Video: 60 देशों में तबाही का खतरा, सुनामी को लेकर अलर्ट जारी, क्या भारत पर भी मंडरा रहा खतरा?
Tsunami Alert: रूस में 8.8 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया, जिससे जापान, न्यूजीलैंड और अमेरिका सहित 60 से ज्यादा देशों में सुनामी का अलर्ट जारी हुआ। जानिए इससे जुड़ी ताजा अपडेट
Tsunami Alert
Tsunami Alert: रूस के कामचात्का प्रायद्वीप में बुधवार सुबह-सुबह जबरदस्त भूकंप आया, जिसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर 8.8 मापी गई। यह भूकंप इतना शक्तिशाली था लोगों में काफी डर का माहौल है। सोशल मीडिया पर कई वीडियोज सामने आए, जिसमें पूरी-पूरी इमारत और बिल्डिंग हिलती हुई नजर आ रही। यह भूकंप इतना खतरनाक और शक्तिशाली था कि इससे समुद्र में बड़ी लहरें उठीं और सुनामी का खतरा तक बढ़ गया। स्थिति इतनी खराब हो गई है कि 60 देशों में सुनामी का खतरा मंडरा रहा है।
जापान और न्यूजीलैंड सहित कई देशों में सुनामी का अलर्ट
इस भूकंप के बाद जापान, न्यूजीलैंड, अमेरिका और हवाई जैसे देशों में प्रशांत महासागर के तटीय इलाकों में सुनामी अलर्ट जारी किया गया है। समुद्र में 13 फीट तक ऊंची लहरें उठती देखी गईं, जिससे लोगों को तुरंत सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। रूस के अधिकारियों ने पुष्टि की है कि कुछ इमारतों को नुकसान पहुंचा है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।
60 देशों में सुनामी का खतरा
भूकंप का असर कई देशों तक महसूस किया गया है। जापान, चिली, न्यूजीलैंड, हवाई और इक्वाडोर जैसे देशों में सुनामी की लहरें 3 मीटर से अधिक ऊंची हो सकती हैं। वहीं, चिली, पेरू, समोआ, सोलोमन द्वीप, फ्रेंच पोलिनेशिया, गुआम, किरिबाती, मिडवे और अन्य द्वीपों में 1 से 3 मीटर तक की लहरें उठने की संभावना जताई गई है।
क्या भारत को भी है सुनामी का खतरा?
रूस में आए इस शक्तिशाली भूकंप के बाद भारत में भी लोगों के बीच चिंता बढ़ने लगी कि कहीं इसका असर हिंद महासागर या भारतीय तटों पर तो नहीं पड़ेगा। हालांकि, भारतीय सुनामी चेतावनी सलाहकार सेवा ने इन आशंकाओं को पूरी तरह खारिज कर दिया है। पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के अंतर्गत आने वाले विभागों ने स्पष्ट किया है कि भारत या हिंद महासागर क्षेत्र में सुनामी का कोई खतरा नहीं है। जिसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
भारत सरकार की वैज्ञानिक एजेंसियों ने स्थिति पर नजर बनाए रखी है और कहा है कि घबराने की कोई जरूरत नहीं है। भारत के तटीय इलाकों में सभी निगरानी सिस्टम सक्रिय हैं और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार हैं।
1952 के बाद रूस में आया सबसे बड़ा भूकंप
यह भूकंप 1952 के बाद रूस में दर्ज किया गया, जिसे सबसे शक्तिशाली भूकंप बताया जा रहा है। इसकी वजह से न केवल रूस, बल्कि आसपास के 60 से अधिक देशों पर सुनामी का खतरा मंडरा रहा है। वहीं 1952 में 4 नवंबर को 9.0 तीव्रता का भूकंप आया था, जिससे भारी नुकसान हुआ था।