×

Mathura News: बांके बिहारी के दर्शन को वृंदावन पहुंचे रॉबर्ट वाड्रा, अमेठी सीट को लेकर दिया बड़ा बयान

Mathura News: सोमवार सुबह अचानक बांके बिहारी मंदिर पहुंचे रॉबर्ट वाड्रा ने सबसे पहले भगवान बांके बिहारी के दर्शन किए और पूजन अर्चन किया। इसके बाद उन्होंने भगवान बांके बिहारी की श्रृंगार आरती की।

Network
Newstrack Network
Published on: 15 April 2024 8:02 AM GMT
mathura news
X

बांके बिहारी के दर्शन को वृंदावन पहुंचे रॉबर्ट वाड्रा (न्यूजट्रैक)

Mathura News: कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी के पति रॉबर्ट वाड्रा सोमवार सुबह अचानक भगवान बांके बिहारी के दर्शन करने वृंदावन पहुंचे। यहां उन्होंने भगवान बांके बिहारी की श्रृंगार आरती की और पूजन अर्चन किया। इस दौरान उन्होंने बातचीत करते हुए कहा कि देश में धर्म निरपेक्षता हो, सुख-शांति का माहौल बना रहे।

बांके बिहारी मंदिर में किया पूजन

सोमवार सुबह अचानक बांके बिहारी मंदिर पहुंचे रॉबर्ट वाड्रा ने सबसे पहले भगवान बांके बिहारी के दर्शन किए और पूजन अर्चन किया। इसके बाद उन्होंने भगवान बांके बिहारी की श्रृंगार आरती की। इस दौरान मंदिर के सेवायत घनश्याम गोस्वामी ने उनको मंत्रों के बीच पूजन अर्चन कराया। दर्शन करने के बाद मंदिर के पुजारियों ने उनको भगवान का अंग वस्त्र और प्रसाद भेंट किया।

हाथ में बांसुरी थामे नजर आए रॉबर्ट वाड्रा

बांके बिहारी जी के दर्शन कर जब वह बाहर आए तो उनके माथे पर चंदन था। तन पर भगवान का प्रसादी वस्त्र। इसके अलावा उन्होंने हाथों में कान्हा की मुरली भी ली हुई थी। दर्शन कर वापस जाते समय रॉबर्ट वाड्रा ने वृंदावन की प्रसिद्ध कचौड़ी का भी स्वाद लिया।

राहुल-प्रियंका की मेहनत को देश समझे

दर्शन करने के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए रॉबर्ट वाड्रा ने कहा कि बांके बिहारी के दर्शन कर वह बहुत खुश हैं। उनकी प्रार्थना है कि देश में सुख शांति का माहौल हो। रॉबर्ट वाड्रा ने कहा कि उनका पूरा परिवार देश के साथ लगा हुआ है। प्रचार कर रहे हैं लोगों की समस्या समझ रहे हैं, उसका समाधान होगा। लोग राहुल,प्रियंका की मेहनत को समझें। मैं प्रार्थना करने आया हूं कि वह सफल हों। देश की आवाज बुलंद करनी है और सेक्युलर देश को आगे रखना है।

अमेठी पर कहा पूरे देश से पुकार है

अमेठी से चुनाव लडने के सवाल पर कहा कि वहां से पुकार आ रही है। वहां की सांसद ने जो वादे किए वह पूरे नहीं किए। लोग मुश्किल में हैं वह चाहते हैं कि गांधी परिवार का कोई भी सदस्य उनका प्रतिनिधित्व करे। वहां के लोगों को लग रहा है कि जब गांधी परिवार उनके साथ था तब प्रगति हुई थी पर उनसे एक गलती हुई कि स्मृति ईरानी जी को समय दिया। क्योंकि वह न दिलचस्पी लेती हैं न काम करती हैं। उनका केवल मकसद रहता है मीडिया में आना। अमेठी से क्या रॉबर्ट वाड्रा कांग्रेस के उम्मीदवार होंगे तो उन्होंने इस सवाल पर कहा कि सभी जगह से पुकार आ रही है। कांग्रेस को लगेगा कि मुझे सक्रिय राजनीति में आना चाहिए और परिवार का आशीर्वाद होगा तभी मैं आऊंगा। लेकिन फिर भी अमेठी और हर जगह का चक्कर लगाऊंगा। वहां जो भी मुश्किल हैं लोगों की उसमें जो समाधान होगा वह करूंगा।

मथुरा जन्मभूमि पर कहा कि लोगों की मांग होनी चाहिए

अयोध्या में राम मंदिर बनने के बाद मथुरा में भगवान श्री कृष्ण के मंदिर बनने की उठ रही मांग के सवाल पर रॉबर्ट वाड्रा ने कहा मंदिर वहां बना है लेकिन लोगों की जो मांग है वह जरूर पूरी होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि वह हर जगह को एक नजर से देखते हैं इसमें राजनीति की बात होनी नहीं चाहिए। जब भी किसी को परेशानी होती है वह अपने भगवान को याद करते हैं।

Shishumanjali kharwar

Shishumanjali kharwar

कंटेंट राइटर

मीडिया क्षेत्र में 12 साल से ज्यादा कार्य करने का अनुभव। इस दौरान विभिन्न अखबारों में उप संपादक और एक न्यूज पोर्टल में कंटेंट राइटर के पद पर कार्य किया। वर्तमान में प्रतिष्ठित न्यूज पोर्टल ‘न्यूजट्रैक’ में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं।

Next Story