Muzaffarnagar News: वैष्णो देवी हादसे में मुजफ्फरनगर के 6 लोगों की मौत, कई घायल और लापता

Muzaffarnagar: इस टोली में से पांच लोगों की मौत हुई है, जबकि कई घायल और कुछ लापता बताए जा रहे हैं।

Amit Kaliyan
Published on: 28 Aug 2025 8:11 PM IST
Muzaffarnagar News: वैष्णो देवी हादसे में मुजफ्फरनगर के 6 लोगों की मौत, कई घायल और लापता
X

पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री संजीव बालियान  (photo: social media ) 

Muzaffarnagar News: जम्मू-कश्मीर में माता वैष्णो देवी के रास्ते पर हुए भूस्खलन हादसे में उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के छह लोगों के मारे जाने की सूचना मिली है। जनपद के नगर कोतवाली क्षेत्र के रामलीला टिल्ला निवासी कार्तिक की मौत की पुष्टि हुई थी, वहीं रामपुरी मोहल्ले की 23 सदस्यों वाली एक टोली भी इसी हादसे की चपेट में आई है। इस टोली में से पांच लोगों की मौत हुई है, जबकि कई घायल और कुछ लापता बताए जा रहे हैं। अब तक कुल छह मौतें मुजफ्फरनगर से हुई बताई जा रही हैं।

पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री संजीव बालियान गुरुवार को पीड़ित परिवारों से मिलने पहुंचे। उन्होंने मीडिया से कहा कि पहले केवल कार्तिक की मौत की खबर थी, लेकिन हाल ही में पता चला कि रामपुरी मोहल्ले के पांच और लोग इस हादसे में मारे गए हैं। मृतकों में रामवीरी नामक एक महिला और उसकी बेटी अंजलि भी शामिल हैं। बालियान ने बताया कि घायल लोगों का इलाज चल रहा है और कुछ लोग अभी भी लापता हैं। प्रशासन मृतकों के शव जल्द से जल्द उनके परिवारों को पहुंचाने और घायलों के इलाज का प्रबंध करने में जुटा है। पठानकोट से आगे का रास्ता खुल गया है, जिससे राहत कार्य में तेजी आई है।

उन्होंने कहा कि जुगल किशोर, जो इस क्षेत्र के सांसद हैं, उनसे भी बात हुई है और गवर्नर से भी संपर्क किया गया है ताकि मदद समय पर पहुंच सके। बालियान लगातार प्रभावित लोगों से संपर्क में हैं और हर संभव मदद का प्रयास कर रहे हैं।

प्रशासन से मदद की अपील

मृतकों के परिवारों ने प्रशासन से मदद की अपील की है। संदीप कुमार, जो रामपुरी के निवासी हैं, ने बताया कि उनकी भाभी रामवीरी और भतीजी अंजलि इस हादसे में मारी गईं। उन्होंने कहा कि अभी तक प्रशासन की ओर से कोई सहायता नहीं मिली है और वे सरकार से अपनी जान गंवाने वाले और घायल परिवारजनों के लिए मदद की मांग कर रहे हैं।

इसी टोली के एक अन्य परिवार के बुजुर्ग देशराज सिंह ने बताया कि उनके परिवार के पांच सदस्य, जिनमें उनके बेटे अजय कुमार, उनकी पत्नी मोनिका, दो पोते और एक पोती शामिल हैं, हादसे का शिकार हुए हैं। अजय कुमार और पोती पूर्वी के पैर गंभीर रूप से घायल हैं। देशराज ने बताया कि दो बच्चे लापता हैं और अभी तक किसी अधिकारी ने उनसे संपर्क नहीं किया। उनका अनुरोध है कि लापता बच्चों को जल्द से जल्द खोजकर परिवार के पास पहुंचाया जाए ताकि वे सुरक्षित घर लौट सकें।

25 तारीख को वैष्णो देवी के लिए निकली यह टोली अब तक भारी हादसे की चपेट में आई है, और परिवार वाले प्रशासन से जल्दी सहायता की मांग कर रहे हैं।

1 / 6
Your Score0/ 6
Amit Kaliyan
ABOUT THE AUTHOR

Amit Kaliyan

वरिष्ठ संवाददाता, मुज़फ़्फ़रनगरamitkaliyanmznnews@gmail.com
Next Story