Lockdown के बीच अक्षय तृतीया पर सोना खरीदने का सबसे लाभकारी पल, रखना होगा ध्यान

अक्षय तृतीया के दिन शुभ मुहूर्त में किया गया मांगलिक काम शुभ फल देता है। इस दिन लक्ष्मी की कृपा बरसे इसके लिए जानिए शुभ मुहूर्त।

Published By :  Suman Mishra | Astrologer
Update: 2021-05-14 02:47 GMT

डिजाइन फोटो( सौजन्य से सोशल मीडिया)

लखनऊ: आज वैशाख माह (Vaishakh Month) की अक्षय तृतीया (Akshaya Tritiya) तिथि है। इस दिन शुभ मुहूर्त में किया गया मांगलिक काम शुभ फल देता है। इस बार इस दिन ग्रहों की स्थिति अत्यंत शुभ है। इसी दिन सूर्य का राशि परिवर्तन होने के साथ बुध के संयोग से बुधादित्य योग बन रहा है। साथ ही शुक्र अपनी राशि वृष में रहेंगे। इससे और भी शुभ संयोग बनेगा। साथ ही चंद्रमा आज उच्च राशि वृष में रहेंगे।

 सुबह के 10.35 से 12.45 तक सोना की खरीदारी के लिए अत्यंत शुभ रहेगा। राहूकाल छोड़कर आज का पूरा दिन ही किसी भी तरह के निवेश के लिए अच्छा है। इस सुबह 05:38 बजे से दूसरे दिन सुबह 05:30 बजे तक कभी भी सोना या सोने के आभूषण खरीद सकते हैं। सोना खरीदने के लिए कुल 23 घंटे 52 मिनट का समय है।

इससे घर परिवार में धन लाभ होता है। सुख, शांति और समृद्धि बढ़ती है। साथ ही इस दिन मां लक्ष्मी की पूजा की जाए तो दोगुना फल और मां की कृपा बरसती है। ऐसा माना जाता है कि अक्षय तृतीया के दिन दान-पुण्य करने से घर में सुख समृद्धि आती है। जीवन के सभी दुख दूर होते हैं और धन की कमी भी नहीं होती है।

कांसेप्ट फोटो ( सौजन्य से सोशल मीडिया)

महत्व

इस दिन किया गया हर काम शुभ और क्षयरहित रहता है। धर्मानुसार यह दिन बहुत शुभ होता है। इस तिथि को ही द्वापर युग का अंत और सतयुग और त्रेतायुग का प्रारंभ हुआ था। वर्तमान में कलयुग की शुरूआत भी इसी दिन हुआ था। इस वह से यह युगादि तिथि भी कहा जाता है।

अक्षय तृतीया के मुहूर्त को अबूझ भी कहते हैं और शादी, सगाई, मुंडन आदि शुभ काम इस दिन किए जाते हैं। इस दिन किया गया काम कई गुणा फल देता है। लोग इस दिन आभूषणों को खरीदते हैं।इस शुभ तिथि को दान-पुण्य का भी महत्व है। जल से भरा घड़ा, मिठाई,शक्कर, कपड़े, नमक, चावल, सोना-चांदी का दान करने से भी शुभ रहता है। धर्मानुसार अक्षय तृतीया के दिन जो भी खरीदे वो कभी नष्ट नहीं होते हैं। इसलिए इस दिन लोग नए काम की शुरुआत करने के साथ ही बर्तन, सोना, चांदी की खरीदारी करते हैं।

कांसेप्ट फोटो ( सौजन्य से सोशल मीडिया)

 ऐसे करें शुभ समय में खरीदारी

इस साल भी पिछले साल की तरह कोरोना की वजह से हर तरफ लॉकडाउन लगा है और आप उदास है कि इस बार इस तिथि को सोना या चांदी नहीं खरीद पाएँगे तो परेशान नहीं हों। आज के डिजिटल दुनिया में हर चीज का समाधान है। आज के लिए आपके जान पहचान के ज्वैलरी शॉप हो या बड़ी कंपनियां अपने ग्राहकों के लिए कुछ ऑफर लाई है जिसमें आप खरीदारी कर सकते हैं और डिलिवरी लॉकडाउन के बाद ले सकते हैं। मतलब ये कि अक्षय तृतीया के दिन ग्राहक ऑनलाइन खरीदारी कर सोना ले सकते हैं। इसका पेमेंट कर दें और जब लॉकडाउन खत्म होगा, तब उसकी डिलीवरी ले लें।

इस साल अक्षय तृतीया पारंपरिक ज्वैलर्स के लिए फीका रहेगा। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार समेत देश के कई राज्यों में इस समय सख्त लॉकडाउन है। ऐसे में सिर्फ जरूरी सामानों की खरीद हो रही है तो ऐसे में सोना-चांदी के दुकानों के खुलने का सवाल ही नहीं है। वैसे अगर थोड़ा विश्वास करके इस अवसर पर सोना खरीदे तो यह समय एकदम सही है क्योंकि आने वाले दिनों में सोना महंगा ही होगा।

Tags:    

Similar News