चले थे हाथ काटने! अब जब भारत में ही आतंकवाद पर पूछे सवाल, तो पाकिस्तानी मंत्री की सिट्टी पिट्टी हुई गुम
पाकिस्तान के मंत्री मुसादिक मसूद मलिक से नई दिल्ली में सीमा पार आतंकवाद पर सवाल पूछा गया, लेकिन उन्होंने सीधा जवाब नहीं दिया।
Musadik Masood Malik: पाकिस्तान के मंत्री मुसादिक मसूद मलिक भारत तो आ गए, लेकिन जब उनसे सीमा पार आतंकवाद को लेकर सवाल पूछा गया तो वह सीधा जवाब देने से बचते नजर आए। नई दिल्ली में आयोजित शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के पहले सभ्यतागत संवाद मंच में पहुंचे पाकिस्तानी मंत्री से जब पाकिस्तान की जमीन से फैलने वाले आतंकवाद पर सवाल किया गया, तो उन्होंने इस मुद्दे पर कुछ भी साफ कहने के बजाय अगले दिन जवाब देने की बात कह दी।
खास बात यह है कि यही मुसादिक मलिक पहले भारत के साथ सिंधु जल संधि के मुद्दे पर हाथ काटने जैसी धमकी दे चुके हैं। लेकिन भारत में आतंकवाद पर सवाल हुआ तो उन्होंने मुद्दे से ध्यान हटाकर संस्कृति और सभ्यता की बातें शुरू कर दीं।
आतंकवाद पर सवाल हुआ तो बोले- कल बयान दूंगा
पाकिस्तान के मंत्री मुसादिक मसूद मलिक शुक्रवार को नई दिल्ली में शुरू हुए तीन दिवसीय सभ्यतागत संवाद मंच में अपने देश के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे थे। इसी दौरान उनसे भारत की उस चिंता को लेकर सवाल किया गया, जिसमें पाकिस्तान की जमीन से सीमा पार आतंकवाद को बढ़ावा दिए जाने का मुद्दा लगातार उठता रहा है।
इस सवाल पर पाकिस्तानी मंत्री ने कोई सीधा जवाब नहीं दिया। उन्होंने कहा, 'मुझे लगता है कि कल एक बार जब मैं अपना बयान दे दूंगा, तो हमारे बीच इस मुद्दे पर काफी बातचीत होगी।' यानी आतंकवाद से जुड़े सीधे सवाल का जवाब देने के बजाय उन्होंने इसे अगले दिन के लिए टाल दिया।
भारत के पानी को लेकर दे चुके हैं हाथ काटने की धमकी
मुसादिक मलिक का नाम इससे पहले भी भारत के साथ सिंधु जल संधि को लेकर दिए गए बयान के कारण चर्चा में रहा है। उन्होंने पाकिस्तान के पानी में दखल देने की कोशिश करने वालों को हाथ काटने की धमकी दी थी। अब वही मंत्री जब भारत पहुंचे और उनसे पाकिस्तान से होने वाले सीमा पार आतंकवाद पर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने सीधे जवाब देने के बजाय बातचीत को संस्कृति और सभ्यता की ओर मोड़ दिया।
तीन साल बाद भारत आया पाकिस्तान का कोई मंत्री
मुसादिक मसूद मलिक का भारत दौरा इसलिए भी अहम है, क्योंकि तीन साल बाद पाकिस्तान का कोई मंत्री भारत आया है। इससे पहले मई 2023 में पाकिस्तान के तत्कालीन विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो जरदारी शंघाई सहयोग संगठन की बैठक में शामिल होने के लिए भारत आए थे।
मुसादिक मलिक 20 से 22 नवंबर तक नई दिल्ली में आयोजित तीन दिवसीय सभ्यतागत संवाद मंच में हिस्सा ले रहे हैं। इस मंच का उद्देश्य संगठन के सदस्य देशों, पर्यवेक्षक देशों और संवाद साझेदारों के बीच सांस्कृतिक आदान-प्रदान, आपसी समझ और लोगों के बीच संपर्क को बढ़ावा देना है।
भारत लगातार अंतरराष्ट्रीय मंचों पर पाकिस्तान की जमीन से होने वाले सीमा पार आतंकवाद का मुद्दा उठाता रहा है। ऐसे में नई दिल्ली में आयोजित इस मंच पर पाकिस्तानी मंत्री से जब इसी मुद्दे पर सवाल किया गया, तो उनका सीधा जवाब न देना चर्चा का विषय बन गया।