TRENDING TAGS :
दुश्मन नहीं, ग्राहक निकला पाकिस्तान! भारत- पाक तनाव के बीच गुपचुप तरीके से हो रहा व्यापार
India Pakistan Trade 2025: भारत और पाकिस्तान के बीच रिश्तों में जबरदस्त तनाव के बावजूद दोनों देश अब भी व्यापार कर रहे हैं- वो भी तीसरे देशों जैसे दुबई, कोलंबो और सिंगापुर के जरिए।
India Pakistan trade 2025
India Pakistan Trade 2025: भारत और पाकिस्तान के बीच रिश्ते पिछले काफी दिनों से खराब है और तनाव उच्च स्तर पर है। खासतौर पर पहलगाम आतंकी हमले के बाद हुए ऑपरेशन सिंदूर से हालात ज्यादा बिगड़ गए हैं। दोनों देसों ने एक-दूसरे से सभी व्यापारिक संबंध तक खत्म करने का ऐलान किया था, लेकिन इस पर अब चौंकाने वाला खुलासा है। दरअसल, बात यह है कि दोनों देशों के बीच अब भी व्यापार जारी है और तीसरे देशों के रास्ते से हो रहा है।
इसे लेकर पाकिस्तानी अखबार डॉन ने स्टेट बैंक ऑफ पाकिस्तान (SBP) के आंकड़ों के आधार पर एक रिपोर्ट छापी है। रिपोर्ट के मुताबिक, जुलाई 2024 से मई 2025 के बीच पाकिस्तान ने भारत से 21.15 करोड़ डॉलर का सामान मंगवाया। यह तीन सालों में सबसे ज्यादा है।
क्या कहता है व्यापार का आंकड़ा?
भारत और पाकिस्तान के बीच पिछले सालों में हुए व्यापार के आंकड़े नीचे दिए गए हैं।
2022-23: भारत से आयात= 19 करोड़ डॉलर
2023-24: भारत से आयात= 20.7 करोड़ डॉलर
2024-25 (अब तक): भारत से आयात= 21.15 करोड़ डॉलर
सिर्फ मई 2025 में जब दोनों देशों के बीच तनाव चरम पर था, तब भी पाकिस्तान ने भारत से 1.5 करोड़ डॉलर का आयात किया।
व्यापार तो हो रहा है, लेकिन एकतरफा
रिपोर्ट यह भी बताती है कि पाकिस्तान भारत को बहुत ही कम मात्रा में सामान भेजता है। जिससे यह साफ है कि पाकिस्तान कई चीजों के लिए भारत पर निर्भर है, लेकिन भारत को उसकी जरूरत नहीं है।
2022-23: भारत को निर्यात= सिर्फ 3.3 लाख डॉलर
2023-24: भारत को निर्यात= 34.4 लाख डॉलर
2024-25 (अब तक): भारत को निर्यात= महज 5 लाख डॉलर
कौन हैं तीसरे देश, जिससे हो रहा भारत-पाकिस्तान के बीच व्यापार?
भारत और पाकिस्तान के बीच साल 2019 में अनुच्छेद 370 हटने के बाद से ही सीधा व्यापार बंद है, जिसके चलते दोनों देशों के बीच तीसरे देशों जैसे दुबई, कोलंबो और सिंगापुर के रास्ते से व्यापार हो रहा है। लेकिन पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए सिंधु जल संधि, वीजा और अटारी बॉर्डर से व्यापार पर भी पूरी तरह से रोक लगा दिया था। वहीं पाकिस्तान ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए भारत से व्यापार पर रोक लगा दी थी। ऐसे में दोनों देशों के बीच हुए व्यापार को लेकर एक पाकिस्तानी व्यापारी का कहना है कि मई में जो कुछ भी सामान पाकिस्तान पहुंचा है, उसका भुगतान पहले ही (ऑपरेशन सिंदूर से पहले) किया जा चुका था।


