'बिहार है तैयार, जी आयां नू', गुरु गोविंद सिंह जी के 360वें प्रकाश पर्व पर होगा भव्य आयोजन
Bihar News: पटना में गुरु गोविंद सिंह जी के 360वें प्रकाश पर्व की तैयारियां तेज, 20 हजार श्रद्धालुओं के लिए टेंट सिटी और कंगन घाट पर 1,000 ड्रोन शो की तैयारी।
Bihar News: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने श्री गुरु गोविंद सिंह जी महाराज के 360वें प्रकाश पर्व के आयोजन को 350वें प्रकाश पर्व की तर्ज पर भव्य और ऐतिहासिक बनाने के निर्देश दिए हैं। शनिवार को लोक सेवक आवास स्थित 'संकल्प' सभागार में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में उन्होंने अधिकारियों से आयोजन की तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करने को कहा। साथ ही देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को निःशुल्क रेलवे, हवाई और बस सेवा उपलब्ध कराने के लिए केंद्र सरकार तथा अन्य राज्यों के साथ समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 360वें प्रकाश पर्व के अवसर पर देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उनके आने-जाने, ठहरने, भोजन, साफ-सफाई, सुरक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
मुख्यमंत्री ने श्री गुरु गोविंद सिंह जी महाराज के 360वें प्रकाश पर्व के आयोजन को लेकर अधिकारियों को सभी आवश्यक तैयारियां समयबद्ध एवं सुव्यवस्थित ढंग से पूरी करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्रकाश पर्व में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना को देखते हुए उनकी सुविधा, सुरक्षा एवं सम्मान का विशेष ध्यान रखा जाए।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि प्रकाश पर्व के दौरान श्रद्धालुओं के आवागमन, यातायात प्रबंधन, स्वच्छता, पेयजल, स्वास्थ्य, प्रकाश व्यवस्था, आवासन एवं सुरक्षा सहित सभी आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। रेलवे स्टेशन, बस पड़ाव एवं अन्य प्रमुख स्थानों पर भी श्रद्धालुओं की सुविधाओं एवं सुरक्षा के लिए आवश्यक इंतजाम किए जाएं।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आयोजन से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा विभिन्न विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित की जाएं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री गुरु गोविंद सिंह जी महाराज का जीवन त्याग, साहस, सेवा, मानवता और धर्म की रक्षा का अद्वितीय संदेश देता है। उनके 360वें प्रकाश पर्व का आयोजन पूरी श्रद्धा, भव्यता और गरिमा के साथ किया जाना चाहिए। राज्य सरकार इस पावन अवसर को यादगार बनाना चाहती है।