×

TRENDING TAGS :

Election Result 2024

Jhansi News: अलग-अलग घटनाओं में आठ लोगों की मौत

Jhansi News: जिले के अलग-अलग स्थानों पर दो महिला समेत आठ लोगों की मौत हो गई। इनमें सड़क हादसे में तीन लोगों की जान चली गई जबकि ट्रेन की चपेट में आने से मजदूर की मौत हो गई।

Gaurav kushwaha
Published on: 24 May 2024 12:59 PM GMT
Jhansi News
X

Symbolic Image (Pic:Newstrack)

Jhansi News: जनपद के अलग-अलग स्थानों पर दो महिला समेत आठ लोगों की मौत हो गई। इनमें सड़क हादसे में तीन लोगों की जान चली गई जबकि ट्रेन की चपेट में आने से मजदूर की मौत हो गई। वहीं, ट्रेन में सफर कर रही महिला की हृदय गति रुकने से जान चली गई। इसी तरह संदिग्ध हालात में तीन लोगों की मौत हुई है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत

अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। वह अपनी ससुराल से घर वापस लौट रहा था, तभी रास्ते में वह सड़क हादसे की शिकार हो गया। एक माह पहले उसकी शादी हुई थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। मऊरानीपुर थाना क्षेत्र के पाठकपुरा मोहल्ले में हेमंत पांचाल परिवार समेत रहता था। वह फर्नीचर का काम करता था। गुरुवार को वह मोटर साइकिल लेकर अपनी ससुराल टीकमगढ़ के एक गांव गया था। रात रुकने के बाद वह शुक्रवार की सुबह बाइक से घर वापस लौट रहा था। टीकमगढ़ रोड पर स्थित दीपक मेमोरियल स्कूल के पास तेज गति से आ रहे अज्ञात वाहन ने मोटर साइकिल में टक्कर मार दी जिससे वह गंभीर रुप से घायल हो गया।

उपचार के लिए उसे मऊरानीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। हालात में सुधार न होने पर मेडिकल कालेज लाया गया। यहां उसकी मौत हो गई। सूचना पर गई पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। परिजनों का कहना है कि एक माह पहले हेमंत कुमार की शादी हुई थी। शादी के कुछ दिनों बाद पत्नी मायके चली गई थी। ससुराल में कोई कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए हेमंत कुमार गया था। कार्यक्रम में शामिल होने के बाद वह शुक्रवार की सुबह वापस घर लौट रहा था, तभी रास्ते में सड़क हादसा हो गया। इसकी सूचना मृतक के ससुरालीजनों को भी दे दी गई।

सड़क हादसों में दो की मौत

अलग- अलग स्थानों पर हुई सड़क दुर्घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई। सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के पाल कालोनी में रहने वाला महेंद्र परिवार बीते रोज बाइक पर सवार होकर घर लौट रहा था। डिवाइडर के पास बाइक टकरा गई जिससे वह घायल हो गया था। घायल अवस्था में उसे मेडिकल कालेज लाया गया था। यहां उसकी मौत हो गई। वहीं, टीकमगढ़ के ग्राम नौपा निवासी पूरन नामदेव सड़क हादसे में घायल हो गया। उपचार के लिए मेडिकल कालेज लाया गया। यहां उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया।

ट्रेन में महिला की मौत

एपी एक्सप्रेस में सफर कर रही महिला की अचानक तबीयत बिगड़ गई। रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। सूचना पर गई रेलवे पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। आंध्र प्रदेश के एलेक क्षेत्र में रहने वाली सखामुडी जयलक्ष्मी परिवार के सदस्यों के साथ एपी एक्सप्रेस की बी-7 कोच में दिल्ली से आंध्र प्रदेश की ओर यात्रा कर रही थी। अचानक ट्रेन में महिला की हालत बिगड़ गई। इसकी सूचना रेलवे चिकित्सकों को दी गई। जैसे ही ट्रेन स्थानीय रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म क्रमांक 2/3 पर आई तो डॉक्टरों ने चेक किया। डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इसकी सूचना रेलवे पुलिस को दी गई। रेलवे पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। रेलवे पुलिस का कहना है कि हृदय गति रुकने से महिला की मौत हुई है।

प्रसव के दौरान महिला की मौत

मेडिकल कालेज में प्रसव के दौरान एक महिला की मौत हो गई। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। टीकमगढ़ के थाना चंदेला के वार्ड नंबर छह देहात में रहने वाली सुजाता देवी को मेडिकल कालेज में प्रसव के चलते भर्ती कराया गया था। बीती रात प्रसव के दौरान अचानक महिला की मौत हो गई। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया।

दो लोगों की रहस्यमय मौत

प्रेमनगर थाना क्षेत्र के विजय नगर हंसारी में रहने वाले ध्रुव नारायण सिंह की रहस्यमय तरीके से मौत हो गई। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। वहीं, चिरगांव थाना क्षेत्र के युदनगर में रहने वाले स्वरुप सिंह यादव की बीमारी के चलते मौत हो गई। सूचना पर गई पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया।

Durgesh Sharma

Durgesh Sharma

Next Story