'5 परिवारों ने बर्बाद कर दिया जिंदगी...' तेज प्रताप की पोस्ट ने मचाई हलचल, कल करेंगे खुलासा

Tej Pratap Yadav: बिहार में तेज प्रताप यादव ने लगाया पांच परिवारों पर बड़ा आरोप, दावा किया कि इनके षडयंत्रों ने उनकी जिंदगी और राजनीतिक करियर को तहस-नहस कर दिया कल करेंगे सभी का पर्दाफाश।

Harsh Srivastava
Published on: 22 Aug 2025 9:37 AM IST (Updated on: 22 Aug 2025 10:17 AM IST)
5 परिवारों ने बर्बाद कर दिया जिंदगी... तेज प्रताप की पोस्ट ने मचाई हलचल, कल करेंगे खुलासा
X

Tej Pratap Yadav: बिहार की राजनीति में हमेशा से ही सुर्खियों में रहने वाले तेज प्रताप यादव ने एक बार फिर सनसनीखेज आरोप लगाकर सियासी हलचल मचा दी है। RJD से निष्कासित तेज प्रताप ने एक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए दावा किया है कि पांच परिवारों ने मिलकर उनके राजनीतिक और पारिवारिक जीवन को खत्म करने की कोशिश की है। उन्होंने कहा कि उन्होंने अपने 10 साल से अधिक के राजनीतिक जीवन में किसी के प्रति गलत नहीं किया, लेकिन इन लोगों ने उनके खिलाफ "बृहद षडयंत्र" रचा है।

कल होगा 'जयचंद' का पर्दाफाश

तेज प्रताप यादव ने कहा कि उनके खिलाफ साजिश रचने वाला एक "जयचंद" उनके डर से पटना छोड़कर भाग नहीं पाया। उन्होंने यह भी दावा किया कि यही वे पांच परिवार हैं जो पटना से भागने की तैयारी में थे। तेज प्रताप ने धमकी दी है कि वह कल इन सभी लोगों का नाम और चेहरा फोटो के साथ बिहार और देश की जनता के सामने लाएंगे। उन्होंने कहा कि इन लोगों की "घटिया मानसिकता" को हर कोई देखेगा, और ये लोग उनके करियर पर दाग लगाने की कोशिश कर रहे हैं।

'मेरी जिंदगी को तहस-नहस कर दिया'

भावुक होते हुए तेज प्रताप ने कहा कि इन पांच लोगों ने मिलकर उनकी जिंदगी को पूरी तरह से "तहस-नहस" कर दिया है। उन्होंने कहा कि उनका स्वभाव हंसने-बोलने का था, जो इन षडयंत्रकारियों को पसंद नहीं आया। उन्होंने आरोप लगाया कि इन लोगों ने पैसे लेकर उनकी छवि को खराब करने का काम किया है। तेज प्रताप ने यह भी कहा कि वह इस मामले को लेकर कोर्ट जाएंगे और केस भी करेंगे। उनका मानना है कि यह सब इसलिए किया जा रहा है क्योंकि चुनाव नजदीक हैं और युवाओं में उनका क्रेज है।

कौन हैं ये 'पांच परिवार'?

तेज प्रताप ने साफ किया कि ये लोग उनके परिवार या RJD से नहीं हैं। उन्होंने कहा कि ये लोग पहले RJD में थे, लेकिन अपनी "करतूतों" के कारण उन्हें पार्टी से भगा दिया गया था। उन्होंने कहा कि इन लोगों का पटना से लेकर दिल्ली तक का एक गैंग है जो सोशल मीडिया पर हमेशा सक्रिय रहता है। तेज प्रताप ने कहा कि वह कल इन लोगों का पूरा पर्दाफाश करेंगे, जिससे पूरा सच सामने आ जाएगा। यह देखना दिलचस्प होगा कि तेज प्रताप यादव कल किन नामों का खुलासा करते हैं और क्या उनके ये आरोप RJD में एक नई दरार पैदा करेंगे।

1 / 9
Your Score0/ 9
Harsh Srivastava
ABOUT THE AUTHOR

Harsh Srivastava

Content Writer Mail ID - harshsri764@gmail.comharshsri764@gmail.com

हर्ष श्रीवास्तव वाराणसी के रहने वाले पत्रकार और डिजिटल कंटेंट प्रोफेशनल हैं। वर्तमान में वे लखनऊ स्थित न्यूज़ट्रैक में डेस्क इंचार्ज के पद पर कार्यरत हैं। यहां वे कंटेंट प्लानिंग, एडिटोरियल कोऑर्डिनेशन, न्यूज़रूम संचालन के साथ-साथ रिसर्च आधारित एक्सप्लेनर, न्यूज़ फीचर और विश्लेषणात्मक लेख तैयार करते हैं। उनके पास मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन (MJMC) की डिग्री है। उन्होंने वर्ष 2023 में पत्रकारिता की शुरुआत की और हिन्दुस्तान, टाइम्स इंटरनेट, इंडिया न्यूज़ जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ काम किया है। वाराणसी, दिल्ली और लखनऊ में काम करने के दौरान उन्हें रिपोर्टिंग, कंटेंट राइटिंग और डिजिटल पत्रकारिता का अनुभव प्राप्त हुआ। हर्ष की विशेष रुचि राजनीति, चुनाव, अपराध, सार्वजनिक नीति, सुशासन और समसामयिक विषयों पर शोध-आधारित पत्रकारिता में है। वे गहन रिसर्च, फैक्ट-चेकिंग और सरल भाषा के माध्यम से जटिल विषयों को पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावी ढंग से पहुंचाने का प्रयास करते हैं।

Next Story