F-15 पायलट की मां की गुहार पर ईरान का खौफनाक जवाब, कहाः बेटे को ट्रंप से ज्यादा खतरा, दुनिया दंग
Missing US Pilot Iran: पाकिस्तान और दक्षिण अफ्रीका में स्थित ईरानी दूतावासों ने एक अमेरिकी महिला के सोशल मीडिया पोस्ट पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। महिला ने दावा किया था कि ईरान द्वारा मार गिराए गए F-15E फाइटर जेट में सवार दो पायलटों में से एक उसका बेटा था।
F15E Fighter Jet
Missing US Pilot Iran: पाकिस्तान और दक्षिण अफ्रीका में स्थित ईरानी दूतावासों ने एक अमेरिकी महिला के सोशल मीडिया पोस्ट पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। महिला ने दावा किया था कि ईरान द्वारा मार गिराए गए F-15E फाइटर जेट में सवार दो पायलटों में से एक उसका बेटा था। उसने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर भावुक अपील करते हुए कहा था कि उसे अब तक अपने बेटे या उसकी यूनिट से कोई जानकारी नहीं मिली है और वह उसकी सलामती के लिए लोगों से दुआ करने की अपील कर रही है।
महिला के इस पोस्ट के बाद ईरानी दूतावासों ने जवाब देते हुए कहा कि उसके बेटे को ईरान की हिरासत से ज्यादा खतरा अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के शासन में है। पाकिस्तान में ईरानी दूतावास ने अपने आधिकारिक बयान में लिखा, “यकीन मानिए, आपके बेटे ईरान की हिरासत की तुलना में डोनाल्ड जे ट्रंप के साथ ज्यादा खतरे में हैं। दुआ कीजिए कि वे अमेरिकी बचाव टीमों के हाथ लगने के बजाय ईरान की कैद में ही रहें।” इस बयान ने सोशल मीडिया पर बहस छेड़ दी है।
दूतावास ने आगे कहा कि एक मुस्लिम और सभ्य देश होने के नाते ईरान को यह भली-भांति पता है कि हिरासत में लिए गए लोगों के साथ सम्मान और गरिमा के साथ कैसा व्यवहार किया जाता है। इसी तरह दक्षिण अफ्रीका में स्थित ईरानी दूतावास ने भी महिला को जवाब देते हुए कहा कि ईरान में युद्धबंदियों के अधिकार बहुत पहले से तय हैं, यहां तक कि आधुनिक अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानून बनने से भी पहले।
यह पूरा मामला उस समय सामने आया जब ईरान ने एक F-15E फाइटर जेट को मार गिराने का दावा किया। इस जेट में दो पायलट सवार थे। महिला ने अपने पोस्ट में लिखा, “कृपया आज रात अपनी प्रार्थनाओं में उन दो F-15 पायलटों को याद रखें, जिन्हें मार गिराया गया है। मेरा एक बेटा फाइटर पायलट है और मुझे उससे या उसकी यूनिट से कोई संपर्क नहीं हुआ है। मेरा दिल चिंता से भरा हुआ है। कृपया सभी पायलटों और उनके परिवारों के लिए दुआ करें।”
रिपोर्ट्स के मुताबिक, उसी दिन ईरानी बलों ने दो अलग-अलग घटनाओं में अमेरिकी सैन्य विमानों को निशाना बनाया। इनमें से एक F-15E फाइटर जेट था, जिसे सेंट्रल ईरान के ऊपर मार गिराया गया। इस विमान में सवार दो पायलटों में से एक को अमेरिकी सेना ने रेस्क्यू ऑपरेशन के जरिए सुरक्षित निकाल लिया, जबकि दूसरे पायलट का अब तक कोई पता नहीं चल पाया है। उसकी तलाश जारी है। इसके अलावा, एक अमेरिकी A-10 थंडरबोल्ट जेट को होर्मुज स्ट्रेट के पास मार गिराया गया था। हालांकि, इस विमान के पायलट को सुरक्षित बचा लिया गया। इस घटनाक्रम के बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तनाव बढ़ गया है और सोशल मीडिया पर भी इस मुद्दे को लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।