Emmanuel Macron: ईरान मुद्दे पर अमेरिका और फ्रांस एकजुट, मैक्रों ने ट्रंप का किया समर्थन

Emmanuel Macron: फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ईरान के साथ समझौते के प्रयासों की सराहना की। दोनों नेताओं ने मध्य पूर्व की सुरक्षा पर चर्चा की।

Update:2026-06-01 17:24 IST

Emmanuel Macron

Emmanuel Macron: फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने मध्य पूर्व की स्थिति और क्षेत्रीय शांति प्रयासों को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से बात की। राष्ट्रपति मैक्रों ने ईरान-अमेरिका समझौते, क्षेत्रीय सुरक्षा ढांचे और लेबनान की स्थिति पर चर्चा करते हुए सहयोग और समर्थन की बात कही।

फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने सोशल मीडिया प्‍लेटफॉर्म 'एक्‍स' पर पोस्ट कर कहा, ''मैंने राष्ट्रपति ट्रंप से मध्य पूर्व की स्थिति पर बात की। मैंने उनकी उन दृढ़ कोशिशों की सराहना की, जो वे अमेरिका और ईरान के बीच जल्द से जल्द एक समझौता कराने के लिए कर रहे हैं। मेरा मानना है कि यह एक अनोखा मौका है, जिसके जरिए सभी संबंधित पक्षों को शामिल करते हुए एक नया सुरक्षा ढांचा बनाया जा सकता है, ताकि क्षेत्र में लंबे समय तक स्थिरता और शांति बनी रहे।''

फ्रांस ने सहयोग और समर्थन का दिया भरोसा

उन्‍होंने आगे कहा, ''मैंने उन्हें बताया कि हम इन प्रयासों का पूरा समर्थन करने और उन्हें लागू करने में अपनी पूरी भूमिका निभाने के लिए तैयार हैं। इसी उद्देश्य से हमने ब्रिटेन और अपने अन्य साझेदारों के साथ मिलकर एक अंतरराष्ट्रीय मिशन तैयार किया है, जिसे समझौता होते ही तैनात किया जा सकता है। इसका मकसद होर्मुज स्‍ट्रेट में समुद्री यातायात की सुरक्षा सुनिश्चित करना होगा। इसके अलावा, हम व्यापक बातचीत में भी अपना अनुभव और क्षमताएं देने के लिए तैयार हैं, खासकर उस समझौते के परमाणु पहलू से जुड़ी चर्चाओं में।

लेबनान की संप्रभुता और युद्धविराम पर हुई चर्चा

राष्ट्रपति ट्रंप की ओर से लेबनान की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता के प्रति दिखाई गई प्रतिबद्धता की सराहना की। साथ ही एक मजबूत युद्धविराम की आवश्यकता और लेबनानी अधिकारियों को हमारे सामूहिक समर्थन के महत्व पर भी जोर दिया।

फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने अमेरिका और ईरान के बीच जल्दी समझौता होने की अपील की है। इससे पहले मैक्रों ने सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान, ओमान के सुल्तान हैथम बिन तारिक, संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान और मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल-फतह अल-सीसी से भी बातचीत की है।

मैक्रों ने सोशल मीडिया पर बताया कि बातचीत के दौरान इन सभी नेताओं को एक ही संदेश दिया गया है, जिसमें इस बात पर जोर दिया गया है कि अमेरिका और ईरान के लिए जल्द से जल्द किसी समझौते पर पहुंचना बेहद जरूरी है। उन्होंने बिना किसी शर्त के और अंतरराष्ट्रीय कानून के अनुसार होर्मुज स्‍ट्रेट को फिर से खोलने का आग्रह किया है।

Tags:    

Similar News