दीवार के विवाद में खूनी संघर्ष, सगे भाइयों को लगी गोली, दूसरा गंभीर

By
Published on: 28 Oct 2017 8:02 AM
दीवार के विवाद में खूनी संघर्ष, सगे भाइयों को लगी गोली, दूसरा गंभीर
X

बहराइच: भोपतपुर बेलवा गांव में दीवार के विवाद में दो पक्षों में जमकर संघर्ष हुआ। धारदार हथियार चले। फायरिंग भी हुई। संघर्ष में गोली लगने से सगे भाई घायल हुए हैं। सभी को जिला अस्पताल पहुंचाकर भर्ती कराया गया, जहां पर एक भाई की मौत हो गई जबकि दूसरे की हालत गंभीर होने पर ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है। विपक्षी मौके से फरार हो गए। इस मामले में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की है।

यह भी पढ़ें: योगी राज- नहीं बदले हालात,गोरखपुर में डॉक्टरों की लापरवाही से बच्ची की मौत

प्राप्त समाचार के अनुसार कोतवाली नानपारा अंतर्गत भोपतपुर बेलवा गांव में गोबरे प्रसाद और कन्हैया लाल के बीच अरसे से दीवार का विवाद चल रहा है। गुरुवार को दोपहर में गांव के लोगों ने एकत्रित होकर दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर समझौता करवाया। इसके बाद गोबरे ने शुक्रवार को दीवार का निर्माण शुरू किया। पूरा दिन गुजर गया। लेकिन शाम को विपक्षी मौके पर आ धमके। कहा-सुनी के बीच मारपीट शुरू हो गई।

यह भी पढ़ें: ताजमहल विवाद पर बोले योगी के मंत्री- दाल में तड़का लगा रहे हमारे नेता

जमकर लाठी डंडे और धारदार हथियार चले। इसी बीच कुछ लोगों ने फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने से गबरे के 40 वर्षीय भाई रामविलास और 30 वर्षीय दौलत प्रसाद लहूलुहान हो गए। दोनों के घायल होकर गिरते ही विपक्षी मौके से धमकी देते हुए फरार हो गए। गंभीर हालत में दोनों भाइयों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां पर रामविलास की मौत हो गई जबकि दौलत की हालत गंभीर होने पर उसे ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया है।

पुलिस अधीक्षक जुगुल किशोर ने बताया कि जमीनी विवाद में दो पक्षो में मारपीट व फायरिंग की घटना हुई है। इसमें एक व्यक्ति की मौत होने के साथ ही दूसरे की हालत नाजुक देखते हुए लखनऊ भेजा गया है। इस मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम का गठन किया है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Next Story

AI Assistant

Online

👋 Welcome!

I'm your AI assistant. Feel free to ask me anything!