BJP सरकार पर जमकर बरसे अखिलेश यादव, बोले- महिलाओं पर अत्याचार बढ़े, जीरो टॉलरेंस नीति हुई फेल

Lucknow News: अखिलेश यादव ने बीजेपी पर तीखा हमला करते हुए उनकी नीतियों को फेल बताया है।

Virat Sharma
Published on: 22 Jun 2025 3:32 PM IST (Updated on: 22 Jun 2025 6:21 PM IST)
Akhilesh Yadav
X

Akhilesh Yadav

Lucknow News: उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में महिलाओं पर अत्याचार के मामले लगातार बढ़ रहे हैं, और सरकार की "जीरो टॉलरेंस" की नीति पूरी तरह फेल हो चुकी है।

अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार पुलिस से राजनीतिक काम ले रही है और विपक्ष के नेताओं पर झूठे मुकदमे लगवाकर उन्हें परेशान किया जा रहा है। उन्होंने कहा जब सरकार पुलिस से राजनीति करवाएगी, तब कानून व्यवस्था की उम्मीद नहीं की जा सकती। भाजपा ने पुलिस को केवल सियासी टूल बना दिया है।अखिलेश ने दावा किया कि राज्य की महिलाएं अब भाजपा से दूर हो चुकी हैं। उन्होंने कहा कि महिलाएं अब इस सरकार से ना उम्मीद हो चुकी हैं, क्योंकि उनके लिए न सुरक्षा है, न सम्मान।

समाजवादी योजनाओं को तोड़-मरोड़ कर चला रही भाजपा

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी सरकार में जो जनकल्याणकारी योजनाएं चलाई गई थीं, उन्हें भाजपा सरकार ने तोड़-मरोड़ कर अपने नाम से लागू किया। उन्होंने कहा कि सपा सरकार आने पर 'स्त्री सम्मान समृद्धि योजना' लागू की जाएगी, जिससे गरीब और पीड़ित महिलाओं को लाभ मिलेगा।

उन्होंने कहा कि सपा सरकार में समाजवादी पेंशन योजना के तहत गरीब महिलाओं को 500 रुपए की पेंशन मिलती थी, लेकिन अब भाजपा सरकार आने पर यह बंद कर दी गई। समाजवादी सरकार बनने पर यह पेंशन 3 हजार रुपए कर दी जाएगी।

लैपटॉप की जगह टैबलेट, 1090 को किया खत्म

अखिलेश यादव ने कहा कि बीजेपी सरकार ने 'विद्याधन योजना' को भी बंद कर दिया, जिसके तहत बेटियों को लैपटॉप दिए जाते थे। अब अमृतकाल के नाम पर सिर्फ टैबलेट बांटे जा रहे हैं, जिनकी गुणवत्ता पर सवाल हैं। अखिलेश ने'1090 वीमेन पावर लाइन' का जिक्र करते हुए कहा कि समाजवादी सरकार के समय यह योजना महिलाओं के लिए सुरक्षा की मिसाल थी, लेकिन भाजपा सरकार ने इसे बजट न देकर और अन्य रुकावट करके इसे खत्म कर दिया। उन्होंने वादा किया कि सत्ता में आने पर 1090 को और मजबूत किया जाएगा।

महिलाओं की राजनीति में भागीदारी बढ़ाएगी

वहीं पंचायती राज व्यवस्था पर बोलते हुए अखिलेश ने कहा कि नेताजी के समय महिलाओं को पंचायतों में आरक्षण मिला, जिससे उनकी भागीदारी में इजाफा हुआ। उन्होंने कहा कि 2027 में जब सपा की सरकार बनेगी तो संगठन की महिलाओं को बड़ी संख्या में चुनाव मैदान में उतारा जाएगा।

चुनाव प्रणाली और ईवीएम पर सवाल

इस दौरान अखिलेश यादव ने चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए कहा कि कुंदरकी में चुनाव के दौरान वर्दीधारी पुलिसकर्मी वोट डालते देखे गए। उन्होंने चुनाव आयोग से मांग की कि मतदान केंद्रों के सीसीटीवी फुटेज सार्वजनिक किए जाएं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जब अमेरिका जैसे देश में पेपर बैलट से वोटिंग हो रही है तो भारत में क्यों नहीं? मशीन का बटन दबाकर लोग गुस्सा निकाल रहे हैं।

सरकार में घमासान और फर्जी एनकाउंटर का आरोप

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा सरकार के अंदर गंभीर आपसी मतभेद हैं। "विधायक और मंत्री आपस में नहीं बनाते, बंटवारे को लेकर झगड़ा चल रहा है। वहीं अखिलेश ने फर्जी एनकाउंटर की घटनाओं पर भी सरकार को घेरा और कहा कि जो दूसरों के लिए गड्ढा खोदते हैं, वे खुद उसमें गिरते हैं।

भाजपा नहीं भारतीय जमीन पार्टी

अखिलेश यादव ने लखनऊ के एक मॉल और किसान बाजार की जमीन को लेकर भी सरकार पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि किसान बाजार में अब होटल बन गया है। ये भारतीय जनता पार्टी नहीं, भारतीय ज़मीन पार्टी है। अखिलेश ने कहा कि बीजेपी जेपीएनआईसी बेचना चाहती थी। अगर वह बचेगा तो सपा उसे खरीदेगी।

1 / 7
Your Score0/ 7
Virat Sharma
ABOUT THE AUTHOR

Virat Sharma

Virat Sharma is a former Reporter at Newstrack.com.

Next Story