देशों के बीच वार्ता प्रभावित हो सकती है।
ट्रंप इजरायल की कार्रवाई से बेहद नाराज
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी इजरायल की हालिया कार्रवाई से बेहद नाराज बताए जा रहे हैं। अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप और इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के बीच हुई फोन वार्ता काफी तनावपूर्ण रही। सूत्रों का दावा है कि ट्रंप ने लेबनान में जारी सैन्य अभियानों को लेकर नेतन्याहू को कड़ी चेतावनी दी और कहा कि लगातार हमलों से इजरायल अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अलग-थलग पड़ सकता है। यहीं नहीं ट्रंप ने नाराजगी भरे लहजे में कहा कि तुम पागल हो चुके हो। मैं अगर नहीं होता तो जेल में होते। मैंने तुम्हारी जान बचाई है। लेकिन इन हरकतों के चलते तुमसे हर कोई नफरत कर रहा है।
विश्लेषकों का मानना है कि यदि लेबनान में संघर्ष और बढ़ता है तो इसका असर केवल पश्चिम एशिया तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि वैश्विक राजनीति, तेल बाजार और अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा पर भी पड़ सकता है। कई पश्चिमी देशों ने भी इजरायल से संयम बरतने और तनाव कम करने की अपील की है। वहीं ईरानी संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बाकर कालिबाफ ने अमेरिका और इजरायल को चेतावनी दी है। उन्होंने कहा है कि ईरान पर दबाव बनाने और क्षेत्र में सैन्य कार्रवाई बढ़ाने के गंभीर परिणाम हो सकते हैं। ऐसे में पश्चिम एशिया में शांति की संभावनाएं फिलहाल कमजोर पड़ती दिखाई दे रही हैं और पूरी दुनिया की नजरें अब इस क्षेत्र के अगले घटनाक्रम पर टिकी हुई हैं।