TRENDING TAGS :
Shravasti श्रावस्ती में सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाई गई”
Shravasti News : श्रावस्ती में सरदार पटेल की 150वीं जयंती राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाई गई, जनप्रतिनिधियों ने यूनिटी मार्च में भाग लिया
Shravasti News ( Image From Social Media )
Shravasti News : जिले में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ नगर पालिका परिषद भिनगा के अंतर्गत दहाना स्थित पटेल चौक से किया गया।इस दौरान उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक सहकारी विपणन संघ के सभापति नवलेश प्रताप सिंह, यूपी के पूर्व कैबिनेट मंत्री मुकुट बिहारी वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष दद्दन मिश्रा, विधायक रामफेरन पाण्डेय, सदस्य विधान परिषद डॉ. प्रज्ञा त्रिपाठी, जिलाध्यक्ष डॉ. मिश्रीलाल वर्मा, जिलाधिकारी अश्विनी कुमार पाण्डेय एवं सीडीओ शाहिद अहमद ने सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण और पुष्प अर्पित कर शुभारंभ किया।
इसके बाद जनप्रतिनिधियों एवं जिलाधिकारी ने “रन फॉर यूनिटी” कार्यक्रम के अंतर्गत ’’यूनिटी मार्च’’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रैली पटेल चौक दहाना से प्रारंभ होकर कलेक्ट्रेट तक आयोजित की गई, जिसमें जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों/कर्मचारियों, पुलिस विभाग, होमगार्ड, पीआरडी जवान और स्कूली बच्चों ने भाग लिया।
कलेक्ट्रेट तथागत हाल में मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी ने उपस्थित सभी अधिकारियों/कर्मचारियों से ’’राष्ट्रीय एकता दिवस’’ की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय हरिहरपुररानी की छात्राओं ने सांस्कृतिक एवं देशभक्ति गीतों पर प्रस्तुति दी। इसी अवसर पर सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के पंजीकृत कलाकार शाहिद रजा ने भी देशभक्ति गीतों पर प्रस्तुति दी, जिसे लोगों ने खूब सराहा।
सभापति नवलेश ने कहा कि सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर हम उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन करते हैं। उनके कार्यों से प्रेरणा लेकर हम समाज में एकता, समरसता और विकास को आगे बढ़ाएंगे। उन्होंने न केवल रियासतों का एकीकरण किया बल्कि गरीबों, पिछड़ों और किसानों को सहकारिता से जोड़कर देश को आगे बढ़ाने का मार्ग प्रशस्त किया।
पूर्व कैबिनेट मंत्री मुकुट बिहारी ने कहा कि सरदार पटेल भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के महान नेता थे, जिन्होंने भारतीय समृद्धि और एकता में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्हें लौह पुरुष और एकता के पिता के रूप में जाना जाता है। उनकी जयंती पर हमें उनके आदर्शों का पालन करना चाहिए।जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि सरदार पटेल का अखंड भारत के निर्माण में अतुलनीय योगदान है। उनकी दूरदृष्टि और कठोर संकल्पशक्ति ने देशभर की रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर भारत की अखंडता सुनिश्चित की।
विधायक ने कहा कि सरदार पटेल ने देश को एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता का संदेश दिया। उनके आदर्श हमारे लिए प्रेरणा हैं और हमें उनके दिखाए मार्ग पर चलकर समाज और जिले को मजबूत बनाना चाहिए।जिलाधिकारी ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल को स्वतंत्रता संग्राम के प्रमुख हस्तियों में गिना जाता है। राष्ट्र को एक साथ लाने में उनका योगदान अतुलनीय है। सरकार ने 2014 से उनकी जयंती को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी अमरेन्द्र कुमार वर्मा, अपर जिलाधिकारी न्यायिक अशोक कुमार, उपजिलाधिकारी आशीष भारद्वाज व ओमप्रकाश, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अजय कुमार गुप्ता, जिला युवा कल्याण अधिकारी सहित अन्य अधिकारी/कर्मचारी, छात्र-छात्राएं और भारी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।साथ ही जिले के सभी सरकारी कार्यालयों और विद्यालयों में सरदार पटेल की जयंती धूमधाम से मनाई गई और लोगों को राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ दिलाई गई।


