अनंत सिंह की बेटी की शादी में कितने लाख रसगुल्ले? पाइप-लाइन से हो रही दूध की सप्लाई
बिहार के मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी में करीब 4 लाख मेहमानों के पहुंचने की उम्मीद है।
Anant Singh: बिहार के मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी इन दिनों अपने मेहमानों और शाही इंतजामों को लेकर चर्चा में है। शादी में करीब 4 लाख लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। मेहमानों के लिए 150 से ज्यादा तरह के पकवान तैयार किए जा रहे हैं। लेकिन इस पूरे आयोजन में सबसे ज्यादा सुर्खियां बटोर रहे हैं रसगुल्ले।
दावा है कि मेहमानों की खातिरदारी के लिए 20 लाख से ज्यादा रसगुल्ले बनाए जा रहे हैं। इन लाखों रसगुल्लों को तैयार करने के लिए 15 टैंकर दूध मंगाया गया है। दूध की मात्रा इतनी ज्यादा है कि उसे आयोजन स्थल तक पहुंचाने के लिए पाइपलाइन का सहारा लिया जा रहा है।
रसगुल्लों के लिए दूध की पाइप से हो रही सप्लाई
शादी में मिठाइयों की तैयारी किसी बड़े कारखाने जैसी दिखाई दे रही है। बताया जा रहा है कि अकेले रसगुल्ले बनाने के लिए 15 टैंकर दूध की व्यवस्था की गई है। इतनी बड़ी मात्रा में दूध को एक जगह से दूसरी जगह पहुंचाना भी आयोजकों के लिए बड़ी चुनौती है। इसके लिए पानी की सप्लाई में इस्तेमाल होने वाले पाइप के जरिए दूध पहुंचाया जा रहा है।
20 लाख से ज्यादा रसगुल्लों की तैयारी और दूध की इस अनोखी सप्लाई व्यवस्था ने शादी को चर्चा का विषय बना दिया है। मेहमानों के लिए खाने-पीने के इंतजाम में किसी तरह की कमी न रह जाए, इसके लिए बड़े स्तर पर तैयारी की गई है।
4 लाख मेहमानों के लिए 150 से ज्यादा पकवान
अनंत सिंह की बेटी की शादी में मेहमानों की संख्या करीब 4 लाख रहने की उम्मीद है। इतनी बड़ी भीड़ के लिए भोजन तैयार करना और उसे परोसना अपने आप में बड़ा इंतजाम है। इसके लिए अलग-अलग रसोई तैयार की गई हैं, जहां 150 से ज्यादा तरह के व्यंजन बनाए जाएंगे।
आयोजन के लिए करीब 25 बीघे जमीन पर अलग-अलग व्यवस्था की गई है। इसमें पांच बीघे जमीन पर मेहमानों के भोजन का इंतजाम है, जबकि 10 बीघे में फिल्मी दुनिया से जुड़े कार्यक्रमों की व्यवस्था की गई है। वहीं, पांच बीघे जमीन पर शादी का मंडप तैयार किया गया है। पूरे आयोजन को संभालने के लिए अलग-अलग टीमें लगाई गई हैं।
धूप निकलने के बाद मिली राहत
शादी की तैयारियों के बीच मौसम ने भी आयोजकों की चिंता बढ़ा दी थी। लगातार तीन दिनों तक हुई बारिश के कारण आयोजन स्थल पर पानी और कीचड़ जमा हो गया था। इससे घुड़दौड़ और हेलीकॉप्टर के जरिए मेहमानों के आने की व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे थे।
हालांकि, सोमवार को मौसम साफ होने और धूप निकलने के बाद तैयारियों ने फिर रफ्तार पकड़ ली। अनंत सिंह ने भी साफ कर दिया है कि शादी के कार्यक्रम तय योजना के मुताबिक ही होंगे।
25 नवंबर को शिवांगी की शादी
अनंत सिंह की छोटी बेटी शिवांगी सिंह की शादी 25 नवंबर को उनके पैतृक गांव नदवां में ऋषिकेश कुमार उर्फ अंकित के साथ होनी है। इससे पहले 20 नवंबर को तिलक और फलदान की रस्म पूरी हो चुकी है। अब 23 नवंबर को हल्दी और 24 नवंबर को मेहंदी और संगीत का कार्यक्रम रखा गया है।
इस शादी में परिवार का एक और खास कार्यक्रम भी शामिल है। 25 नवंबर को ही अनंत सिंह के छोटे बेटे अभिनव कुमार का उपनयन संस्कार यानी जनेऊ भी होना है। इस तरह एक ही दिन परिवार में शादी और जनेऊ दोनों कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
दामाद को डिफेंडर और बेटे के लिए BMW की चर्चा
शादी के इंतजामों के साथ-साथ महंगे तोहफों को लेकर भी खूब चर्चा हो रही है। तिलक समारोह में होने वाले दामाद ऋषिकेश कुमार को करीब 2.5 से 3 करोड़ रुपये कीमत की लैंड रोवर डिफेंडर गाड़ी उपहार में देने की चर्चा रही। वहीं, छोटे बेटे अभिनव कुमार के लिए करीब एक करोड़ रुपये की BMW कार की बात भी सामने आई है।
20 लाख से ज्यादा रसगुल्ले, 15 टैंकर दूध, 150 से ज्यादा पकवान, करीब 4 लाख मेहमान और करोड़ों रुपये की गाड़ियों की चर्चा ने शिवांगी सिंह की शादी को बिहार के चर्चित आयोजनों में शामिल कर दिया है। अब सबकी नजर 25 नवंबर को होने वाले शादी समारोह पर है।