TRENDING TAGS :
अफगानिस्तान में 'महासंकट'! काबुल में पानी की कमी से हाहाकार, 5 साल में एक बूंद भी नहीं बचेगी
Kabul Water Crisis: अफगानिस्तान की राजधानी काबुल गंभीर जल संकट का सामना कर रही है। रिपोर्ट के अनुसार, 2030 तक काबुल पूरी तरह पानीविहीन हो सकता है।
Kabul water crisis (Photo: Social Media)
Kabul Water Crisis: अफगानिस्तान की राजधानी काबुल, जो हिंदूखुश की खूबसूरत वादियों में बसा है, प्यास से मरने की कगार पर है। कभी संस्कृति, इतिहास और व्यापार का गढ़ माना जाने वाला यह शहर आने वाले पांच सालों में पूरी तरह से पानीविहीन हो सकता है। पूरे शहर में एक भी बूंद पानी नहीं बचेगा। ये हम नहीं, बल्कि नॉनप्रॉफिट संस्था मर्सी कॉर्प्स की रिपोर्ट में बताया गया है।
जमीन के नीचे से सूख रही है जिंदगी
मर्सी कॉर्प्स की रिपोर्ट के अनुसार, बीते 10 सालों में काबुल का भूजल स्तर 25 से 30 मीटर नीचे गिर चुका है। हर साल जितना पानी निकाला जा रहा है, वह काबुल की जल क्षमता से 4.4 करोड़ क्यूबिक मीटर ज्यादा है। यानी जितना भर पा रहा है, उससे कई गुना ज्यादा निकाला जा रहा है।
क्यों काबुल पर मंडरा रहा पानी का संकट?
काबुल की जल समस्या जलवायु परिवर्तन की वजह से गहराती जा रही है। विशेषज्ञों ने भी चेतावनी दी है कि अगर समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो लाखों लोग विस्थापित हो सकते हैं। नीचे देखिए काबुल में बढ़ते जल संकट के कारण-
जलवायु परिवर्तन: काबुल को प्यासा बनाने में सबसे बड़ा हाथ बदलते मौसम का है। बर्फबारी कम हो रही है और जो बर्फ गिरती है, वह समय से पहले पिघल जाती है। 2023 में सामान्य से 50% कम बारिश हुई, जिससे जमीन पानी को सोख ही नहीं पाई।
सरकार की नींद और योजनाओं का कागजी खेल: 170 मिलियन डॉलर की लागत वाली पंजशीर नदी से पानी लाने की योजना अभी तक फाइलों में धूल खा रही है। पाइपलाइनें टपक रही हैं, वर्षाजल संग्रहण नदारद है और प्रशासन आंखें मूंदे बैठा है।
60 लाख की आबादी और प्यास बढ़ाता विस्तार: साल 2001 में काबुल की आबादी सिर्फ 10 लाख थी, लेकिन अब यह 60 लाख पार कर चुकी है। युद्ध, पलायन और अस्थिरता ने शहर को इतना बोझिल बना दिया है कि उसके जल संसाधन दम तोड़ने लगे हैं।
पानी के कारोबार से बढ़ी मुसीबत?
काबुल में 500 से ज्यादा बोतलबंद पानी और कोल्ड ड्रिंक कंपनियां भूजल को बेहिसाब चूस रही हैं। अलोकोजे कंपनी ही हर साल 1 अरब लीटर पानी खींच रही है। वहीं 400 हेक्टेयर में फैले ग्रीनहाउस हर साल 4 अरब लीटर पानी की खपत कर रहे हैं।
2030: काबुल छोड़ेंगे 30 लाख लोग?
काबुल की मौजूदा स्थिति को देखते हुए यह साफ है कि अगर जल्द ठोस कदम नहीं उठाया गया, तो बड़ा संकट आ सकता है। अनुमान है कि 2030 तक 30 लाख से ज्यादा लोग काबुल छोड़ने को मजबूर हो जाएंगे। यह संकट सिर्फ राजधानी तक नहीं रुकेगा। उत्तरी और पूर्वी अफगानिस्तान में सूखा, फसल की बर्बादी और पशुओं की मौत का सिलसिला शुरू हो चुका है। ऐसे में अफगानिस्तान में बड़ा खतरा मंडरा रहा है।
हालांकि एक उम्मीद अभी बाकी है। पंजशीर नदी से पानी लाने की योजना का डिजाइन तैयार है और सरकार निवेशकों की तलाश में है। अगर यह योजना समय पर लागू हो गई, तो करीब 20 लाख लोगों को जीवनदायिनी पानी मिल सकता है।


