अलीगढ़-सपा, बसपा, कांग्रेस में सरकारी योजना का 15 प्रतिशत गरीब आदमी तक पहुंचता, बाकी 85 प्रतिशत खा जातेे- केशव मौर्य

Aligarh News: कहा-सपा, बसपा, कांग्रेस आईसीयू में पड़ी है। इन्हें ऑक्सीजन देने की जरूरत नहीं है। इन्हें अगर ऑक्सीजन देंगे। तो यह उत्तर प्रदेश को बर्बादी की ओर ले जाएंगे। भारतीय जनता पार्टी की आंधी चल रही है।

Laxman Singh Raghav
Published on: 5 May 2023 6:00 PM GMT

Aligarh News: उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य शुक्रवार को अलीगढ़ में अतरौली नगर पालिका के दूसरे चरण में चुनाव को लेकर भाजपा प्रत्याशी की जनसभा को संबोधित करने पहुंचे। जनसभा अतरौली नगरपालिका के करीब सब्जी मंडी चैराहे पर आयोजित की गई। इस दौरान केशव प्रसाद मौर्य ने निकाय चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र दिया। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी को जिताने की अपील करते हुए। ट्रिपल इंजन की सरकार बनाने का आह्वान किया। डिप्टी सीएम ने कहा कि राजनीतिक जीवन के लिए सौभाग्य का दिन मानता हूं। कि स्वच्छ प्रशासन के लिए कल्याण सिंह की देश भर में चर्चा होती है और उनके कर्मभूमि और जन्मभूमि पर आया हूं। उन्होंने कहा कि भाजपा के प्रत्याशी पवन वर्मा के लिए वोट मांगने आया हूं। पूरे अलीगढ़ जनपद को कमल की तरह खिलाएंगे।

वहीं फर्जी वोटर पकड़े जाने के सवाल पर कहा कि जो फर्जीगिरी करेगा, वह पकड़ा जाएगा और पुलिस, प्रशासन और आयोग सतर्क है। केरला स्टोरी फिल्म के सवाल पर कहा कि अभी देखी नहीं है। उस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं कर सकते।

वहीं शहर में मतदान का प्रतिशत कम होने के सवाल पर केशव प्रसाद ने कहा कि यह सच है कि बड़े शहर में मतदान का प्रतिशत कम रहा है। बड़े शहर में नौकरी पेशा से जुड़े लोग ज्यादा रहते हैं। वह शहरों से बाहर रहते हैं और वोट डालने वाले दिन उन्हें आना चाहिए। जिसके कारण प्रतिशत कम रहता है। उन्होंने कहा कि जहां 4 मई को मतदान हुआ है। वहां 99 प्रतिशत स्थानों पर भारतीय जनता पार्टी की विजय होगी। वहीं प्रचार प्रसार पर कहा कि चुनाव आयोग जागरूकता का प्रचार प्रसार कर रहा है। इसके अलावा वोट प्रतिशत बढ़ाने के लिए भाजपा पार्टी भी कदम बढ़ाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा के लिए जनता में जबरदस्त प्यार है।

अपने संबोधन में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि 11 मई को बाकी सब जाइएगा भूल और याद रखिये कमल का फूल। उन्होंने कहा कि सैकड़ों नगर पंचायत और नगर निगम कल्याण सिंह के नाम से जीत रहे हैं। उन्होंने कहा कि हम जाति, समुदाय, तुष्टीकरण की बात नहीं करते हैं। हम सबका साथ, सबका विकास करते हैं। भाजपा की देश और प्रदेश में जब से सरकार बनी है। सभी सरकारी योजनाओं में कोई भेदभाव नहीं किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि केन्द्र और राज्य में भारतीय जनता पार्टी की ईमानदार सरकार है। देश में 80 करोड़ लोगों को मुफ्त में अनाज मिला है। वहीं अगर सपा, बसपा, कांग्रेस वाले होते तो सौ रुपये की योजना में पचासी रुपए सब मिलकर खा जाते और 15 रुपये गरीब आदमी तक पहुंचता। उन्होंने कहा कि सपा, बसपा, कांग्रेस वाले होते तो किसान सम्मान निधि के छह हजार रुपये में 85 प्रतिशत खा जाते। लेकिन भारतीय जनता पार्टी की भ्रष्टाचार मुक्त सरकार काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि सपा, बसपा, कांग्रेस आईसीयू में पड़ी है। इन्हें ऑक्सीजन देने की जरूरत नहीं है। इन्हें अगर ऑक्सीजन देंगे। तो यह उत्तर प्रदेश को बर्बादी की ओर ले जाएंगे। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की आंधी चल रही है।

Laxman Singh Raghav

Laxman Singh Raghav

Next Story