TRENDING TAGS :
ठंड में बढ़ गया है Hair Fall? बालों को मजबूत बनाने के लिए अपनाएं ये आसान आयुर्वेदिक उपचार
Winter Hair Care Tips: सर्दियों में बालों का रूखापन, डैंड्रफ और टूटना बढ़ जाता है लेकिन आयुर्वेदिक आहार और घरेलू उपाय अपनाकर बालों को फिर से मजबूत और स्वस्थ बनाया जा सकता है। बताते है कैसे-
Winter Hair Care Tips
Winter Hair Care Tips: सर्दी का मौसम शुरू होते ही बालों में रूखापन, डैंड्रफ और टूटकर झड़ने की समस्या बढ़ने लगती है। इसका कारण ठंड में बढ़ने वाला वात दोष और शरीर में नमी की कमी है। आयुर्वेद के अनुसार, बाल केवल बाहरी देखभाल से स्वस्थ नहीं होते, बल्कि उन्हें अंदरूनी पोषण की भी उतनी ही जरूरत होती है। सर्दियों में पाचन शक्ति तेज हो जाती है, इसलिए यदि इस समय पौष्टिक आहार लिया जाए तो बालों की मजबूती वापस पाई जा सकती है।
आयुर्वेद के अनुसार बालों का स्वास्थ्य
आयुर्वेद बताता है कि केश, अस्थि धातु का उपधातु हैं। इसका अर्थ है कि बालों पर उत्पाद लगाकर केवल अस्थायी चमक पाई जा सकती है, लेकिन बालों की असली मजबूती अस्थि, रक्त और रस धातु के संतुलन से आती है। इसलिए बालों की देखभाल का पहला कदम है शरीर को भीतर से पोषित करना।
देसी घी का सेवन
ठंड में बढ़े वात दोष को शांत करने के लिए सुबह खाली पेट एक चम्मच देसी घी गुनगुने पानी के साथ लेना चाहिए। घी शरीर में नमी बढ़ाता है, रूखापन घटाता है और बालों को प्राकृतिक रूप से मुलायम बनाता है।
तिल और अलसी
नाश्ते में या शाम के समय खाली पेट तिल और अलसी का सेवन बेहद लाभकारी है। ये दोनों अस्थि धातु को मजबूत बनाते हैं, जिससे बालों का टूटना और कमजोर होना कम हो जाता है। तिल और अलसी ओमेगा फैटी एसिड से भरपूर होते हैं, जो बालों की जड़ों को पोषण देते हैं।
दूध और खजूर
रात में गुनगुने दूध के साथ दो खजूर खाने से रक्त और रस धातु को पोषण मिलता है। इससे बालों की जड़ें मजबूत होती हैं और बालों में प्राकृतिक चमक आती है। यह संयोजन शरीर में गर्माहट और ऊर्जा भी बढ़ाता है।
आंवला और त्रिफला का सेवन
आंवला और त्रिफला दोनों ही बालों के लिए अमृत समान माने जाते हैं। विटामिन C से भरपूर आंवला बालों में चमक लाता है और डैंड्रफ को कम करता है। यदि जूस बनाना मुश्किल हो तो आंवला या त्रिफला का चूर्ण पानी के साथ या रात में लेना फायदेमंद है।
तेल मालिश का महत्व
बालों को बाहरी पोषण देने के लिए सप्ताह में 2–3 बार हल्के गुनगुने तेल से मालिश करना बहुत फायदेमंद होता है। इसके लिए आप नारियल तेल, भृंगराज तेल या जटामांसी तेल में से किसी भी तेल का उपयोग कर सकते हैं। गर्म तेल से मालिश करने पर सिर का रक्त संचार बढ़ता है, तनाव कम होता है और बंद फॉलिकल्स खुलकर बालों की जड़ों को पोषण पहुंचाते हैं। तेल लगाने के लगभग 1 घंटे बाद बालों को हल्के शैम्पू से धोना चाहिए ताकि बाल स्वस्थ, मजबूत और चमकदार बने रहें।
नाक में तेल डालना
आयुर्वेद में नस्य कर्म को बालों के लिए विशेष रूप से लाभकारी माना गया है। रात में नाक में दो-दो बूंद तिल का तेल या घी डालने से सिर और बालों को सीधा पोषण मिलता है और रूखापन कम होता है।
Disclaimer: यह खबर आपको केवल जागरूक करने के मकसद से लिखी गई है। हमने इसको लिखने में सामान्य जानकारियों की मदद ली है। NEWSTRACK इस आर्टिकल में दी गई किसी भी जानकारी की सत्यता इसकी पुष्टि नही करता है।


