×

Lucknow University के छात्र रोहित सिंह का UPSC-CDS में चयन, वायु सेना अकादमी में हासिल की AIR-12 रैंक

Lucknow: लखनऊ विश्वविद्यालय के छात्र ने UPSC की कंबाइंड डिफेंस सर्विसेस की परीक्षा प्रथम प्रयास में उत्तीर्ण कर ली है। रोहित ने वायु सेना अकादमी में ऑल इंडिया रैंक- 12 हासिल की है।

Shashwat Mishra
Published on: 4 Jun 2022 11:49 AM GMT
Lucknow University के छात्र रोहित सिंह का UPSC-CDS में चयन, SSB इंटरव्यू पासकर वायु सेना अकादमी में AIR-12 की हासिल
X

रोहित सिंह (फोटो- न्यूजट्रैक) 

Lucknow Latest News: राजधानी के लखनऊ विश्वविद्यालय (Lucknow University) के इंजीनियरिंग संकाय के कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग छात्र रोहित सिंह (Rohit Singh) ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की कंबाइंड डिफेंस सर्विसेस (CDS-II) 2021 की परीक्षा प्रथम प्रयास में उत्तीर्ण की। लिखित परीक्षा एवं एसएसबी इंटरव्यू (SSB Interview) को पास कर रोहित सिंह ने वायु सेना अकादमी (Air Force Academy) में ऑल इंडिया रैंक- 12, भारतीय नौसेना अकादमी में ऑल इंडिया रैंक- 25 और भारतीय सैन्य अकादमी में ऑल इंडिया रैंक- 56 हासिल की।

'सही दिशा में कठिन परिश्रम है सफलता का मूल मंत्र'

छात्र रोहित सिंह ने बताया कि उन्हें बचपन से ही देश सेवा के लिए सेना में जाने का मन था। सीडीएस की तैयारी के लिए उन्होंने पहले अपनी कमियों को पहचाना और अपनी कमियों को स्वीकार कर खुद को सुधारने की कोशिश की। उन्होंने लगन और कड़ी मेहनत से इंजीनियरिंग की पढ़ाई के साथ सी.डी.एस की तैयारी की। खुद के नोट्स बनाकर परीक्षा के हर पहलू को ठीक से समझा।

उनके मुताबिक यहां तैयारी के दौरान महत्वपूर्ण टॉपिक्स को बेहद गहराई के साथ पढ़ना चाहिए और एस.एस.बी. के लिए नियोजित तरीके से तैयारी करनी चाहिए। इस परीक्षा में सही दिशा में कठिन परिश्रम ही सफलता का मूल मंत्र है।

परिवार को दिया चयन का श्रेय

रोहित सिंह ने बताया कि उनकी सफलता में उनके पिता रतन सिंह; जो कि सीआरपीएफ में इंस्पेक्टर हैं, माता सुनीता सिंह एवं बड़े भाई दिवाकर सिंह का महत्वपूर्ण योगदान रहा। उन्होंने बताया कि इंजीनियरिंग संकाय में उन्हें इंजीनियरिंग की पढ़ाई के साथ-साथ प्रतियोगिता परीक्षाओं की तैयारी के लिए उचित मार्गदर्शन एवं अनुकूल माहौल मिला।

इंजीनियरिंग संकाय के प्लेसमेंट इंचार्ज डॉ हिमांशु पांडे ने बताया कि रोहित सिंह की सफलता कड़ी मेहनत, दृढ़ संकल्प, बेहतर रणनीति एवं लक्ष्य पर केंद्रित मन और माता-पिता के प्रयासों का उदाहरण है। उन्होंने साबित कर दिखाया कि कैसे खुद की क्षमताओं पर भरोसा कर सफलता अर्जित की जा सकती है।

विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर आलोक कुमार राय एवं इंजीनियरिंग संकाय के इंचार्ज प्रोफेसर आर.एस. गुप्ता ने रोहित सिंह की इस उपलब्धि पर बधाई दी।

दोस्तों देश और दुनिया की खबरों को तेजी से जानने के लिए बने रहें न्यूजट्रैक के साथ। हमें फेसबुक पर फॉलो करने के लिए @newstrack और ट्विटर पर फॉलो करने के लिए @newstrackmedia पर क्लिक करें।

Shreya

Shreya

Next Story