×

Mainpuri By-Elections 2022 : उपचुनाव से पहले सपा का बड़ा दांव, आलोक शाक्य को बनाया मैनपुरी जिलाध्यक्ष

Mainpuri By-Elections 2022 : समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) ने उप चुनाव से पहले पूर्व मंत्री आलोक शाक्य को मैनपुरी का जिलाध्यक्ष बनाया है।

aman
Written By aman
Published on: 9 Nov 2022 12:48 PM GMT (Updated on: 9 Nov 2022 12:53 PM GMT)
samajwadi party appointed former minister alok shakya the district president of mainpuri
X

Alok Shakya (Social Media) 

Mainpuri By-Elections 2022 : समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) ने उप चुनाव से पहले पूर्व मंत्री आलोक शाक्य को मैनपुरी का जिलाध्यक्ष बनाया है। सपा के लिए मैनपुरी चुनाव बेहद अहम है। बता दें, आलोक कुमार शाक्य मैनपुरी के ही निवासी हैं। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 में शाक्य मैनपुरी जिले के भोगांव विधानसभा सीट के सपा प्रत्याशी रहे थे। सपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने बुधवार (09 नवंबर) की शाम शाक्य के नाम की घोषणा की।

मैनपुरी लोकसभा सीट के लिए होने वाले उपचुनाव से पहले आलोक शाक्य की नियुक्ति को समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव के बड़े दांव के तौर पर देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि, सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव मैनपुरी उप चुनाव से पहले जातीय समीकरण साधने की कोशिश की है। बता दें, कि आलोक शाक्य मैनपुरी के भोगांव के रहने वाले हैं। सपा सरकार में वो मंत्री भी रह चुके हैं।

सपा के 'अभेद्य किले' को भेदना बीजेपी के लिए चुनौती

मैनपुरी लोकसभा उपचुनाव की घोषणा के बाद से ही समाजवादी पार्टी और प्रमुख प्रतिद्वंद्वी दल भारतीय जनता पार्टी जिले में के जनाधार वाली जातियों को लामबंद करने की कोशिश कर रहे हैं। जातियों के इसी साधने के प्रयास में आज आलोक शाक्य की नियुक्ति हुई है। दरअसल, मैनपुरी सपा का अभेद्य किला रहा है। मुलायम सिंह यादव के जीवित रहने तक किसी भी पार्टी के लिए इस गढ़ को भेदना संभव नहीं रहा। मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद बीजेपी को यहां एक मौका दिख रहा है।

बीजेपी उतार सकती है कोई शाक्य चेहरा

माना जा रहा है कि, बीजेपी मैनपुरी सीट के लिए किसी शाक्य प्रत्याशी को ढूंढ रही है। बीजेपी किसी शाक्य चेहरे को मैनपुरी सीट से मैदान में उतारे उससे पहले सपा ने आलोक शाक्य को पेश कर मतदाताओं को साधने का बड़ा दांव खेला है। इसी के तहत भोगांव निवासी और पूर्व मंत्री आलोक शाक्य को जिलाध्यक्ष बनाया गया है।

मैनपुरी में 5 दिसंबर को वोटिंग

भारत निर्वाचन आयोग (Election Commission of India) देश के अलग-अलग राज्यों में खाली हुई लोकसभा तथा विधानसभा सीटों के लिए चुनाव तारीखों का ऐलान कर चुकी है। इन सीटों पर 5 दिसंबर को उप चुनाव के लिए मतदान होंगे, जबकि, 8 दिसंबर को गुजरात और हिमाचल प्रदेश के साथ ही मतगणना होगी। मैनपुरी सीट पर भी इन्हीं तारीखों को वोटिंग और काउंटिंग होगी। समाजवादी पार्टी के संस्थापक और प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव मैनपुरी सीट से ही जीतकर लोकसभा पहुंचे थे। उनके निधन के बाद ये सीट खाली हुई है।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story