TRENDING TAGS :
IPL 2026 में शार्दुल ठाकुर की घर वापसी, लखनऊ का साथ छोड़ मुंबई से जुड़ा ऑलराउंडर
IPL 2026: ऑलराउंडर शार्दुल ठाकुर मुंबई इंडियंस के खेमे में शामिल हो गए हैं। मुंबई इंडियंस ने आधिकारिक तौर पर सोशल मीडिया के माध्यम से शार्दुल ठाकुर के टीम से जुड़ने की पुष्टि की है।
IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 से पहले एक बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। ऑलराउंडर शार्दुल ठाकुर मुंबई इंडियंस (MI) के खेमे में शामिल हो गए हैं। मुंबई इंडियंस ने आधिकारिक तौर पर सोशल मीडिया के माध्यम से शार्दुल ठाकुर के टीम से जुड़ने की पुष्टि की है। यह ट्रेड आईपीएल 2026 के लिए जारी होने वाली रिटेंशन लिस्ट से ठीक पहले हुआ है। एमआई ने ट्रेड विंडो का उपयोग करते हुए शार्दुल ठाकुर को लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) से अपने साथ जोड़ लिया है।
पहली बार अपनी घरेलू टीम
शार्दुल ठाकुर 2015 से आईपीएल खेल रहे हैं, अपने करियर में पहली बार अपनी घरेलू टीम मुंबई इंडियंस के लिए आईपीएल मैच में खेलेंगे। शार्दुल घरेलू क्रिकेट में मुंबई का प्रतिनिधित्व करते हैं, रणजी ट्रॉफी 2025-26 के लिए उन्हें टीम का कप्तान भी बनाया गया है। उनकी घर वापसी आईपीएल करियर के लिए एक नया मोड़ साबित हो सकती है। पिछला सीजन शार्दुल ठाकुर के लिए गेंदबाजी में शानदार रहा था। उन्हें आईपीएल 2025 के मेगा ऑक्शन में किसी भी टीम ने नहीं खरीदा था, लेकिन सीजन शुरू होने से ठीक पहले एलएसजी ने साइन किया।
एलएसजी की जीत में भूमिका
उन्होंने 10 मैचों में 13 विकेट लेकर अपनी उपयोगिता साबित की थी, शुरुआती मैचों में एलएसजी की जीत में अहम भूमिका निभाई थी। इससे पहले शार्दुल किंग्स इलेवन पंजाब, राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स, दिल्ली कैपिटल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) जैसी टीमों का भी हिस्सा रह चुके हैं। शार्दुल निचले क्रम के एक सक्षम और आक्रामक बल्लेबाज भी हैं, हालांकि उन्हें आईपीएल में अपनी बल्लेबाजी कौशल दिखाने के ज्यादा मौके नहीं मिले हैं। गेंदबाजी में रिकॉर्ड मजबूत रहा है। वह अपने आईपीएल करियर के 105 मैचों में 107 विकेट ले चुके हैं।
हार्दिक पांड्या मुख्य प्रतिद्वंद्वी
एक समय शार्दुल ठाकुर को ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या के संभावित प्रतिद्वंद्वी के रूप में देखा जाता था। जहां हार्दिक ने भारतीय वनडे और टी20 फॉर्मेट में अपनी जगह मजबूत की है, आईपीएल में भी एक कप्तान के रूप में पहचान बनाई है, वहीं भारतीय टीम से बाहर चल रहे शार्दुल का करियर उतार-चढ़ाव भरा रहा है। शार्दुल के मुंबई से जुड़ने से टीम की गेंदबाजी इकाई और निचले क्रम की बल्लेबाजी को निश्चित रूप से मजबूती मिलेगी।
दोनों विभागों में देंते योगदान
मुंबई इंडियंस हमेशा से ऐसे भारतीय ऑलराउंडरों की तलाश में रहती है, जो दोनों विभागों में योगदान दे सकें। यह ट्रेड शार्दुल के आईपीएल करियर को भी नई दिशा दे सकता है, जहां उन्हें घरेलू मैदान पर अपनी प्रतिभा साबित करने का मौका मिलेगा। मुंबई इंडियंस और उनके फैंस को उम्मीद होगी कि शार्दुल लॉर्ड की तरह प्रदर्शन करते हुए टीम को छठा खिताब दिलाने में मदद करेंगे।
इनपुट-आईएएनएस


