मुनीर को तो जानते ही हैं...भारत के साथ T20 मैच मुद्दे के बीच पाकिस्तान की गीदड़भभकी, बढ़ेगा तनाव

India Vs Pakistan: पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) और पाकिस्तान सरकार ने भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार करने का अपना फैसला वापस ले लिया है। इस फैसले के बाद क्रिकेट और राजनीति दोनों ही हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।

Update:2026-02-10 09:27 IST

India Vs Pakistan

India Vs Pakistan: भारत और पाकिस्तान के बीच एक बार फिर क्रिकेट मैदान पर मुकाबला देखने को मिलेगा। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) और पाकिस्तान सरकार ने भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार करने का अपना फैसला वापस ले लिया है। इस फैसले के बाद क्रिकेट और राजनीति दोनों ही हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। खास बात यह रही कि इस पूरे घटनाक्रम पर बोलते हुए PCB प्रमुख मोहसिन नकवी ने पाकिस्तान के फील्ड मार्शल जनरल आसिम मुनीर का भी उल्लेख किया और साफ कहा कि पाकिस्तान किसी भी तरह की धमकी या दबाव से डरने वाला नहीं है। दरअसल, भारत द्वारा सुरक्षा कारणों से पाकिस्तान में खेलने से इनकार करने के बाद बांग्लादेश को विश्व कप से बाहर कर दिया गया था। इसके बाद पाकिस्तान ने भी भारत के खिलाफ मैच नहीं खेलने का ऐलान कर दिया था। हालांकि, बाद में अंतरराष्ट्रीय और कूटनीतिक स्तर पर बातचीत के बाद पाकिस्तान ने अपना रुख बदल लिया।

क्या बोले मोहसिन नकवी?

एक प्रेस वार्ता के दौरान PCB प्रमुख मोहसिन नकवी ने इस मुद्दे पर खुलकर बात की। उन्होंने उन अटकलों को सिरे से खारिज कर दिया कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने यह फैसला आईसीसी की संभावित कार्रवाई या प्रतिबंध के डर से लिया है। नकवी ने कहा, “आप जानते हैं कि हम धमकियों से डरने वालों में नहीं हैं। हमारे फील्ड मार्शल जनरल आसिम मुनीर को पूरा देश जानता है। हम किसी भी तरह के प्रतिबंध से नहीं डरते।” गौरतलब है कि मोहसिन नकवी मौजूदा प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की सरकार में मंत्री भी हैं, जिससे उनके बयान को राजनीतिक महत्व भी मिल गया है।

मैच खेलने का आधिकारिक ऐलान

पाकिस्तान सरकार ने एक आधिकारिक विज्ञप्ति जारी कर कहा कि बहुपक्षीय बातचीत और मित्र देशों के अनुरोधों के बाद यह निर्णय लिया गया है। बयान में कहा गया, “पाकिस्तान सरकार राष्ट्रीय क्रिकेट टीम को निर्देश देती है कि वह 15 फरवरी 2026 को आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप में भारत के खिलाफ अपना निर्धारित मैच खेले।” इससे पहले बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम ने पाकिस्तान से क्रिकेट के हित में यह मैच खेलने की अपील की थी। इसके बाद ही संकेत मिलने लगे थे कि पाकिस्तान अपने फैसले पर पुनर्विचार करेगा।

ICC से बातचीत और पाकिस्तान की मांगें

सरकारी बयान आने से पहले PCB प्रमुख मोहसिन नकवी ने प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को आईसीसी के साथ हुई बातचीत की जानकारी दी थी। पीटीआई के अनुसार, आईसीसी उपाध्यक्ष इमरान ख्वाजा के साथ हुई चर्चा में नकवी ने कई मुद्दे उठाए। इनमें भारत-पाकिस्तान क्रिकेट संबंधों की बहाली और बांग्लादेश को हुए नुकसान की भरपाई के लिए त्रिकोणीय श्रृंखला आयोजित करने का प्रस्ताव शामिल था। हालांकि, यह स्पष्ट कर दिया गया कि भारत-पाकिस्तान द्विपक्षीय क्रिकेट आईसीसी के दायरे में नहीं आता। वहीं त्रिकोणीय श्रृंखला के प्रस्ताव को भी खारिज कर दिया गया, क्योंकि भारत ने पिछले एक दशक से कोई त्रिकोणीय श्रृंखला नहीं खेली है। बताया जा रहा है कि आईसीसी भविष्य में बांग्लादेश को अंडर-19 विश्व कप की मेजबानी देकर उसे आंशिक राहत दे सकता है। 

Tags:    

Similar News