TRENDING TAGS :
चीन की चालाकी! भारत का डर दिखा पाक से कमा रहा मुनाफा, सामने रखी पेशकश
Pakistan-China Weapon Deal: भारत की इस मजबूती से सबसे ज्यादा डर पाकिस्तान को लग रहा है और पाकिस्तान के इसी डर का चीन लाभ उठाने की फिराक में है।
chaina pakistan arms deal
Pakistan-China Weapon Deal: भारत की बढ़ती सैन्य क्षमता ने पाकिस्तान की नींद उड़ा रखी है। वहीं ड्रैगन पाकिस्तान की इस कमजोरी से तगड़ा मुनाफा कमाने की कोशिश कर रहा है। पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के जरिए पाकिस्तान को धूल चटा दी। भारत ने पाकिस्तान के आतंकी ठिकानों पर चुन-चुनकर हमला किया। इसके साथ ही कई आतंकवादियों को मिट्टी में मिला दिया।
‘ऑपरेशन सिंदूर’ में भारत के स्वदेशी हथियारों की धमक पूरी दुनिया ने देखी। भारत के पास राफेल, तेजस और स्वदेशी मिसाइलों को पूरा जखीरा मौजूद है। जिससे भारतीय सैन्य ताकत लगातार मजबूत हो रही है। वहीं भारत की इस मजबूती से सबसे ज्यादा डर पाकिस्तान को लग रहा है और पाकिस्तान के इसी डर का चीन लाभ उठाने की फिराक में है। ‘भारत के खतरे’ का हवाला देकर चीन पाकिस्तान से हथियारों की डील करना चाह रहा है। इसी क्रम में चीन ने पाकिस्तान के सामने उन्नत जे-35 स्टेल्थ फाइटर जेट्स, KJ-500 AWACS और HQ-19 एयर डिफेंस सिस्टम देने की पेशकश की है।
जे-35 स्टेल्थ फाइटर से पाकिस्तान की वायु शक्ति हो सकती है मजबूत
चीन के पांचवीं पीढ़ी का स्टेल्थ फाइटर जेट जे-35 अमेरिका के एफ-35 के समकक्ष माना जाता है। यह उन्नत स्टील्थ तकनीक, गति, और सेंसर फ्यूजन क्षमताओं से लैस है। इससे पाकिस्तान को वायु क्षेत्र में रणनीतिक बढ़त मिल सकती है। ऐसा माना जा रहा है कि अगर चीन के ये 40 फाइटर जेट पाकिस्तान एयर फोर्स में शामिल हो जाते हैं तो यकीनन पाक के प्रतिद्वंद्वियों के खिलाफ प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाने वाली साबित होगी। चीन के पांचवी पीढ़ी का स्टेल्थ फाइटर जेट जे-35 पाकिस्तान के मौजूदा जेएफ-17 थंडर फ्लीट को सहयोग करेगा।
KJ-500 AWACS रखेगा पैनी निगाह
चीने का केजे -500 एक उन्नत श्रेणी के रडार प्रणाली से लैस एडब्ल्यूएसीएस विमान है। इसकी क्षमता भी काफी उन्नत है। यह काफी दूर से समुद्री और हवाई लक्ष्यों को पहचानने में सक्षम है। केजे -500 एडब्ल्यूएसीएस वायुसेना और थलसेना दोनों को रियल-टाइम इंटेलिजेंस देने में सक्षम है। इसके जरिए जटिल सैन्य अभियानों का आसानी से संचालन किया जा सकेगा। इससे पाकिस्तान की सैन्य क्षमता में सुधार होगा। यह पाकिस्तान की एयर अर्ली वार्निंग क्षमता में जबरदस्त सुधार करेगा।
एचक्यू-19 एयर डिफेंस सिस्टम करेगा हवाई हमलों से बचाव
चीन का एचक्यू-19 काफी उन्नत श्रेणी का एयर डिफेंस सिस्टम है। यह बैलिस्टिक और क्रूज़ मिसाइलों के साथ ही लड़ाकू विमानों को भी इंटरसेप्ट करने की क्षमता रखता है। चीन के इस एयर डिफेंस सिस्टम को रूसी एस-400 के समकक्ष माना जाता है। चीन के इस एयर डिफेंस सिस्टम से पाकिस्तान के सैन्य ठिकानों और अहम बुनियादी ढांचे की सुरक्षा मज़बूत होगी।


