TRENDING TAGS :
Japan Heatstroke: जापान में हीटस्ट्रोक का कहर, अस्पताल पहुंचे हजारों लोग, गर्मी ने बनाया नया रिकॉर्ड
Japan Heatstroke: जापान में हीटस्ट्रोक से अस्पताल पहुंचने वालों की संख्या 1,01,43 तक पहुंची, नया रिकॉर्ड बना।
Japan Heatstroke
Japan Heatstroke: इस मौसम में जापान में हीटस्ट्रोक के कारण कुल 1 लाख 1 सौ 43 लोग अस्पताल में भर्ती हुए हैं, जो पहली बार एक लाख से अधिक आंकड़ा पार कर गया है। यह जानकारी जापान की अग्निशमन और आपदा प्रबंधन एजेंसी ने दी है। एजेंसी ने मंगलवार को प्रारंभिक आंकड़े जारी किए, जिनके अनुसार मई से 28 सितंबर तक के आंकड़े 2015 के बाद से सबसे अधिक हैं। तब सर्वेक्षण अवधि में मई महीने को भी शामिल किया गया था। इस बार यह पिछले साल के 97,578 मामलों के रिकॉर्ड को पार कर गया है।
इस वर्ष 116 लोगों की मृत्यु हुई, जबकि 36,448 अन्य लोग ऐसे लक्षणों के साथ अस्पताल पहुंचे जिन्हें गंभीर माना गया। 65 वर्ष या उससे अधिक आयु के बुजुर्गों की संख्या 57,235 थी, जो कुल मामलों का आधे से ज्यादा है। सिन्हुआ समाचार एजेंसी के अनुसार, टोक्यो में सबसे ज्यादा 9,309 मामले दर्ज हुए, इसके बाद ओसाका में 7,175 और आइची में 6,630 मामले सामने आए।
मौसम एजेंसी के मुताबिक, 30 अगस्त को जापान के कांटो क्षेत्र से लेकर दक्षिण-पश्चिमी क्यूशू क्षेत्र तक 35 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक तापमान की संभावना जताई गई थी। जापान मौसम विज्ञान एजेंसी (जेएमए) ने देश के 47 प्रांतों में से 22 प्रांतों (कांटो से क्यूशू तक) के लिए हीटस्ट्रोक की चेतावनी जारी की थी। एजेंसी ने यह भी बताया कि ताकामात्सु शहर में अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस, जबकि ओसाका, नागोया और कुरुमे जैसे शहरों में 36 डिग्री सेल्सियस तक तापमान रहने का अनुमान था।
मौसम अधिकारियों ने कहा था कि कांटो-कोशिन क्षेत्र से लेकर किन्की के पश्चिमी क्षेत्र तक तापमान खतरनाक स्तर तक बढ़ सकता है, और लोगों से हीटस्ट्रोक से बचने के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरतने की अपील की थी। जापान में हीटस्ट्रोक का मुख्य कारण पर्यावरणीय कारक, खासकर उच्च तापमान और आर्द्रता है, जो बुजुर्गों और शहरी इलाकों में अर्बन हीट आइलैंड प्रभाव के कारण और भी बढ़ जाते हैं। उम्र, पुरानी बीमारियां और निर्जलीकरण जैसे शारीरिक कारण, विशेष रूप से बुजुर्गों में, शरीर के तापमान को नियंत्रित करने की क्षमता में कमी के चलते इस समस्या को बढ़ा देते हैं।
IANS इनपुट के साथ


