TRENDING TAGS :
Hapur News: कार्तिक पूर्णिमा मेले में उगाही का काला खेल, दुकानदारों से वसूल रहे मोटी रकम
Hapur News: गढ़मुक्तेश्वर कार्तिक पूर्णिमा मेले में अवैध उगाही का खुलासा, वीडियो वायरल होने पर प्रशासन में हड़कंप
कार्तिक पूर्णिमा मेले में उगाही का काला खेल (photo: social media )
Hapur News: हापुड़ की तीर्थनगरी गढ़मुक्तेश्वर में चल रहे कार्तिक पूर्णिमा गंगा मेले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि मेले में दुकान लगाने वाले छोटे दुकानदारों से कुछ प्राइवेट कर्मचारी अवैध रूप से उगाही कर रहे हैं। दुकानदारों ने आरोप लगाया है कि ये लोग सरकारी पर्ची नहीं बल्कि अपनी डायरी के पन्नों पर ‘रसीद’ काटकर पैसे वसूल रहे हैं और अब इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो ने खोली पोल
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में दुकानदार देवेंद्र, विकास समेत कई अन्य व्यापारी दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि वे मेले में चाय, पकौड़ी, पूरी-सब्जी की दुकानें लगाते हैं। दुकानदारों का कहना है कि जिला पंचायत ठेकेदारों के कर्मचारियों ने उनसे 600 रूपये प्रति फीट के हिसाब से रकम मांगी, जबकि अब कुछ प्राइवेट कर्मचारी 800 रूपये प्रति फीट की रसीद काटने की धमकी दे रहे हैं।
नकली पर्ची से उगाही का खेल
दुकानदारों ने बताया कि इन लोगों द्वारा सरकारी रसीद नहीं दी जा रही, बल्कि खाली डायरी के पन्नों पर ही नाम व रकम लिखकर पर्ची काटी जा रही है। ये पर्चियां किसी सरकारी रिकॉर्ड का हिस्सा नहीं होतीं, जिससे यह साफ हो जाता है कि पैसा सीधा जेब में जा रहा है, सरकारी खाते में नहीं।
दुकानदारों में गुस्सा, कहा “अगर ऐसे ही चलेगा तो कुछ नहीं बचेगा”
दुकानदारों का कहना है कि इतनी भारी वसूली के बाद उनके लिए दुकान लगाना घाटे का सौदा हो गया है। “अगर हम 800 रूपये प्रति फीट देंगे तो कुछ भी नहीं बचेगा,” एक दुकानदार ने कहा। कई दुकानदारों ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया और जिला प्रशासन से तत्काल जांच व कार्रवाई की मांग की है।
प्रशासन ने क्या कहा
इस पूरे प्रकरण पर एसडीएम श्रीराम सिंह ने कहा कि“यदि किसी भी व्यक्ति द्वारा अवैध रूप से उगाही की जा रही है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल हमें इस संबंध में कोई औपचारिक शिकायत प्राप्त नहीं हुई है, लेकिन जांच कराई जाएगी।”
मेले में उगाही का मामला अब चर्चा में
जैसे-जैसे यह वीडियो सोशल मिडिया पर वायरल हो रहा है, वैसे-वैसे प्रशासन और जिला पंचायत ठेकेदारों की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं। गंगा मेले में लाखों श्रद्धालु पहुंच रहे हैं, ऐसे में उगाही का यह खेल दुकानदारों की जेब पर भारी पड़ रहा है और मेले की छवि पर भी बुरा असर डाल रहा है।अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस वायरल वीडियो के बाद क्या कार्रवाई करता है या फिर यह मामला भी कुछ दिनों में ठंडे बस्ते में चला जाएगा।


