TRENDING TAGS :
Hardoi News: आरक्षण काउंटर पर लाइट ट्रिप होने ठप हो रहे कंप्यूटर सिस्टम, यात्रियों को आरक्षित व अनारक्षित टिकट लेने में हो रही समस्या, जिम्मेदार बेखबर
Hardoi News: हरदोई रेलवे स्टेशन पर लगातार संसाधनों और सुख सुविधाओं का तो अभाव पहले से ही है लेकिन लगातार अन्य समस्याओं को लेकर भी हरदोई में यात्रियों को काफी असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है।
Hardoi railway station
Hardoi News: मुरादाबाद मंडल के अंतर्गत आने वाले हरदोई रेलवे स्टेशन पर लगातार संसाधनों और सुख सुविधाओं का तो अभाव पहले से ही है लेकिन लगातार अन्य समस्याओं को लेकर भी हरदोई में यात्रियों को काफी असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है। अमृत भारत स्टेशन के अंतर्गत चल रहे निर्माण कार्य का हवाला देकर रेल अधिकारी अपनी जिम्मेदारियां से बच रहे हैं।सांसद से लेकर डीआरएम तक के आदेशों का पालन मंडल के रेल अधिकारी नहीं कर रहे हैं। हरदोई रेलवे स्टेशन पर अव्यवस्थाओं का लगातार बोलबाला बढ़ता जा रहा है। ऐसा ही एक मामला सामने आया जब हरदोई के आरक्षण और अनारक्षित टिकट काउंटर पर लाइट के ट्रिप हो जाने से कंप्यूटर सिस्टम बंद हो गए।
आरक्षण और अनारक्षित टिकट के कंप्यूटर सिस्टम बंद हो जाने से यात्रियों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ा। बीते 7 दिनों से हरदोई रेलवे स्टेशन के आरक्षण केंद्र पर लाइट के आने और जाने का क्रम निरंतर जारी है। आलम यह है की लाइट के जाते ही सिस्टम सारे बंद हो जाते हैं।दिन पर चार से पाँच बार तक प्रतिदिन लाइट ट्रिप हो रही है।ऐसे में अपनी बारी का इंतजार करके जब तक यात्री आरक्षण और अनारक्षित टिकट लेने के लिए खिड़की पर पहुंचता है तब उसे लाइट ट्रिप होने से बंद हुए सिस्टम के चलते काफी समस्या का सामना करना पड़ता है।
तत्काल टिकट में यात्रियों को आ रही समस्या
हरदोई रेलवे स्टेशन के अनारक्षित और आरक्षित टिकट काउंटर पर एसी ना होने से पहले से ही रेल कर्मचारी और यात्रियों को काफी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।एसी ना होने से सिस्टम हैंग हो रहे हैं वहीं रेल कर्मचारियों को भी भीषण गर्मी में काफी असुविधा उठानी पड़ रही है। यात्री इस समस्या से तो जूझ ही रहे थे कि अब एक नई समस्या ने यात्रियों की मुसीबतें और बढ़ा दी हैं। हरदोई रेलवे स्टेशन पर बने आरक्षित और अनारक्षित टिकट काउंटर पर बीते 7 दिनों से लाइट की ट्रिपिंग का दौर जारी है। लाइट ट्रिप होते ही सारे कंप्यूटर सिस्टम बंद हो जाते हैं।ऐसे में तत्काल टिकट के समय रेल यात्रियों को सबसे ज्यादा समस्या हो रही है।तत्काल टिकट के समय लाइट के ट्रिप हो जाने से कंफर्म से वेटिंग टिकट रेल यात्रियों के सामने आ जा रहे है जबकि सामान्य आरक्षण में भी यात्रियों को लाइट ट्रिप हो जाने से कंप्यूटर सिस्टम बंद हो जाने पर 5 से 10 मिनट तक और इंतजार करना पड़ता है।
यही हाल अनारक्षित टिकट का है लंबी लाइन के बाद जब यात्री टिकट लेने के लिए खिड़की पर पहुंचते हैं की तभी लाइट ट्रिप हो जाने से अनारक्षित टिकट काउंटर पर लगे कंप्यूटर सिस्टम बंद होने से यात्रियों को अनारक्षित टिकट लेने के लिए भी काफी प्रतीक्षा करनी पड़ती है। जानकारी के मुताबिक इस समस्या को लेकर कई बार मंडल के रेल अधिकारियों को भी अवगत कराया गया है लेकिन अब तक इस समस्या का समाधान नहीं मिल पाया है। जानकारों ने बताया कि 13 अगस्त की रात 10:00 बजे से विद्युत आपूर्ति बाधित हुई जो की 14 अगस्त की रात 3:00 बजे तक बहाल हो सकी है इस दौरान रात एक बजे से तीन बजे तक हरदोई स्टेशन पर अनारक्षित टिकट का वितरण बंद रहा था तब से दिन में कई बार लाइट ट्रिप होने के चलते कंप्यूटर सिस्टम बंद होने का क्रम जारी है।


