Andhra Pradesh Acid Attack: दूसरी लड़की से एक्स बॉयफ्रेंड रचा रहा था शादी तभी पहुंची महिला और कर दिया एसिड अटैक, जानिए क्या है मामला

Andhra Pradesh Acid Attack: आंध्र प्रदेश के नंदलूर में एक महिला ने एक्स बॉयफ्रेंड पर तेजाब फेंक दिया, क्योंकि वो उसे धोखा देकर दूसरी लड़की से शादी कर रहा था। इस हमले के बाद शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई।

Update: 2024-08-12 13:52 GMT

Andhra Pradesh Acid Attack

Andhra Pradesh Acid Attack: आंध्र प्रदेश के नंदलूर में एसिड अटैक का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां 44 वर्षीय एक विधवा महिला ने अपने एक्स बॉयफ्रेंड पर इसलिए तेजाब फेंक दिया क्योंकि वो उसे धोखा देकर दूसरी लड़की से शादी रचा रहा था। एसिड अटैक के बाद शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई। वहीं बॉयफ्रेंड ने भी पलटवार करते हुए महिला पर चाकू से हमला बोल दिया, जिसमें वो जख्मी हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के मुताबिक, तिरुपति की रहने वाली जया नामक महिला सॉफ्टवेयर इंजीनियर रह चुकी है। उसका एक 22 वर्षीय बेटा है। पति की मौत के बाद वो शेख सैयद (32) नामक युवक के साथ रिलेशन में थी। दोनों करीब 10 साल तक एक-दूसरे के साथ रहे। इस बीच शेख नौकरी करने के लिए कुवैत चला गया। वो वहां चार साल तक रहा। वहां से जब वह वापस लौटा तो परिजनों के दबाव में आकर दूसरी लड़की से शादी के लिए तैयार हो गया। रविवार को करीब 11 बजे नंदलूर मंडल के अरवापल्ली गांव में शेख सैयद की शादी की तैयारी चल रही थी। मेहमान और परिवार के लोग एकत्रित थे। इसी बीच महिला वहां चली आई और शादी का विरोध करने लगी। दोनों के बीच जमकर झगड़ा हुआ। शेख ने साफ कह दिया कि वो अब जया के साथ नहीं रहेगा। इससे गुस्से में आकर महिला ने बाथरूम साफ करने वाले एसिड से उसके उपर हमला कर दिया, जो शेख की चाची के उपर गिर गया।

इसके बाद शेख सैयद ने पलटवार करते हुए चाकू से जया पर हमला कर दिया। इसमें उसे मामूली चोट भी लगी है। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर जया और शेख के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया। दोनों को गिरफ्तार कर पुलिस मामले की जांच कर रही है। फिलहाल शेख की शादी रद्द कर दी गई है।

यूपी के आगरा में आया था ऐसा मामला

पिछले महीने इसी तरह का एक मामला यूपी के आगरा से सामने आया था। यहां एक महिला ने एकतरफा प्यार में प्रेमी पर एसिड से हमला कर दिया था। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद आरोपी महिला को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। एसिड अटैक से घायल शख्स का नाम हेमशंकर है। हेमशंकर की खंदारी में दोने और पत्तल की दुकान है। करीब 6 महीने आसमा नामक महिला उसके पास दुकान पर सामान खरीदने आई थी। सामान खरीदने के दौरान दोनों के बीच संपर्क हो गया। दोनों आपस में बात करने लगे। आसमा तीन बच्चों की मां है। वो दिल ही दिल में हेमशंकर से प्यार करने लगी। हाल ही में हेमशंकर की शादी तय हो गई, जिसकी जानकारी आसमां को हुई तो वो उसका विरोध करने लगी। शादी तोड़ने की बात कहने लगी।

शुरुआत में हेमशंकर ने उसकी बात को मजाक समझा। लेकिन बाद उसे समझ आया कि मामला गंभीर है। उसने उससे कहा कि वो तीन बच्चों की मां है। ऐसे में उसके परिजन उससे शादी के लिए तैयार नहीं होंगे। इससे नाराज होकर आसमां ने उस पर एसिड से हमला कर दिया। जिससे हेमशंकर के चेहरे पर जगह-जगह गहरे जख्म हो गए। इसके बाद आरोपी महिला मौके से फरार हो गई, लेकिन पुलिस ने उसका फोन नंबर सर्विलांस पर लगाकर पकड़ लिया।

Tags:    

Similar News