×

अपने वादे से मुकर जाना भाजपा की आदत में शामिल: अखिलेश यादव

अखिलेश यादव ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा राज में उत्तर प्रदेश विकास के हर मानदण्ड से लगातार पिछड़ता चला गया है। प्रदेश की खुशहाली का बुरी तरह सत्यानाश किया गया है।

Shreedhar Agnihotri
Reporter Shreedhar AgnihotriPublished By Shreya
Published on: 17 Jun 2021 3:50 PM GMT
akhilesh yadav
X

अखिलेश यादव (फाइल फोटो: आशुतोष त्रिपाठी)

Lucknow: उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने कहा है कि अपने वादे से मुकर जाना भाजपा (BJP) की आदत में शामिल है। चुनाव घोषणा पत्र, जिसे भाजपा ने संकल्प पत्र बताया, उसमें भाजपा ने युवाओं को लैपटाप देने, एक जीबी का इंटरनेट डाटा देने का वायदा किया था। कभी चार लाख तो कभी एक लाख नौकरियां देने का छलावा भी दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि इन्वेस्टमेंट मीट समिट के बहाने प्रदेश में भारी निवेश के वादे भी किए जा रहे हैं लेकिन जमीन पर न तो एक उद्योग लगा और न हीं कहीं पूंजी निवेश होने का पता चल रहा है। आज सत्ताधारी सोच रहे हैं कि काश वो 'भ्रष्टाचार का नाम बदल सकते और झूठ के रंग' भी। हर आस्थावान अपने को ठगा महसूस कर रहा है।

जीडीपी घटने के साथ बेरोजगारी में भारी वृद्धि

अखिलेश ने कहा कि भाजपा राज में उत्तर प्रदेश विकास के हर मानदण्ड से लगातार पिछड़ता चला गया है। प्रदेश की खुशहाली का बुरी तरह सत्यानाश किया गया है। समाजवादी सरकार में 6.9 प्रतिशत की दर से बढ़ने वाली उत्तर प्रदेश की जीडीपी 2017 से 2020 के बीच घटकर 5.6 प्रतिशत दर पर आ गई है। राज्य सरकार के विकास के थोथे ढोल की पोल इससे भी खुलती है कि जहां जीडीपी में गिरावट दर्ज हुई है वहीं बेरोजगारी में भारी वृद्धि हुई है। 23 करोड़ लोग गरीबी रेखा से नीचे चले गए हैं।

उन्होंने कहा कि सच तो यह है कि अब भाजपा सरकार ने बिना कोई काम किये उत्तर प्रदेश का साढ़े चार वर्ष का समय बर्बाद कर दिया। विकास कार्य ठप्प हैं। भाजपा सरकार हर मोर्चे पर विफल दिखाई दे रही है। भाजपा का चाल, चरित्र और चेहरा भी जनता की निगाह में उजागर हो चुका है। साढ़े चार वर्ष हो गए जनता अच्छे दिनों की उम्मीद लगाए बैठी रही। उसे निराशा और हताशा ही हाथ लगी है। दुनिया भर में भाजपा ने प्रदेश की बदनामी कराई है।

अब भाजपा के झूठ फरेब से तंग आ गई है जनता

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार ने अपराध नियंत्रण के लिए यूपी डायल 100 और महिला सशक्तिकरण के लिए 1090 वूमेन पावर लाइन शुरू की थी ताकि अपराधों पर नियंत्रण रहे। भाजपा सरकार ने उन्हें निष्क्रिय बना दिया। यूपी डायल 100 नंबर को 112 बनाकर भाजपा सो गई। अखिलेश ने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता भाजपा के झूठ-फरेब से तंग आ गई है। उसके सब्र का बांध टूट चला है। वह अब किसी प्रलोभन अथवा बहकावे में आने वाली नहीं है। उसने सन् 2022 में समाजवादी पार्टी को गद्दी पर बिठाने और भाजपा को गद्दी से उतारने का मन बना लिया है।

दोस्तों देश और दुनिया की खबरों को तेजी से जानने के लिए बने रहें न्यूजट्रैक के साथ। हमें फेसबुक पर फॉलो करने के लिए @newstrack और ट्विटर पर फॉलो करने के लिए @newstrackmedia पर क्लिक करें।

Shreya

Shreya

Next Story