TRENDING TAGS :
बलात्कारी का महिला ने खुद किया न्याय! वहशी को जलाया; सोचा भी नहीं होगा मौत का ऐसा अंजाम
Women Killed Rapist: हत्या और शव को नष्ट करने के तहत मामला दर्ज किया गया है, और आगे की जांच जारी है।
Rape Case: ओडिशा के गजपति जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां यौन उत्पीड़न के आरोपी 60 वर्षीय व्यक्ति की कथित रूप से गांव की महिलाओं ने हत्या कर शव को जला दिया। पुलिस ने बताया कि इस मामले में अब तक 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें आठ महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं।
मोहना थाना प्रभारी बसंत सेठी ने जानकारी दी कि मृतक व्यक्ति की गुमशुदगी की शिकायत उसके परिजनों ने दर्ज कराई थी। जांच के दौरान पुलिस को सुराग मिले कि उसकी हत्या कर दी गई है और शव को जंगल में जला दिया गया। इसके बाद गांव से करीब दो किलोमीटर दूर एक पहाड़ी क्षेत्र में जली हुई अस्थियां और राख बरामद की गई।
तीन जून की रात को हुई वारदात
पुलिस के अनुसार, यह घटना 3 जून की रात को उस समय हुई जब मृतक ने गांव की एक 52 वर्षीय विधवा महिला के साथ कथित तौर पर बलात्कार किया। इसके बाद गांव की कुछ महिलाओं, जिनमें पूर्व में यौन उत्पीड़न का शिकार हुई महिलाएं भी शामिल थीं, ने एक बैठक की और मिलकर आरोपी को सजा देने का निर्णय लिया। पुलिस का कहना है कि महिला समूह आरोपी के घर पहुंचा, जहां वह सो रहा था। इसी दौरान 52 वर्षीय महिला ने अन्य लोगों की मदद से उसकी हत्या कर दी। इस पूरी घटना में दो पुरुषों ने भी महिलाओं की सहायता की।
पीड़ित महिलाओं का कबूलनामा
थाना प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार की गई छह महिलाओं ने पूछताछ में स्वीकार किया है कि वे पहले भी आरोपी के यौन उत्पीड़न का शिकार हो चुकी थीं और अपने लंबे समय से चले आ रहे मानसिक और शारीरिक शोषण को खत्म करने के लिए यह कदम उठाया।
पुलिस को पूर्व में नहीं मिली कोई शिकायत
गजपति जिले के पुलिस अधीक्षक जतिंद्र कुमार ने कहा कि मृतक के खिलाफ महिलाओं ने कभी पुलिस में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई थी, न ही किसी तरह की मदद की मांग की थी। उन्होंने कहा, यह घटना कानून को हाथ में लेने का उदाहरण है। हम पूरे मामले की गहराई से जांच कर रहे हैं।
अभी जारी है जांच
पुलिस मामले से जुड़े साक्ष्य जुटाने और घटनास्थल की फोरेंसिक जांच में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी आरोपियों के खिलाफ हत्या और शव को नष्ट करने के तहत मामला दर्ज किया गया है, और आगे की जांच जारी है।


