TRENDING TAGS :
मुस्लिम देशों एकजुट हो जाओ! अमेरिका और इजरायल भरोसेमंद नहीं, खामनेई का बड़ा बयान
ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला खामनेई ने मुस्लिम देशों को एकजुट होने की अपील की है, अमेरिका और इजरायल को लेकर दी चेतावनी।
ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामनेई ने हाल ही में एक बड़ा बयान दिया है, जिसमें उन्होंने अमेरिका और इजरायल के खिलाफ दुनिया भर के मुस्लिम देशों को एकजुट होने की अपील की है। यह बयान तब आया जब इजरायल ने दो दिन पहले कतर की राजधानी दोहा और यमन की राजधानी सना पर हमले किए थे। खामनेई ने मुस्लिम देशों से कहा कि वे अमेरिका और इजरायल की चालों को समझें और उनके खिलाफ एकजुट होकर खड़े हों।
खामनेई ने दी चेतावनी
खामनेई ने अपनी पोस्ट में कहा, "क्षेत्रीय देशों को यह समझना चाहिए कि अमेरिका भरोसेमंद नहीं है। वह केवल मुस्लिम देशों को अपने साम्राज्यवादी हितों को सुरक्षित रखने के लिए इस्तेमाल करता है। अमेरिका उनका धन और सैनिक बल अपनी स्वार्थपूर्ण नीतियों के लिए उपयोग करता है।" उन्होंने यह भी कहा कि क्षेत्र की समस्याओं का हल मुस्लिम देशों की एकता, आपसी सहयोग और साम्राज्यवादी ताकतों के खिलाफ दृढ़ता से खड़े होने में है।
मुस्लिम देशों से एकजुटता की अपील
ईरान के सुप्रीम लीडर ने आगे मुस्लिम देशों से यह अपील की कि वे एकजुट होकर अमेरिका और इजरायल के खिलाफ खड़े हों। उनका मानना है कि इस तरह से ही इन देशों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकती है। इससे पहले, अमेरिका और इजरायल ने मिलकर ईरान के तीन परमाणु ठिकानों पर बमबारी की थी। अमेरिका ने इन ठिकानों को नष्ट करने के लिए बी-2 स्टील्थ बम्बरों का इस्तेमाल किया था, जो 200 फीट गहराई में जाकर ढांचों को तहस-नहस कर सकते हैं।
कतर पर इजरायल का हमला
खामनेई का यह बयान इजरायल द्वारा कतर की राजधानी दोहा में किए गए हमले के बाद आया है। इजरायल का कहना है कि उसने हमास के नेताओं को निशाना बनाकर यह हमला किया था। खबरों के अनुसार, हमास के कुछ टॉप नेता दोहा में इजरायल के खिलाफ रणनीति बनाने के लिए बैठक कर रहे थे, जब इजरायली सेना ने खुफिया जानकारी के आधार पर इस स्थान पर हमला किया। इस हमले में हमास के पांच सदस्य मारे गए, हालांकि मुख्य नेता सुरक्षित बताए गए हैं।


