TRENDING TAGS :
पलटी मारने से बाज नहीं आ रहे PK, JDU के 25 सीट जीतने पर संन्यास लेने से लिया 360° यू-टर्न
प्रशांत किशोर JDU की 25+ सीट जीत पर राजनीति छोड़ने वाले बयान से पीछे हटे। कहा, जन सुराज में कोई पद नहीं। नीतीश सरकार पर वोट खरीदने का आरोप भी लगाया।
Prashant Kishor (Image Credit-Social Media)
जन सुराज पार्टी (JSP) के प्रमुख प्रशांत किशोर उस बयान से पीछे हटते नजर आए हैं, जिसमें उन्होंने कहा था कि अगर बिहार विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जेडीयू 25 से ज्यादा सीट जीतती है, तो वे राजनीति छोड़ देंगे। चुनाव परिणामों में जन सुराज पार्टी को शून्य और जेडीयू को 85 सीटें मिलने के बाद पहली बार मीडिया के सामने आए प्रशांत किशोर ने स्पष्ट किया कि वे जन सुराज में किसी पद पर नहीं हैं, इसलिए इस्तीफे का सवाल ही नहीं उठता।
पीके ने यह भी कहा कि उन्होंने कभी नहीं कहा था कि वे बिहार छोड़ देंगे वे आगे भी बिहार में रहेंगे और अपनी यात्रा जारी रखेंगे। चुनाव से पहले वह बार-बार दावा करते थे कि जेडीयू 25 सीटों से ज्यादा नहीं जीत पाएगी और उनकी पार्टी या तो “अर्श पर होगी या फर्श पर” आखिरकार दूसरा दावा सच साबित हुआ।
वोट खरीदने का आरोप
प्रशांत किशोर ने एनडीए की जीत को मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत चुनाव से पहले जीविका समूह की महिलाओं को 10,000 रुपये नकद दिए जाने से जोड़ा। उनका आरोप है कि नीतीश कुमार ने “पैसा देकर वोट खरीदे।”
उन्होंने कहा कि अगर योजना के नियमों के अनुसार सरकार छह महीने बाद उन महिलाओं को स्वरोजगार के लिए 2-2 लाख रुपये दे देती है, तो वे राजनीति और बिहार दोनों छोड़ देंगे। लेकिन अगर सरकार ऐसा नहीं करती, तो यह साबित होगा कि चुनाव के ठीक पहले नकद राशि वोट हासिल करने के उद्देश्य से दी गई थी।
उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव से ठीक पहले सरकार ने 40,000 करोड़ रुपये की योजनाओं की घोषणाएँ कर दीं।
ओवैसी, मायावती और माले से ज्यादा वोट, पर सीट शून्य
238 सीटों पर चुनाव लड़ने के बावजूद जन सुराज पार्टी के 236 उम्मीदवारों की जमानत जब्त हो गई। फिर भी JSP को वोट प्रतिशत के मामले में मायावती की बीएसपी, एआईएमआईएम, सीपीआई-एमएल जैसी पार्टियों से ज्यादा समर्थन मिला।
जन सुराज को 3.4% वोट मिले, जबकि बीएसपी, एआईएमआईएम और सीपीआई-माले सभी को 3% से कम वोट प्राप्त हुए। हालांकि JSP की ऊँची वोट हिस्सेदारी का कारण उसकी बहुत ज्यादा सीटों पर लड़ने की रणनीति रही।
जन सुराज के उम्मीदवारों का प्रदर्शन इस प्रकार रहा:
• 1 सीट पर दूसरे स्थान पर
• 129 सीटों पर तीसरे स्थान पर
• 73 पर चौथे, 23 पर पांचवें, 8 पर छठे, 2 पर सातवें,
• 1-1 पर आठवें और नौवें, तथा
• 5 सीटों पर दसवें स्थान पर।


