×

Aligarh News: टोल प्लाजा पर मारपीट का लाइव वीडियो आया सामने, कर्मचारी का आरोप- प्रधान ने साइड में ले जाकर लगाया तमंचा

Aligarh News: नेशनल हाईवे-91 स्थित गभाना टोल प्लाजा पर बुलंदशहर जिले के ढकपुरा गांव के दबंग प्रधान और उसके एक दर्जन साथियों ने जमकर उत्पात मचाया। प्रधान और उसके साथियों ने टोल कर्मचारियों के साथ मारपीट की।

Lakshman Singh Raghav
Published on: 8 May 2023 9:02 PM GMT

Aligarh News: नेशनल हाईवे-91 स्थित गभाना टोल प्लाजा पर बुलंदशहर जिले के ढकपुरा गांव के दबंग प्रधान और उसके एक दर्जन साथियों ने जमकर उत्पात मचाया। प्रधान और उसके साथियों ने टोल कर्मचारियों के साथ मारपीट की। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

लाठी-डंडों और रॉड से हमला

इस घटना के वायरल वीडियो में साफतौर पर देखा जा सकता है कि दर्जन भर लोग टोल कर्मियों पर लाठी, डंडों और रॉड से हमला कर रहे हैं। आरोप है कि प्रधान ने टोल कर्मी के मुंह में तमंचा डालकर उसे जान से मारने की धमकी दी। स्कार्पियो सवार प्रधान और उसके गुर्गो द्वारा टोलकर्मी के साथ की गई पिटाई का वीडियो टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। पीड़ित टोलकर्मी मुकदमा दर्ज कराने के लिए थाने पहुंचा और प्रधान को नामजद करते हुए एक दर्जन के करीब अज्ञात साथियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया।

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस कर रही तफ्तीश

इस घटना के बाद पुलिस टोल प्लाजा से मिले सीसीटीवी फुटेज के आधार पर प्रधान और उसके साथियों को चिन्हित करते हुए मामले की जांच कर रही है। पीड़ित टोलकर्मी बुलन्दशहर जिले के थाना खुर्जा क्षेत्र के गांव मैना मोजपुर निवासी शुभम सिंह पुत्र संतोष सिंह है, जिसके साथ जमकर मारपीट की गई है। वो टोल प्लाजा पर इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन के पद पर तैनात है। वारदात रविवार की दोपहर करीब 12:00 बजे की बताई जा रही है।

गाली-गलौच से टोकने पर बढ़ी बात

जानकारी के मुताबिक बुलंदशहर जिले के थाना अरनिया क्षेत्र के ढकपुरा गांव निवासी ग्राम प्रधान कुलदीप कुमार अपने साथियों के साथ टोल प्लाजा पर पहुंचा था। बिना किसी वजह के वो लोग टोल कर्मियों से गाली-गलौच कर रहे थे। वहां टोलकर्मियों ने प्रधान को ऐसा करने से मना किया कि यहां महिलाएं भी काम करती हैं। उस वक्त तो प्रधान चला गया लेकिन थोड़ी देर बाद वो अपने दर्जन भर साथियों के साथ वहां आ धमका और मारपीट करने लगा। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर प्रधान और उसके करीब एक दर्जन साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मारपीट में घायल टोल कर्मी को मेडिकल परीक्षण के अस्पताल भेजा गया।

Lakshman Singh Raghav

Lakshman Singh Raghav

Next Story