PM मोदी के मंच पर दिखेंगे तेजस्वी यादव? मिला न्योता, नीतीश सेतु के लोकार्पण पर बढ़ा सस्पेंस
Nitish Setu Inauguration: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की वैशाली रैली में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को भी न्योता मिला है। पीएम 34,470 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे। इसी दौरान विवादों में रहे नीतीश सेतु का लोकार्पण भी होगा। जानिए तेजस्वी के शामिल होने पर क्यों बना सस्पेंस।
Image Source- Social Media
Nitish Setu Inauguration: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की शनिवार को बिहार के वैशाली जिले में होने वाली जनसभा को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। इस सभा में बिहार के नेता प्रतिपक्ष और राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव को भी आमंत्रित किया गया है। खास बात यह है कि तेजस्वी यादव को राघोपुर के विधायक के तौर पर प्रधानमंत्री के साथ मंच साझा करने के लिए बुलाया गया है। हालांकि, वह इस कार्यक्रम में शामिल होंगे या नहीं, इस पर अभी सस्पेंस बना हुआ है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस जनसभा के दौरान बिहार को 34,470 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं की सौगात देंगे। इनमें पटना के कच्ची दरगाह से वैशाली जिले के राघोपुर होते हुए बिदुपुर तक बने सिक्स लेन पुल (Six Lane Bridge) का औपचारिक लोकार्पण भी शामिल है। सम्राट सरकार ने हाल ही में इस पुल का नाम नीतीश सेतु (Nitish Setu) रखा है। पुल के नामकरण को लेकर पहले से ही सियासत गर्म है और तेजस्वी यादव इस पर अपनी आपत्ति जता चुके हैं।
तेजस्वी यादव को क्यों मिला न्योता?
तेजस्वी यादव राघोपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सभा में उन्हें इसी क्षेत्र के जनप्रतिनिधि के तौर पर आमंत्रित किया गया है। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री के साथ मंच साझा करने के लिए तेजस्वी को न्योता दिया गया है।
हालांकि, तेजस्वी यादव इस कार्यक्रम में शामिल होंगे या नहीं, इसकी आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है। राष्ट्रीय जनता दल की ओर से भी इस बारे में कोई औपचारिक बयान नहीं दिया गया है। ऐसे में सबकी नजर इस बात पर है कि क्या तेजस्वी प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में पहुंचेंगे या इससे दूरी बनाए रखेंगे।
नीतीश सेतु के लोकार्पण पर भी रहेगी नजर
प्रधानमंत्री मोदी की सभा का एक बड़ा आकर्षण कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्स लेन पुल का लोकार्पण होगा। इस पुल को सम्राट सरकार ने हाल ही में नीतीश सेतु नाम दिया है। पुल के नामकरण को लेकर तेजस्वी यादव ने आपत्ति जताई है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि इसका नाम स्वतंत्रता सेनानी अक्षयवट राय के नाम पर रखा जाए।
तेजस्वी ने इस मुद्दे पर तंज कसते हुए कहा है कि भाजपा के मुख्यमंत्री वाली एनडीए सरकार ने पुल का नाम नीतीश सेतु रखकर जेडीयू अध्यक्ष नीतीश कुमार की उनके जीवित रहते ही कथित तौर पर राजनीतिक विदाई कर दी है। ऐसे में जिस पुल के नामकरण को लेकर राजनीतिक विवाद चल रहा है, उसी का लोकार्पण प्रधानमंत्री करने जा रहे हैं।
पहले चरण का काम पिछले साल ही हो गया था पूरा
कच्ची दरगाह से बिदुपुर तक बने इस सिक्स लेन पुल का पहला चरण पिछले साल ही शुरू हो गया था। पहले चरण में कच्ची दरगाह से राघोपुर तक के हिस्से का उद्घाटन किया गया था। वहीं दूसरे चरण में राघोपुर से बिदुपुर सेक्शन का काम हाल ही में पूरा हुआ है। अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस हिस्से का औपचारिक लोकार्पण करेंगे।
यह पुल गंगा नदी के दियारा इलाके में बसे राघोपुर को राजधानी पटना से जोड़ता है। इसके बनने से इलाके के लोगों को साल के सभी 12 महीने सीधा और सुरक्षित सड़क संपर्क मिल सकेगा। पहले यहां के लोगों को आने-जाने के लिए नावों और पीपा पुल (Pontoon Bridge) का सहारा लेना पड़ता था। बारिश और बाढ़ के समय संपर्क टूटने की समस्या भी बनी रहती थी।
उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच आवागमन होगा आसान
नीतीश सेतु के पूरी तरह चालू होने से उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच संपर्क और मजबूत होगा। उत्तर बिहार के अलग-अलग इलाकों से राजधानी पटना पहुंचना पहले के मुकाबले आसान हो जाएगा। पुल के चालू होने से मिथिला और तिरहुत क्षेत्र का राजधानी से सीधा संपर्क भी स्थापित होगा।
इसके अलावा जेपी सेतु और गांधी सेतु पर वाहनों का दबाव कम होने की उम्मीद है। इस तरह यह पुल केवल राघोपुर के लोगों के लिए ही नहीं, बल्कि बिहार के कई क्षेत्रों के लिए आवागमन का एक महत्वपूर्ण रास्ता बनेगा।
सम्राट चौधरी के साथ मंच साझा करेंगे PM मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वैशाली जिले के जाफरपट्टी गांव में 21 नवंबर को जनसभा को संबोधित करेंगे। इस कार्यक्रम में बिहार के राज्यपाल सैयद अता हसनैन और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी प्रधानमंत्री के साथ मंच पर मौजूद रहेंगे। प्रधानमंत्री आखिरी बार सम्राट कैबिनेट के शपथ ग्रहण समारोह में बिहार आए थे।
इस सभा में केंद्र और बिहार सरकार के कई बड़े नेता भी शामिल होंगे। ऐसे में तेजस्वी यादव को भेजे गए निमंत्रण और उनके कार्यक्रम में शामिल होने को लेकर राजनीतिक चर्चा बनी हुई है।
PM मोदी की सभा में ये बड़े नेता भी रहेंगे मौजूद
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसभा में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, जीतन राम मांझी, ललन सिंह, गिरिराज सिंह, चिराग पासवान, रामनाथ ठाकुर, नित्यानंद राय, सतीश चंद्र दुबे और राजभूषण चौधरी मौजूद रहेंगे।
इसके अलावा बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी और बिजेंद्र यादव, स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार, एससी-एसटी मंत्री लखेंद्र रौशन, पीएचईडी मंत्री संजय सिंह और पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश भी कार्यक्रम में शामिल होंगे।
सभा में राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा, वैशाली की सांसद वीणा देवी, हाजीपुर के विधायक अवधेश सिंह, वैशाली के विधायक सिद्धार्थ पटेल, लालगंज के विधायक संजय सिंह और राजापाकर के विधायक महेंद्र राम भी मौजूद रहेंगे।
वहीं, जेडीयू प्रदेश अध्यक्ष और महनार विधायक उमेश कुशवाहा, एमएलसी भूषण कुमार, नरेंद्र प्रसाद सिंह और बंशीधर ब्रजवासी को भी कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया है।
तेजस्वी के आने पर टिकी निगाहें
प्रधानमंत्री मोदी की वैशाली रैली में एक तरफ 34,470 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन होना है, तो दूसरी तरफ नीतीश सेतु का लोकार्पण भी राजनीतिक चर्चा के केंद्र में है। तेजस्वी यादव को राघोपुर विधायक के तौर पर न्योता मिलने के बाद यह देखना दिलचस्प होगा कि वह इस कार्यक्रम में शामिल होते हैं या नहीं। फिलहाल आरजेडी की ओर से उनकी मौजूदगी को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।