×

Gorakhpur: रामगढ़ताल में लोगों ने लिया कयाकिंग का आनंद, जल्द होगी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता

Gorakhpur News Today: रामगढ़ताल में आम लोगों के लिए कयाकिंग का संचालन रविवार से शुरू कर दिया गया है। राष्ट्रीय तैराकों के समूह को संचालन की जिम्मेदारी दी गई है।

Purnima Srivastava
Published on: 31 July 2022 6:15 PM GMT
Gorakhpur News In Hindi
X

रामगढ़ झील में कयाकिंग का आनंद लेते लोग। 

Click the Play button to listen to article

Gorakhpur: रामगढ़ताल (Ramgarhtal) में आम लोगों के लिए कयाकिंग का संचालन रविवार से शुरू कर दिया गया है। राष्ट्रीय तैराकों के समूह को संचालन की जिम्मेदारी दी गई है। तैराक अपनी देखरेख में लोगों को 15 मिनट तक ताल की सैर करा रहे हैं। पहले दिन दर्जन भर महिलाओं समेत कुल 50 लोगों ने इसका आनंद लिया।

गोरखपुर विकास प्राधिकरण ने मंगाई पांच कयाक

कुछ दिन पहले प्रदेश के पीडब्ल्यूडी मंत्री जितिन प्रसाद (PWD Minister Jitin Prasad), सांसद रविकिशन (MP Ravi Kishan), एडीजी जोन अखिल कुमार (ADG Zone Akhil Kumar) ने ताल में कयाकिंग का शुभारंभ किया था। गोरखपुर विकास प्राधिकरण (Gorakhpur Development Authority) ने लोगों का रोमांच बढ़ाने के लिए पांच कयाक (एक प्रकार की नाव, जिसमें एक या दो लोग बैठकर चप्पू के सहारे उसे चलाते हैं) मंगाई है।

तैराकों ने डाल्फिन रोविंग क्लब बनाकर प्रशिक्षण किया शुरू

उद्घाटन होने के बाद प्राधिकरण ने राष्ट्रीय तैराकों के समूह को कयाकिंग की जिम्मेदारी दी। तैराकों ने डाल्फिन रोविंग क्लब बनाकर प्रशिक्षण शुरू कर दिया। क्लब की ओर से इस व्यवस्था का संचालन कर रहे राष्ट्रीय तैराक संतोष श्रीवास्तव (National swimmer Santosh Srivastava) ने बताया कि 15 मिनट के लिए 100 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। हर व्यक्ति को लाइफ जैकेट पहनना अनिवार्य है। सभी के साथ एक लाइफ गार्ड भी दिए जा रहे हैं। केवल राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय तैराकों को ही लाइफ जैकेट पहनने से छूट प्रदान की जाएगी। लोग चप्पू के सहारे कयाक चला रहे हैं और रोमांच ले रहे हैं। अपने हाथ से कयाक चलाने से एक्सरसाइज भी हो रही है। सुबह छह बजे से शाम छह बजे तक कयाकिंग का संचालन किया जाएगा। भविष्य में यहां कयाकिंग की प्रतियोगिता भी कराई जाएगी।

रामगढ़ताल में रविवार से कयाकिंग का संचालन आम लोगों के लिए शुरू: जीडीए उपाध्यक्ष

जीडीए उपाध्यक्ष प्रेम रंजन सिंह (GDA Vice President Prem Ranjan Singh) ने बताया कि रामगढ़ताल में रविवार से कयाकिंग का संचालन आम लोगों के लिए शुरू हो गया। लोग इस नई सुविधा को खूब पसंद कर रहे हैं। संचालकों को पर्यटकों की सुरक्षा का पूरा ध्यान रखने को कहा गया है। लाइफ जैकेट के बिना किसी को कयाकिंग का अवसर नहीं दिया जाएगा।

अब झील किनारे रोज आरती भी होगी

नौका विहार पर भी जल्द ही भव्य आरती का आयोजन किया जाएगा। गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने रामजी घाट आरती समिति की पहल पर इसकी अनुमति दे दी है। नाग पंचमी से इसकी शुरूआत हो सकती है। शुरू में सप्ताह में एक दिन आरती होगी। बाद में प्रतिदिन शाम 6.30 बजे से आरती करने की तैयारी है। नौका विहार पर होने वाली आरती 50 मिनट की होगी। समिति के सदस्य आरती स्थल पर स्वयं साफ-सफाई करेंगे। देवी, देवताओं के अलावा संतों की भी आरती यहां की जाएगी। समिति फिलहाल राप्ती नदी के तट पर स्थित रामघाट पर हर रविवार को आरती करती है। जीडीए के उपाध्यक्ष प्रेम रंजन सिंह ने बताया कि समिति के सदस्य की पहल पर आरती की अनुमति दी गई है। प्राधिकरण की ओर से इस कार्य में हर संभव सहयोग किया जाएगा। इससे पर्यटक आकर्षित होंगे।

Deepak Kumar

Deepak Kumar

Next Story