TRENDING TAGS :
बढ़ गया खतरा! केरल, दिल्ली और महाराष्ट्र में कोरोना से हालात बेकाबू, सरकार अलर्ट पर
Covid-19 In India Update: इस बार संक्रमण का कारण नए ओमिक्रॉन उप-वेरिएंट माने जा रहे हैं, जिनमें JN.1, NB.1.8.1, LF.7 और XFC शामिल हैं।
Covid-19 In India Update
Covid-19 In India Update: देशभर में एक बार फिर कोविड-19 का खतरा तेजी से बढ़ता दिखाई दे रहा है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के मुताबिक, बीते 12 जून 2025 तक देश में सक्रिय मामलों की संख्या बढ़कर लगभग 7,131 हो गई है। इस बार संक्रमण का कारण नए ओमिक्रॉन उप-वेरिएंट माने जा रहे हैं, जिनमें JN.1, NB.1.8.1, LF.7 और XFC शामिल हैं।
इन वेरिएंट्स की सबसे खास बात यह है कि ये पहले की तुलना में ज्यादा रफ़्तार से फैलते हैं, लेकिन इनके लक्षण पहले से काफी हल्के हैं। हालांकि विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने इन्हें "निगरानी में रखे गए वेरिएंट" की श्रेणी में रखा है, लेकिन भारत के स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक, यदि सावधानी नहीं बरती गई तो आने वाले दिनों में हालात ज्यादा बिगड़ सकते हैं।
सबसे अधिक प्रभावित राज्य: केरल, दिल्ली और महाराष्ट्र
कोविड-19 के सक्रिय मामलों की बात करें तो भारत में केरल सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य है, जहां फिलहाल 2,055 एक्टिव केस दर्ज किए गए हैं। इसके बाद पश्चिम बंगाल (747), दिल्ली (714) और महाराष्ट्र (629) में भी मामले लगातार तेजी से बढ़ रहे हैं। वहीं, गुजरात की स्थिति भी गंभीर होती जा रही है, जहां पिछले 24 घंटे में लगभग 1,358 नए सक्रिय मामले सामने आए और दो लोगों की जान जा चुकी है।
बढ़ रहा मौतों का आंकड़ा
1 जनवरी 2025 से अब तक देशभर में कुल 78 कोविड-19 से संबंधित मौतें दर्ज की जा चुकी हैं। इसमें हाल ही में केरल में एक 82 वर्षीय बुजुर्ग की मौत शामिल है, जो पहले से श्वसन सम्बन्धी समस्या से जूझ रही थी और कोविड-19 निमोनिया से पीड़ित थे। वहीं, दिल्ली में अब तक एक ही दिन में सबसे ज्यादा 8 मौतें, कर्नाटक में 11 और महाराष्ट्र में 21 मौतें दर्ज की गई हैं।
अन्य राज्यों में कोरोना वायरस का कम प्रभाव
कर्नाटक (395 मामले), उत्तर प्रदेश (251) और तमिलनाडु (220) में भी कोविड-19 का मध्यम स्तर पर फैलाव देखा गया है। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, यह वायरस अब मौसमी बीमारी जैसा हो गया है, जैसे कि फ्लू या इन्फ्लुएंजा और धीरे-धीरे कमजोर होते हुए भी समाज में बना हुआ है।
विशेषज्ञों का अलर्ट
स्वास्थ्य अधिकारी सभी आमजन से अपील कर रहे हैं कि वे फिलहाल सावधानी बरतें, विशेष रूप से बुजुर्गों और कमजोर प्रतिरक्षा प्रणाली वाले लोगों को सतर्कता बरतने की सख्त आवश्यकता है। घर से बाहर निकलने से मास्क लगाना, भीड़भाड़ इलाकों में जाने से बचना, समय पर जांच कराना और व्यक्तिगत स्वच्छता का पालन करना जरूरी है।
बता दे, इस समय देश में ठीक होने वाले मरीजों की कुल संख्या 10,976 तक पहुंच चुकी है, जो राहत की बात है, लेकिन यह आंकड़ा लापरवाही की अनुमति नहीं देता। कोविड-19 भले ही अब वैश्विक आपातकाल की श्रेणी में नहीं है, लेकिन इसके नए उप-वेरिएंट और बढ़ते मामलों को अनदेखा करना भारी पड़ सकता है। हर नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह सतर्कता बरते और सरकार द्वारा जारी स्वास्थ्य दिशानिर्देशों का सख्ती से पालन करे।


