TRENDING TAGS :
अब भारतीय सेना की गौरव गाथा पढेंगे नौनिहाल, NCERT के मॉड्यूल में जुड़ा 'ऑपरेशन सिंदूर'
NCERT Module 2025 Operation Sindoor: एनसीआरटी ने कक्षा 3 से 12वीं तक के लिए ऑपरेशन सिंदूर पर विशेष मॉड्यूल पेश किया है। आइये जानें इस मॉड्यूल में क्या-क्या है।
NCERT Module 2025 Operation Sindoor
NCERT Module 2025 Operation Sindoor: एनसीआरटी ने कक्षा 3 से 12वीं तक के सिलेबस में बड़ा बदलाव किया है। अब स्कूलों में बच्चे भारतीय सेना की गौरव गाथा से रूबरू होंगे। राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (NCERT) ने ऑपरेशन सिंदूर को अपने मॉड्यूल में शामिल किया है। इस मॉड्यूल को खास तौर पर बच्चों को साहस, देशभक्ति और जिम्मेदारी का महत्व सिखाने के लिए तैयार किया गया है। इस मॉड्यूल को सिलेबस में शामिल करने का उद्देश्य स्कूली बच्चों को भारत की सैन्य शक्ति के बारे में जागरूक करना है। इससे बच्चों को देश की रक्षा के प्रति अपने कर्तव्यों का पालन करने की प्रेरणा मिलेगी।
दो हिस्सों में आया है मॉड्यूल
NCERT द्वारा ये मॉड्यूल दो हिस्सों में पेश किया गया है। प्रारंभिक और माध्यमिक स्तर यानी कक्षा 3 से 8 के लिए मॉड्यूल का शीर्षक 'ऑपरेशन सिंदूर- वीरता की गाथा' और माध्यमिक स्तर यानी कक्षा 9 से 12 के लिए 'ऑपरेशन सिंदूर- सम्मान और बहादुरी का मिशन' है। ये मॉड्यूल स्कूली बच्चों में भारत की सैन्य शक्ति के बारे में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से बनाए गए हैं। दोनों मॉड्यूल्स को इस तरह से डिजाइन किया गया है कि शिक्षक क्लासरूम में बच्चों को बातचीत के माध्यम से इसे समझाया जा सके।
क्या खास है मॉड्यूल में?
इस मॉड्यूल में पाकिस्तान द्वारा भारत के खिलाफ किये गये पहलगाम हमले के बारे में बच्चों का बताया जायेगा। इसमें कहा गया है कि पाकिस्तान का राजनीतिक और सैन्य नेतृत्व इस हमले में शामिल था। साथ ही यह भी बताया गया है कि भारत ने कई बार पाकिस्तान से आतंकवादी कैंप बंद करने का आग्रह किया, लेकिन उनकी तरफ से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। पाकिस्तान ने हमेशा इस हमले में अपनी भागीदारी से इनकार किया, जबकि आतंकियों के खिलाफ रोकथाम के लिए कदम नहीं उठाया।
मिलेगा S-400 प्रणालियों का उल्लेख
ऑपरेशन सिंदूर को "बहादुरी, रणनीति और नवाचार की विजय" बताते हुए, इन मॉड्यूल में भारत की वायु रक्षा प्रणालियों, जैसे S-400, का भी उल्लेख किया गया है, जिसने लंबी दूरी पर दुश्मन के विमानों को मार गिराया और दुश्मन के ड्रोन को नुकसान पहुंचाने से भी रोका।
भारतीय सशस्त्र बलों की बहादुरी भरी गाथा से सिखेंगे बच्चे
इस मॉड्यूल में पहलगाम हमले के बाद भारतीय सेना द्वारा की गई जवाबी कार्यवाही को भी शामिल किया गया है। इसमें बताया गया है कि भारतीय सशस्त्र बलों की बहादुरी और दृढ़ संकल्प ने पाकिस्तान को युद्ध जारी रखने की इच्छा छोड़ने और संघर्ष विराम की मांग करने के लिए मजबूर कर दिया। यह संदेश छात्रों को सिखाने के लिए है कि कठिन परिस्थितियों में धैर्य, साहस और सही फैसले कितने जरूरी होते हैं।
पलगाम हमले के पीड़ितों के प्रति श्रद्धांजलि
मॉड्यूल में पहलगाम हमले में मारे गये लोगों की विधवाओं के प्रति संवेदनाएं प्रकट की गई हैं। मॉड्यूल में कहा गया है कि, "ऑपरेशन सिंदूर केवल सैन्य अभियान नहीं, बल्कि शांति की रक्षा और शहीद हुए लोगों के सम्मान का वादा है। ऑपरेशन सिंदूर नाम पीड़ितों की विधवाओं के प्रति श्रद्धांजलि के रूप में चुना गया था, जो एकजुटता, सहानुभूति और सम्मान का प्रतीक है।"
पहलगाम हमले के बाद स्थानीय लोगों की भूमिका भी शामिल
एनसीईआरटी मॉड्यूल में आतंकी हमले के बाद स्थानीय लोगों की भूमिका पर विशेष ध्यान दिया गया है। इसमें कहा गया है, "स्थानीय लोग खड़े हुए और आतंकवादियों के खिलाफ आवाज उठाई। उनकी प्रतिक्रिया रूढ़िवादिता को तोड़ती है और शांतिप्रिय लोगों की असली आवाज को उजागर करती है।"


