इजरायल का सीधा प्रहार! ईरान के जंजन शहर में मस्जिद को बनाया निशाना, खून से सनी इबादतगाह, 3 की मौत

Iran Shia Mosque Attack: उत्तर-पश्चिमी ईरान के ज़ंजन शहर में एक हवाई हमले में मशहूर शिया मस्जिद को निशाना बनाया गया, जिसमें कम से कम तीन लोगों की मौत हुई और कई लोग घायल हुए।

Update:2026-04-01 12:38 IST

Iran Shia Mosque Attack

Iran Shia Mosque Attack: ईरान, अमेरिका और इजरायल के बीच जारी भीषण संघर्ष अब खतरनाक मोड़ पर पहुंच गया है, जहां इसका असर सीधे आम नागरिकों और धार्मिक स्थलों पर भी दिखाई देने लगा है। उत्तर-पश्चिमी ईरान के ज़ंजन शहर में हुए एक हवाई हमले में एक प्रमुख शिया धार्मिक स्थल को निशाना बनाया गया। इस हमले में कम से कम तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ईरानी सरकारी टेलीविजन ने बताया कि ‘ग्रैंड हुसैनीया’ नामक इमारत इस हमले में क्षतिग्रस्त हो गई। यह स्थान शिया समुदाय के लोगों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है, जहां वे शोक सभाओं और धार्मिक आयोजनों के लिए इकट्ठा होते हैं। यह इमारत ज़ंजन शहर की फ़िरदौसी स्ट्रीट पर स्थित है। हमले के बाद इस भवन के गुंबद और मीनारों को भी नुकसान पहुंचा है, जिससे धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंची है। ज़ंजन, तेहरान से लगभग 300 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में स्थित एक महत्वपूर्ण औद्योगिक प्रांतीय राजधानी है। इस हमले के बाद पूरे इलाके में भय और तनाव का माहौल बन गया है। स्थानीय प्रशासन ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया है तथा घायलों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

मिडिल ईस्ट में चल रहा यह संघर्ष लगातार गहराता जा रहा है। हाल के दिनों में ईरान और इजरायल के बीच टकराव काफी बढ़ गया है। इजरायल का दावा है कि वह केवल ईरान के सैन्य ठिकानों और हथियार निर्माण से जुड़े केंद्रों को निशाना बना रहा है, लेकिन इस तरह के हमलों से आम नागरिक भी प्रभावित हो रहे हैं। दूसरी ओर, ईरान भी जवाबी कार्रवाई में पीछे नहीं है। वह मिसाइल और ड्रोन हमलों के जरिए लगातार दबाव बनाने की कोशिश कर रहा है। दोनों देशों के बीच यह टकराव अब सीधे और खुली जंग का रूप ले चुका है, जिससे पूरे क्षेत्र में अस्थिरता बढ़ गई है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि इसी तरह धार्मिक और रिहायशी इलाकों को निशाना बनाया जाता रहा, तो हालात और गंभीर हो सकते हैं और यह संघर्ष व्यापक मानवीय संकट का रूप ले सकता है।

Tags:    

Similar News