TRENDING TAGS :
एलन मस्क को देश से निकालें, SpaceX जब्त! अमेरिक में दो दोस्तों के झगड़े में तीसरे ने रच दी साजिश
Trump vs Musk: मस्क के अमेरिका में रहने के कानूनी दर्जे की जांच कराई जाए और यदि अनियमितता पाई जाए तो बाहर करें...
Trump vs Musk: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और अरबपति उद्यमी एलन मस्क के बीच चल रही बयानबाज़ी अब वैश्विक सुर्खियां बन चुकी है। दोनों एक-दूसरे पर लगातार आरोप-प्रत्यारोप लगा रहे हैं, जिससे यह टकराव अब व्यक्तिगत हमलों की दिशा में बढ़ता नजर आ रहा है। इस बीच व्हाइट हाउस के पूर्व रणनीतिकार और मीडिया टायकून स्टीव बैनन ने ट्रंप से आग्रह किया है कि एलन मस्क के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएं।
बैनन ने ट्रंप को सुझाव दिया है कि मस्क के अमेरिका में रहने के कानूनी दर्जे की जांच कराई जाए और यदि अनियमितता पाई जाए तो उन्हें अमेरिका से डिपोर्ट किया जाए। इतना ही नहीं, उन्होंने मस्क की एयरोस्पेस कंपनी SpaceX को ज़ब्त करने की भी मांग की है। बैनन का कहना है कि डिफेंस प्रोडक्शन एक्ट का उपयोग कर ट्रंप प्रशासन को SpaceX पर नियंत्रण स्थापित करना चाहिए। बैनन ने यह मांग ऐसे वक्त में उठाई है जब मस्क ने कथित तौर पर SpaceX के कई बड़े प्रोजेक्ट्स को रोकने की चेतावनी दी थी। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए बैनन ने कहा कि ट्रंप को Executive Order जारी कर कंपनी को अपने नियंत्रण में ले लेना चाहिए। उल्लेखनीय है कि डिफेंस प्रोडक्शन एक्ट कोरियाई युद्ध के दौरान लागू हुआ था, जो राष्ट्रपति को आपातकालीन स्थिति में निजी कंपनियों पर अधिकार देने की अनुमति देता है।
ट्रंप और मस्क के बीच क्यों बढ़ा तनाव?
मस्क और ट्रंप के बीच मतभेद की एक बड़ी वजह है एक नया बिल, जिसमें इलेक्ट्रिक व्हीकल्स पर मिलने वाली टैक्स छूट को खत्म करने का प्रस्ताव है। बाइडेन सरकार के तहत नए EV पर $7,500 की छूट मिलती थी, लेकिन ट्रंप प्रशासन इस नीति को समाप्त करने की योजना बना रहा है। यह निर्णय सीधे तौर पर मस्क की कंपनी Tesla के हितों पर असर डालता है, जिसने पहले ही 2 लाख से अधिक EV बेच दिए हैं।
दूसरा विवाद NASA की लीडरशिप को लेकर है। मस्क चाहते थे कि उनके करीबी और भरोसेमंद सहयोगी जेरेड इसाकमैन को NASA का एडमिनिस्ट्रेटर बनाया जाए, लेकिन ट्रंप ने इस सिफारिश को ठुकरा दिया। मस्क को उम्मीद थी कि इससे उनकी दूसरी कंपनी SpaceX को रणनीतिक लाभ मिल सकता था।
इसके अलावा ट्रंप ने मस्क को DOGE (Director of Government Efficiency) का पद सौंपा था, जिसका काम सरकारी खर्चों में कटौती करना था। इस पद के तहत हुई भारी छंटनियों का दोष मस्क पर आया और उनकी सार्वजनिक छवि को नुकसान पहुंचा। लोगों में यह धारणा बनी कि मस्क मनमाने तरीके से लोगों को नौकरी से निकाल रहे हैं। बता दें कि डोनाल्ड ट्रंप और एलन मस्क के बीच बढ़ती दूरी अब महज़ राजनीतिक या आर्थिक नहीं रह गई है, बल्कि यह टकराव निजी नाराजगी और शक्ति संघर्ष में बदलता नजर आ रहा है।


