×

Sonbhadra Crime News : सोनभद्र में दर्दनाक हादसा, साले ने जीजा को जलाया जिंदा, घटना से जिले में सन्नाटा

Sonbhadra Crime News : साले ने जीजा पर पेट्रोल छिड़ककर जिंदा जला दिया। उपचार के लिए उसे वाराणसी ले जाया गया है।

Kaushlendra Pandey
Report Kaushlendra PandeyPublished By Shraddha
Published on: 10 July 2021 6:16 AM GMT
घटना स्थल पर लोग हुए इकट्ठा
X

घटना स्थल पर लोग हुए इकट्ठा 

Sonbhadra Crime News : सोनभद्र सुकृत पुलिस चौकी क्षेत्र के मधुपुर बाजार में शुक्रवार की रात 1.30 बजे करीब साले ने जीजा पर पेट्रोल (Petrol) छिड़ककर जिंदा जला दिया। उपचार के लिए उसे वाराणसी (Varanasi) ले जाया गया है। उधर, बाइक से भागते समय आरोपी सुकृत पुलिस चौकी के पास गिरकर घायल हो गया, जिसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों के बीच पिछले कई बार से बिल्डिंग मटेरियल सप्लाई को लेकर चल रहे विवाद को घटना का कारण माना जा रहा है।

मधुपुर निवासी सीताराम (50) पुत्र स्व. शिवमूरत की ससुराल अहरौरा में है। 10-15 साल पूर्व उसने साले के साथ पार्टनरशिप में बाजार से सटे ही बंतरा में स्थित पुश्तैनी मकान में हाइवे किनारे बिल्डिंग मटेरियल की दुकान खोली। दुकान का ज्यादातर संचालन सीताराम का साला बद्री (55) पुत्र अनंतराम करता था।

चार साल पहले दोनों में लेनदेन को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद दोनों में पंचायत हुई और सीताराम पुरानी दुकान बद्री की छोड़कर अलग हो गया। एक साल बाद उसने बगल स्थित अपने मकान में दुकान खोली और अकेले बिल्डिंग मटेरियल का व्यवसाय शुरू कर दिया लेकिन विवाद की स्थिति बनी रही। दोनों रात में दुकान पर ही सोते थे। परिवार के लोग मकान के पिछले हिस्से में निवास करते थे। बताया जा रहा है कि शुक्रवार की रात 1:30 बजे के करीब दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई इससे नाराज बद्री अपनी दुकान में रखा पेट्रोल लेकर आया और सीताराम के ऊपर छिड़क कर आग लगा दिया। इसके बाद वहां से बाइक से भाग निकला। वहीं सीताराम चीखते हुए इधर उधर भागने लगा। पुकार सुनकर परिवार और पास पड़ोस के लोग पहुंचे तो उसे आग का गोला बना देख अवाक रह गए। किसी तरह आग पर काबू पाया गया, तब तक वह गंभीर रूप से झुलस चुका था।

घायल को कराया अस्पताल में भर्ती

परिवार के लोगों को उसने बद्री द्वारा पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने की जानकारी दी। इसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। पहुंची पुलिस नजदीकी अस्पताल ले गई जहां चिकित्सकों ने वाराणसी ले जाने की सलाह दी। तत्काल उसे वाराणसी ले जाया गया जहां हालत गंभीर बनी हुई है। उधर आरोपी बद्री भागते वक्त बाइक फिसलने से सुकृत पुलिस चौकी क्षेत्र के पास हे गिरकर घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस परिवार जनों और पास-पड़ोस के लोगों से पूछताछ कर जानकारी जुटाने में लगी हुई है। चौकी इंचार्ज राजेश सिंह के मुताबिक बड़े भाई लक्ष्मण ने घटना की तहरीर दी है। उसके आधार पर मामले की छानबीन जारी है।

Shraddha

Shraddha

Next Story