शैतान को देखा, आवाजें सुनी... दिवंगत पोप फ्रांसिस की डायरी का रहस्यमयी अध्याय, जब भगवान मांगी थी मौत, पढ़ें हॉरर स्टोरी
पोप फ्रांसिस की मौत के बाद उनकी निजी डायरी से कई चौंकाने वाले खुलासे सामने आए हैं, जिसमें उन्होंने शैतान को देखने और उसकी आवाज सुनने का जिक्र किया है।
Pope Francis Secret Diary: दुनिया उन्हें शांति, प्रेम, दया और माफी का संदेश देने वाले धर्मगुरु के रूप में जानती थी। लाखों लोग उनकी बातों को सुनते थे, उनके फैसलों पर भरोसा करते थे और उन्हें इंसानियत की आवाज मानते थे। लेकिन इस चमकदार सार्वजनिक छवि के पीछे एक ऐसी दुनिया भी थी, जिसके बारे में शायद ही किसी को अंदाजा था। एक ऐसी दुनिया, जहां डर था, बेचैनी थी और कुछ ऐसे अनुभव थे, जिन्हें पोप फ्रांसिस ने अपनी निजी डायरी के पन्नों में कैद कर दिया था।
21 अप्रैल 2025 को 88 साल की उम्र में पोप फ्रांसिस इस दुनिया से चले गए। उनके निधन के बाद उनकी एक निजी डायरी से जुड़े खुलासों ने लोगों का ध्यान खींचा है। इस डायरी में उन्होंने अपने आध्यात्मिक संघर्ष, डर और उन रहस्यमयी अनुभवों का जिक्र किया है, जिन्हें उन्होंने शैतान के हमले और नर्क के दर्शन से जोड़कर देखा था। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि डायरी में दर्ज एक घटना के मुताबिक, उन्हें एक बार ऐसी आवाज सुनाई दी, जिसने उनसे कहा- 'अब मुझे वो सब मिल गया जो मैं चाहता था।'
बंद डायरी के पन्नों में छिपे थे कई साल पुराने राज
पोप फ्रांसिस की इस निजी डायरी का नाम 'द प्राइवेट डायरी ऑफ पोप फ्रांसिस' है। 160 पन्नों की इस किताब को उनके करीबी सहयोगी कार्डिनल विक्टर मैनुअल फर्नांडीज ने तैयार किया है। फर्नांडीज भी अर्जेंटीना से हैं और पोप के बेहद भरोसेमंद लोगों में शामिल रहे हैं।
यह डायरी एक-दो साल की कहानी नहीं है। इसके पन्नों में 1992 से लेकर 2024 तक के अनुभव दर्ज हैं। उस समय फ्रांसिस अर्जेंटीना में बिशप थे और बाद में जब वह कैथोलिक चर्च के सर्वोच्च पद पर पहुंचे, तब भी उन्होंने लिखना जारी रखा।
किताब में अर्जेंटीना के दिनों की 86 पन्नों की प्रविष्टियां हैं, जबकि पोप बनने के बाद के अनुभव 55 पन्नों में दर्ज हैं। इन पन्नों में सिर्फ धार्मिक विचार नहीं, बल्कि एक ऐसे इंसान की कहानी भी है, जो दुनिया के सबसे बड़े धार्मिक पदों में से एक पर बैठा होने के बावजूद अपने भीतर कई सवालों से जूझ रहा था।
'आंखों में आग थी...' पोप ने डायरी में शैतान को देखने का किया जिक्र
डायरी के सबसे रहस्यमयी हिस्से में पोप फ्रांसिस ने शैतान से जुड़े तीन अनुभवों का जिक्र किया है। उनके मुताबिक, ऐसे दो अनुभव उस समय हुए, जब वह ब्यूनस आयर्स के आर्चबिशप थे। तीसरा अनुभव पोप बनने के बाद हुआ।
उन्होंने अपनी डायरी में जिस आकृति का वर्णन किया, उसकी आंखें आग जैसी थीं। उनके मुताबिक, उन आंखों में एक तरफ डराने वाली झलक थी, तो दूसरी तरफ कुछ ऐसा आकर्षण भी था, जिसे उन्होंने खतरनाक बताया।
इन अनुभवों को उन्होंने सामान्य डर या बेचैनी की तरह नहीं लिखा। वह इन्हें बुरी ताकतों के हमले के रूप में देखते थे। डायरी के मुताबिक, इन घटनाओं का असर उनके मन पर काफी गहरा पड़ा और वह लंबे समय तक एक तरह के आध्यात्मिक अंधेरे से गुजरते रहे।
24 जनवरी 2021 की वो घटना, जब सुनाई दी रहस्यमयी आवाज
डायरी में दर्ज एक तारीख खास तौर पर ध्यान खींचती है- 24 जनवरी 2021।
इस दिन पोप फ्रांसिस रोम में एक बैठक के दौरान हुए अपने अनुभव का जिक्र करते हैं। उनके मुताबिक, इसी दौरान उन्हें शैतान दिखाई दिया और उसकी आवाज सुनाई दी।
डायरी में दर्ज उनके शब्दों के मुताबिक, उस आवाज ने कहा- 'अब मुझे वो सब मिल गया जो मैं चाहता था।'
यह पढ़कर सवाल उठता है कि आखिर पोप फ्रांसिस उस वक्त किस तरह की मानसिक और आध्यात्मिक स्थिति से गुजर रहे थे? वह किस बात को लेकर इतने परेशान थे? और आखिर उन्हें ऐसा क्यों महसूस हो रहा था कि कोई बुरी ताकत उनके आसपास मौजूद है?
डायरी इन सवालों के सभी जवाब नहीं देती, लेकिन इतना जरूर दिखाती है कि इन अनुभवों ने उन्हें भीतर तक झकझोर दिया था।
डर इतना बढ़ा कि भगवान से मांग ली मौत!
डायरी का एक और हिस्सा पोप फ्रांसिस के भीतर चल रही उथल-पुथल को सामने लाता है। उन्होंने लिखा कि बुरी ताकतों के हमलों से जुड़ा उनका संघर्ष काफी लंबे समय तक चला। इस दौरान वह भावनात्मक रूप से बेहद परेशान हो गए थे।
एक जगह वह भगवान से ऐसी प्रार्थना करते दिखाई देते हैं, जो किसी को भी हैरान कर सकती है। उन्होंने अपनी जिंदगी खत्म कर देने की गुहार लगाई, ताकि उनके हाथों किसी और को नुकसान न पहुंचे।
उनके शब्दों का भाव था कि अगर उनके फैसलों या कामों से दूसरों को नुकसान हो रहा है, तो बेहतर होगा कि भगवान उन्हें अपने पास बुला लें।
यहां कहानी एक अलग मोड़ लेती है। दुनिया को माफी और उम्मीद का रास्ता दिखाने वाला व्यक्ति खुद अपने फैसलों और अपनी भूमिका को लेकर संदेह में था। पोप होने की जिम्मेदारी, सत्ता का दबाव और अपने भीतर चल रहे संघर्षों ने उन्हें कितना प्रभावित किया, इसका अंदाजा डायरी की इन बातों से लगाया जा सकता है।
2024 की आखिरी एंट्री में फिर मांगी वर्जिन मैरी से मदद
डायरी की आखिरी पन्ने साल 2024 की है। इस समय तक पोप फ्रांसिस अपने अनुभवों से थक चुके थे। उन्होंने वर्जिन मैरी से सुरक्षा और मदद की प्रार्थना की।
डायरी में उन्होंने लिखा कि उन्होंने 'वर्जिन से मेरी रक्षा करने और मेरी मदद करने की प्रार्थना की।'
यह उनकी निजी डायरी की आखिरी एंट्री थी। इसके बाद 21 अप्रैल 2025 को 88 साल की उम्र में उनका निधन हो गया।
उनकी मौत के बाद सामने आई इस डायरी ने उनके जीवन का एक ऐसा पहलू दिखाया, जो दुनिया के सामने शायद ही कभी आया था। लेकिन इन अनुभवों को लेकर कई सवाल अब भी बने हुए हैं। डायरी में दर्ज बातें पोप के निजी आध्यात्मिक अनुभवों और उनकी अपनी व्याख्या को सामने रखती हैं।
शैतान के अनुभवों के बीच सत्ता और जिम्मेदारी से भी जूझ रहे थे पोप
डायरी में सिर्फ रहस्यमयी अनुभवों का जिक्र नहीं है। इसमें पोप फ्रांसिस ने कैथोलिक चर्च की जिम्मेदारी और अपने पद की ताकत को लेकर भी कई सवाल लिखे हैं।
2021 और 2022 के दौरान वह सत्ता के इस्तेमाल से जुड़ी आध्यात्मिक उलझनों से गुजर रहे थे। उन्हें कई बार लगा कि क्या वह इस जिम्मेदारी को सही तरीके से निभा पा रहे हैं? क्या उनके फैसलों से किसी को नुकसान पहुंच रहा है? क्या वह इस पद के योग्य हैं?
दुनिया के करोड़ों कैथोलिक लोगों का नेतृत्व करने वाले पोप के मन में इस तरह के सवाल उठना उनकी निजी जिंदगी का एक अनदेखा पहलू सामने लाता है। वह अपने डर और कमजोरियों से जूझते हुए प्रार्थना में सहारा तलाश रहे थे।