TRENDING TAGS :
शरारत या साजिश? अलीगढ़ के रेलवे ट्रैक पर मिला LPG गैस सिलेंडर, पायलट ने लगाया इमरजेंसी ब्रेक, फिर...
Aligarh News: रेलवे ट्रैक पर तीन किलोग्राम का एलपीजी गैस सिलेंडर रखा मिला। लोको पायलट ने ट्रैक पर रख सिलेंडर को देख लिया और इमरजेंसी ब्रेक लगा ट्रेन को दूर ही रोक दिया।
Aligarh News
Aligarh News: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जनपद में सीमा फाटक के पास रेलवे ट्रैक पर एलपीजी गैस सिलेंडर मिलने के बाद हड़कंप मच गया। दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग पर खाली एलपीजी गैस सिलेंडर मिलने के बाद लोको पायलट ने अचानक इमरजेंसी ब्रेक लगा दिया। जिससे ट्रेन रूक गयी और बड़ा हादसा टल गया। घटना की जानकारी होने के बाद आरपीएफ टीम मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की।
मिली जानकारी के अनुसार सीमा क्रॉसिंग और जेल पुल के बीच रेलवे ट्रैक पर तीन किलोग्राम का एलपीजी गैस सिलेंडर रखा मिला। लोको पायलट ने ट्रैक पर रख सिलेंडर को देख लिया और इमरजेंसी ब्रेक लगा ट्रेन को दूर ही रोक दिया। लोको पायलट की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया। लेकिन रेलवे ट्रैक पर मिले गैस सिलेंडर ने बड़ा हादसे की साजिश का संदेह पैदा कर दिया। कैफियत एक्सप्रेस आजमगढ़ से रवाना होकर दिल्ली जा रही थी।
तभी अलीगढ़ के रेलवे खंड से गुजरने के दौरान ट्रैक पर लोको पायलट को गैस सिलेंडर दिखायी दिया। पायलट ने तुरंत इमरजेंसी ब्रेक लगा ट्रेन को रोक दिया। सूचना मिलने पर आरपीएफ की टीम और पॉइंट्समैंन मौके पर पहुंचे और रेलवे ट्रैक पर रखे सिलेंडर की जांच की। जांच में सिलेंडर खाली मिला। आरपीएफ के सहायक आयुक्त गुलराज सिंह ने बताया कि जांच में सिलेंडर खाली मिला। मौके से कोई विस्फोटक भी नहीं पाया गया। लेकिन घटना संदिग्ध मानी जा रही है। हालांकि ट्रैक की जांच के बाद ट्रेन को आगे रवाना कर दिया गया।
खंगाले जा रहे सीसीटीवी कैमरे
थाना बन्नादेवी में रेलवे इंजीनियरिंग विभाग के पेट्रोलमैन कुलदीप गुप्ता की शिकायत पर रेलवे एक्ट के तहत अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गयी है। उत्तर मध्य रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच चल रही है। घटना के संबंध में एसपी सिटी मृगांक शेखर पाठक ने बताया कि रेलवे ट्रैक पर खाली एलपीजी गैस सिलेंडर मिला है। मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। क्षेत्र में लगे सभी सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है।


