TRENDING TAGS :

Aaj Ka Rashifal

Meerut News: ‘लुटेरी दुल्हन’ का शिकार बना दूल्हा काट रहा थाने के चक्कर!

Meerut News: उत्तर प्रदेश के मेरठ में एक युवक को शादी करना महंगा पड़ गया। शादी के अगले दिन दुल्हन हजारों की नकदी और लाखों रुपये के जेवर लेकर चंपत हो गई।

Sushil Kumar
Published on: 9 April 2023 4:59 PM GMT
Meerut News: ‘लुटेरी दुल्हन’ का शिकार बना दूल्हा काट रहा थाने के चक्कर!
X
मेरठ में ‘लुटेरी दुल्हन’ का शिकार बना दूल्हा काट रहा थाने के चक्कर- Photo- Social Media

Meerut News: उत्तर प्रदेश के मेरठ में एक युवक को शादी करना महंगा पड़ गया। शादी के अगले दिन दुल्हन हजारों की नकदी और लाखों रुपये के जेवर लेकर चंपत हो गई। युवक ने लुटेरी दुल्हन को काफी तलाश किया, मगर उसका कोई पता नहीं लगा। थक-हार कर पीड़ित ने पुलिस थाने में घटना की तहरीर दी है।

सीसीटीवी में बाइक पर युवक के साथ जाती दिखी दुल्हन

मिली जानकारी के अनुसार मामला शहर से सटे थाना रोहटा का है। गांव रोहटा निवासी आशीष कुमार पुत्र राजवीर सिंह की शादी छह अप्रैल को सीमा पुत्री नत्थूसिंह निवासी गांव कालकागंज हल्द्वानी के साथ हुई थी। शादी के बाद सभी अपने कमरे में सोने चले गए। दर्ज तहरीर के अनुसार अगले दिन रात में लगभग 11:00 बजे जब आशीष की आंख खुली तो उसकी नवविवाहिता पत्नी कमरे में नहीं मिली। उसने परिजनों के साथ ही उसकी तलाश शुरू की लेकिन कुछ पता नहीं चला। परिवार के अन्य लोगों से जानकारी की तो उनको भी कुछ पता नहीं था। उसके मोबाइल फोन किया तो वह बंद आ रहा था। बाद में पड़ोस में लगे सीसीटीवी कैमरे को खंगाला तो पत्नी बाइक पर एक युवक के साथ जाते हुए दिखाई पड़ी।

नकदी व जेवर लेकर भागने का आरोप

पीड़ित ने रोहटा थाने में तहरीर देते हुए अपनी नवविवाहित दुल्हन के खिलाफ 57,000 नकदी और लाखों रुपए के सोने-चांदी के जेवरात लेकर चंपत होने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि आरोपित महिला का मोबाइल फोन बंद आ रहा है। नैनीताल पुलिस से संपर्क किया जा रहा है। जल्द ही उसे बरामद कर लिया जाएगा। बता दें कि शादी कराने के नाम पर लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने वाला गिरोह यूपी और हरियाणा के कई शहरों में सक्रिय है। इस गिरोह की युवती पहले तो गिरोह के सदस्यों की मदद से शादी के इच्छुक युवक को फांसती हैं। फिर शादी कर लुटेरी दुल्हन अचानक से चली जाती है। करीब डेढ़ साल पहले मेरठ में परतापुर पुलिस ने इंद्रापुरम में एक मकान में छापा मारकर शादी कराने के नाम पर लाखों की ठगी करने वाले गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार भी किया था।

Sushil Kumar

Sushil Kumar

Next Story