TRENDING TAGS :
भारत पाकिस्तान तनाव के बीच INS विक्रांत की लोकेशन मांगने वाला गिरफ्तार, PMO अधिकारी बनकर किया था फोन
केरल पुलिस ने PMO अधिकारी बनकर INS विक्रांत की लोकेशन मांगने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
India Pakistan Tension: भारत पाकिस्तान तनाव के बीच केरल पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। दरअसल, केरल पुलिस ने उस शख्स को गिरफ्तार कर लिया है, जिसने PMO अधिकारी बनकर भारतीय नौसेना के विमान वाहक जहाज INS विक्रांत की लोकेशन मांगा था। पुलिस ने आरोपी को कोझकोड से गिरफ्तार किया है और मामला दर्ज कर लिया है। इसी के साथ अब पुलिस आरोपी से पूछताछ करके INS विक्रांत की लोकेशन की जानकारी हासिल करने का कारण पता लगाने की कोशिश कर रही है।
क्या है पूरा मामला?
केरल पुलिस के मुताबिक, INS विक्रांत की लोकेशन मांगने के मामले में शख्स को गिरफ्तार किया गया। आरोपी का नाम मुजीब बताया जा रहा है। वह केरल के कोझिकोड का रहने वाला है। मुजीब पर आरोप है कि उसने 9 मई को जब भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य कार्रवाई जारी थी, उस मौके पर केरल के कोच्चि नेवल बेस पर फोन किया। फोन करके उसने कहा कि वह प्रधानमंत्री कार्यालय से राघवन बोल रहा है। इसके बाद उसने INS विक्रांत की लोकेशन मांगी। हालांकि, नौसेना मुख्यालय के कर्मचारियों ने शख्स को इसकी सूचना नहीं दी, और तुरंत हार्बर पुलिस को इसके बारे में बताया। पुलिस ने इस मामले में जांच शुरू की, जिसके बाद मुजीब को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस पूछताछ में क्या बोला मुजीब?
गिरफ्तारी के बाद पूछताछ के दौरान मुजीब ने पुलिस को बताया कि उसका मानसिक इलाज चल रहा है। हालांकि, अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस इसकी जांच कर रही है कि मुजीब का सच में दिमागी बीमार है या नहीं।
INS विक्रांत के बारे में
INS विक्रांत भारत का पहला विमान वाहक जहाज है, जिसे अपने देश में ही बनाया गया है। यह जहाज 40 विमानों तक का संचालन कर सकता है, जिसमें मिग-29K लड़ाकू जेट के दो स्क्वाड्रन और लगभग 10 कामोव Ka-31 हेलीकॉप्टर शामिल हैं। यह जहाज 64 बराक मिसाइलों से लैस है। INS विक्रांत को सितंबर 2022 में कमीशन किया गया था।


