भारत से अब दोस्ती की भीख मांग रहा पाकिस्तान! हिंदुस्तान की धरती पर आते ही बदले पाकिस्तानी मंत्री के सुर

एससीओ सभ्यतागत संवाद मंच में शामिल होने दिल्ली पहुंचे पाकिस्तानी मंत्री मुसादिक मसूद मलिक ने देशों के बीच आपसी समझ बढ़ाने की बात कही।

Update:2026-11-20 22:08 IST

India-Pakistan: पाकिस्तान की ओर से भारत के खिलाफ अक्सर तल्ख बयानबाजी देखने को मिलती है, लेकिन जब उसके मंत्री मुसादिक मसूद मलिक दिल्ली पहुंचे तो उनके सुर कुछ बदले-बदले नजर आए। भारत की मेजबानी में आयोजित एससीओ सभ्यतागत संवाद मंच में शामिल होने आए पाकिस्तानी मंत्री ने यहां देशों के बीच आपसी समझ बढ़ाने, एक-दूसरे के नजरिए को समझने और बातचीत आगे बढ़ाने की जरूरत पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि जब तक देश एक-दूसरे की बात और सोच को समझने की कोशिश नहीं करेंगे, तब तक बातचीत आगे नहीं बढ़ सकती। पाकिस्तान के मंत्री की ये बातें ऐसे मंच पर आई हैं, जहां भारत और पाकिस्तान जैसे देशों के बीच रिश्तों को लेकर भी चर्चा हो रही है।

भारत आकर पाकिस्तान के मंत्री ने दिया बातचीत का संदेश

दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुसादिक मसूद मलिक ने कहा कि अलग-अलग देशों से आए प्रतिनिधि एक-दूसरे की बातें सुनेंगे और उम्मीद है कि इससे आपसी समझ बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि हर देश को दूसरे देश के नजरिए को समझने की कोशिश करनी चाहिए। अगर कोई देश हर मुद्दे को सिर्फ अपने नजरिए से देखेगा और दूसरे पक्ष की बात समझने की कोशिश नहीं करेगा, तो बातचीत आगे कैसे बढ़ेगी?

मलिक ने कहा कि संवाद के लिए अपना नजरिया बड़ा करना जरूरी है। इसके लिए सबसे अहम बात यह है कि हम दूसरे व्यक्ति या देश के विचारों को भी समझें। उनके मुताबिक, आपसी समझ के बिना किसी भी बातचीत को आगे बढ़ाना मुश्किल है।

भारत-पाकिस्तान रिश्तों पर भी जताई उम्मीद

जब पाकिस्तानी मंत्री से भारत और पाकिस्तान के रिश्तों में सुधार की संभावना को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने उम्मीद जताई कि क्षेत्र के सभी देशों के बीच संबंध बेहतर होंगे। मलिक ने कहा कि इस क्षेत्र में भू-राजनीतिक हालात तेजी से बदल रहे हैं। ऐसे में देशों को व्यापक नजरिया अपनाना होगा और राजनीतिक, सामाजिक समेत सभी अहम मुद्दों पर ध्यान देना होगा।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र के देशों को मिलकर साझा एजेंडे को आगे बढ़ाना चाहिए। मलिक ने उम्मीद जताई कि इस तरह की बातचीत से आपसी संबंध मजबूत होंगे और क्षेत्र के हितों से जुड़े मुद्दों पर आगे बढ़ने का रास्ता खुलेगा।

पुरानी दिल्ली में सभ्यता और संस्कृति की बातें करते दिखे पाकिस्तानी मंत्री

मुसादिक मलिक ने दिल्ली के पुराना किला में 20 से 22 नवंबर तक आयोजित पहले एससीओ सभ्यतागत संवाद मंच को एक बड़ा अवसर बताया। उन्होंने कहा कि संस्कृति और सभ्यताएं किसी देश की सीमाओं तक सीमित नहीं होतीं। ऐसे मंच देशों को अपने इतिहास, भूगोल, संस्कृति और सभ्यता पर एक-दूसरे से बातचीत करने का मौका देते हैं।

उन्होंने कहा कि अलग-अलग देशों के बीच सभ्यताओं को लेकर बहुपक्षीय संवाद होना जरूरी है। मलिक के मुताबिक, इस तरह के आयोजन एक-दूसरे को समझने और साझा इतिहास से जुड़े पहलुओं पर चर्चा करने का अवसर देते हैं।

भारत की मेजबानी में जुटे एससीओ देश

तीन दिनों तक चलने वाला यह एससीओ सभ्यतागत संवाद मंच भारत की मेजबानी में आयोजित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य एससीओ सदस्य देशों के बीच सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देना, आपसी समझ मजबूत करना और लोगों के बीच संपर्क बढ़ाना है। पाकिस्तान के संघीय मंत्री मुसादिक मसूद मलिक अपने देश के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे हैं।

इस मंच पर पाकिस्तान के मंत्री ने बार-बार आपसी समझ, बातचीत और दूसरे देशों के नजरिए को महत्व देने की बात कही। उनकी अपील का संदेश साफ है कि क्षेत्र में बेहतर संबंध बनाने के लिए सभी देशों को एक-दूसरे की बात सुननी होगी। हालांकि, सिर्फ मंच से दिए गए ऐसे संदेशों से भारत-पाकिस्तान रिश्तों में सुधार का रास्ता कितना आगे बढ़ेगा, यह आने वाला वक्त ही बताएगा।

Tags:    

Similar News