×

Aligarh News: बारिश में मकान की छत गिरी, एक बच्चे की मौत, छह घायल

Aligarh News: वरला थाना क्षेत्र के मांजरा अलफपुर में बारिश के चलते एक नवनिर्मित मकान की छत गिर गई। इससे मकान के अंदर खेल रहे एक बच्चे की दबकर मौत हो गई। जबकि पांच अन्य घायल हो गए।

Laxman Singh Raghav
Published on: 4 May 2023 4:01 PM GMT

Aligarh News: बिन मौसम बीती मध्य रात्रि को जनपद में हुई बारिश एक परिवार पर कहर बनकर टूटी। वरला थाना क्षेत्र के मांजरा अलफपुर में बारिश के चलते एक नवनिर्मित मकान की छत गिर गई। इससे मकान के अंदर खेल रहे एक बच्चे की दबकर मौत हो गई। जबकि पांच अन्य घायल हो गए। तीन घायलों को जैन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। जानकारी मिलने पर एसडीएम और तहसीलदार ने घटनास्थल का जायजा लिया। उधर, नाराज मृतक बच्चे के परिजन उसके शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार करते नजर आए।

जल जमाव से हुआ हादसा

अलीगढ़ के अलफपुर निवासी शिव सिंह पुत्र कन्ही सिंह का नया मकान बना है। बारिश के चलते मकान की बाहरी दीवारों के किनारे पानी भर गया था। पानी भरने की वजह से दीवार और छत अचानक भराभराकर गिर गई। उस समय शिव सिंह के नाती-नातिन सहित छह बच्चे मकान के अंदर खेल रहे थे। सभी छत के मलबे की चपेट में आ गए। चीख-पुकार सुनकर लोग दौड़ कर वहां पहुंचे। मलबे में दबे बच्चों को बाहर निकाला। लेकिन 12 वर्षीय रौनक, पुत्र भूरा की मकान की छत के नीचे दबकर मौके पर मौत हो चुकी थी। जबकि रिंकी व प्रीति पुत्री भूरा, आकाश पुत्र टिंकू, लोकेश पुत्र सोनू और नीलम पुत्री महेंद्र घायल हो गए।

इसकी सूचना थाना बरला पुलिस को लगने के बाद पुलिस ने रिंकी, आकाश, लोकेश को हालत गंभीर होने पर जैन मेडिकल कॉलेज भेजा। मौके पर एसडीएम अतरौली अनिल कटियार व तहसीलदार उषा सिंह पहुंचे और परिजनों से बातचीत की। उन्होंने मृतक बच्चे के परिवारजनों को सांत्वना देने के साथ ही दैवीय आपदा के तहत ₹400000 की धनराशि स्वीकृत कराने का भरोसा दिलाया। उधर, नाराज परिजनों ने मृतक बच्चे के शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। 12 वर्षीय बच्चे की असमय मौत ने परिवार वालों को झकझोंरकर रख दिया था। रोते-बिलखते परिजनों को गांव वाले ढांढस बंधाते नजर आए। घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

Laxman Singh Raghav

Laxman Singh Raghav

Next Story